सियाम ने जारी की Q2 FY27 बिक्री रिपोर्ट
- फोटो : एआई जनरेटेड
पैसेंजर व्हीकल बिक्री में महाराष्ट्र ने मारी बाजी
- जुलाई-सितंबर तिमाही के दौरान पूरे भारत में कुल 13.61 लाख पैसेंजर वाहनों की बिक्री हुई है। क्षेत्रों के हिसाब से देखें तो इसमें पश्चिमी क्षेत्र का योगदान सबसे अधिक 4.29 लाख यूनिट रहा है।
- वहीं, अगर राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की बात करें तो इस तिमाही के दौरान 1.65 लाख यूनिट की बिक्री के साथ महाराष्ट्र पैसेंजर वाहनों की बिक्री में शीर्ष पर रहा।
- महाराष्ट्र के बाद इस सूची में उत्तर प्रदेश, गुजरात, तमिलनाडु और कर्नाटक का स्थान रहा।
दोपहिया वाहनों में कौन-रहा नंबर वन?
- वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही में देश भर में दोपहिया वाहनों की कुल बिक्री 64.33 लाख यूनिट दर्ज की गई। इसमें भी पश्चिमी क्षेत्र का योगदान सबसे ज्यादा 21.13 लाख यूनिट रहा।
- राज्यों की सूची में 7.89 लाख यूनिट की जबरदस्त बिक्री के साथ उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा दोपहिया बाजार बनकर उभरा है। इस सेगमेंट में महाराष्ट्र दूसरे स्थान पर रहा, जिसके बाद तमिलनाडु, गुजरात और कर्नाटक ने अपनी जगह बनाई।
थ्री-व्हीलर में भी रहा यूपी का दबदबा
- इंडस्ट्री के आंकड़ों के अनुसार, जुलाई-सितंबर की अवधि में तिपहिया वाहनों की कुल बिक्री 2.85 लाख यूनिट तक पहुंच गई है। क्षेत्रीय आधार पर इसमें दक्षिणी क्षेत्र 0.96 लाख यूनिट की मांग के साथ सबसे आगे रहा।
- राज्यों की बात करें तो उत्तर प्रदेश 0.34 लाख यूनिट की बिक्री के साथ तिपहिया वाहनों के सेगमेंट में भी सबसे ऊपर रहा। इसके बाद गुजरात, कर्नाटक, बिहार और तमिलनाडु का नंबर आता है।
कमर्शियल वाहनों में कौन रहा सबसे आगे?
- दूसरी तिमाही में कमर्शियल वाहन यानी ट्रक, बस आदि की बात करें तो इसमें कुल बिक्री 3.09 लाख यूनिट रही, जिसमें पश्चिमी क्षेत्र का हिस्सा सबसे अधिक 1.13 लाख यूनिट दर्ज किया गया। इस तिमाही के दौरान महाराष्ट्र में देश में सबसे अधिक 0.46 लाख कमर्शियल वाहनों की बिक्री हुई। कमर्शियल वाहनों के प्रमुख बाजारों में महाराष्ट्र के बाद तमिलनाडु, गुजरात, उत्तर प्रदेश और कर्नाटक का स्थान रहा।
पहली बार 5 लाख के पार निकली कारों की बिक्री
- दूसरी तिमाही के बाद अक्तूबर में भी भारतीय ऑटोमोबाइल उद्योग ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस महीने पैसेंजर वाहनों की बिक्री पहली बार पांच लाख यूनिट के आंकड़े को पार कर गई।
- इस कैटेगरी में कार व एसयूवी शामिल हैं। अक्तूबर में बिक्री का पांच लाख यूनिट से ऊपर पहुंचना भारतीय कार बाजार के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।