सितंबर में भारतीय ऑटो बाजार में नई कारों की बंपर एंट्री होने वाली है। इस महीने बजट कारों के शौकीनों से लेकर प्रीमियम, लग्जरी और इलेक्ट्रिक व्हीकल (ईवी) खरीदारों के लिए ढेरों विकल्प पेश किए जाएंगे। किआ, मारुति सुजुकी, बीएमडब्ल्यू, पोर्श और स्कोडा जैसे दिग्गज ब्रांड्स इस महीने अपनी नई और अपडेटेड गाड़ियों को भारतीय बाजार में उतारने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। आइए जानते हैं सितंबर में लॉन्च होने वाली कारों की पूरी लिस्ट और उनकी मुख्य खूबियां।
चार सितंबर काे आएगी किआ सोरेंटो
सितंबर की शुरुआत किआ की फ्लैगशिप एसयूवी सोरेंट से होने वाली है। कंपनी इसे भारत में चार सितंबर को पेश करेगी।
- सेगमेंट: यह 3-रो (तीन पंक्ति वाली) प्रीमियम एसयूवी है, जो भारत में ब्रांड के पैसेंजर व्हीकल पोर्टफोलियो में कार्निवल के ऊपर पोजीशन की जाएगी।
- इंजन व पावर: कंपनी ने पुष्टि की है कि इसे भारत में डीजल और स्ट्रॉन्ग-हाइब्रिड दोनों पावरट्रेन विकल्पों के साथ पेश किया जाएगा।
- मुकाबला: यह एसयूवी मुख्य रूप से स्कोडा कोडिएक, फोक्सवैगन टायरन और जीप मेरिडियन जैसी स्थापित गाड़ियों को सीधी टक्कर देगी।
मारुति सुजुकी बलेनो फेसलिफ्ट भी देगी दस्तक?
इसी के साथ मास-मार्केट और प्रीमियम हैचबैक सेगमेंट में बड़ा अपडेट आने वाला है। मारुति सुजुकी अपनी बलेनो पांच सितंबर 2026 को लॉन्च करेगी।
- अपडेट्स: यह पूरी तरह नई पीढ़ी की कार नहीं, बल्कि एक मिड-साइकिल फेसलिफ्ट अपडेट है। इसमें नए फ्रंट-एंड डिज़ाइन, अपडेटेड व्हील्स और केबिन के अंदर नए फीचर्स व इक्विपमेंट देखने को मिलेंगे।
- इंजन: इसमें मौजूदा 1.2-लीटर पेट्रोल और सीएनजी इंजन विकल्प बने रहने की उम्मीद है।
बीएमडब्ल्यू 7 सीरीज और i7 फेसलिफ्ट भी होगी पेश?
लग्जरी कार निर्माता बीएमडब्ल्यू अपनी फ्लैगशिप सेडान रेंज को अपडेट कर रही है। यह अपने मॉडल्स को 11 सितंबर को पेश करेगी।
- प्रमुख बदलाव: सबसे बड़ा आकर्षण रिवाइज्ड इंटीरियर है, जिसमें बीएमडब्ल्यू का नया पैनोरमिक आईड्राइव (पैनोरॉमिक आईड्राइव) इंफोटेनमेंट सिस्टम शामिल किया गया है।
- इलेक्ट्रिक i7: पूरी तरह से इलेक्ट्रिक i7 के अपडेटेड मॉडल में बैटरी क्षमता, ड्राइविंग रेंज और चार्जिंग परफॉर्मेंस से जुड़े सुधार देखने को मिल सकते हैं।
पोर्श केयेन इलेक्ट्रिक भी लिस्ट में
लिस्ट में चौथे नंबर पर सुपर-लग्जरी इलेक्ट्रिक सेगमेंट में पोर्श का मॉडल है। जो कि 30 सितंबर को ग्राहकों के लिए लाया जाएगा।
खासियत: पोर्श अपनी सबसे लोकप्रिय और पहचानी जाने वाली एसयूवी केयेन का ऑल-इलेक्ट्रिक अवतार भारत में पेश करेगी। इसके भारतीय वेरिएंट्स और स्पेसिफिकेशन ग्लोबल अनवीलिंग के साथ स्पष्ट होंगे।
स्कोडा स्लाविया फेसलिफ्ट भी सितंबर रडार पर
हालांकि इसके अलावा मिड-साइज सेडान सेगमेंट के खरीदारों के लिए स्कोडा भी इस महीने बड़ा एलान कर सकती है। हाल ही में अनवील की गई स्कोडा स्लाविया फेसलिफ्ट के वेरिएंट-वाइज कीमतों की घोषणा भी सितंबर में ही होने की पूरी उम्मीद जताई जा रही है।