Renault Duster 2026 Launch: रेनो ने भारत में अपनी नई डस्टर 2026 को लॉन्च कर दिया है। इस SUV में दमदार डिजाइन, प्रीमियम इंटीरियर, लेवल-2 ADAS सेफ्टी फीचर्स और हाइब्रिड इंजन विकल्प देखने को मिलेंगे। पांच वेरिएंट्स में आने वाली यह कार शानदार फीचर्स और ऑफर्स के साथ कॉम्पैक्ट एसयूवी सेगमेंट में फिर से मजबूत वापसी कर सकती है।
भारत में कॉम्पैक्ट एसयूवी (SUV) सेगमेंट में राज करने वाली आइकॉनिक रेनो डस्टर ने एक बार फिर से धमाकेदार एंट्री की है। कंपनी ने अपने 2026 मॉडल को भारतीय बाजार में लॉन्च कर दिया है। इसकी शुरुआती कीमत करीब ₹10.49 लाख (एक्स-शोरूम) रखी गई है। अगर आप भी एक दमदार, स्टाइलिश और फीचर्स से भरपूर एसयूवी खरीदने का प्लान बना रहे हैं तो नई डस्टर आपके लिए एक बेहतरीन विकल्प हो सकती है। आइए जानते हैं इस नई कार की खास बातें क्या हैं?
नई डस्टर ने अपना पुराना 'रफ एंड टफ' अंदाज बरकरार रखा है। लेकिन, अब ये पहले से कहीं ज्यादा स्टाइलिश और आकर्षक नजर आती है। गाड़ी के फ्रंट लुक पर नजर डालें तो मजबूत ग्रिल, फ्लैट बोनट और एकदम बीच में चमकती 'Duster' की बैजिंग इसे एक बेहद अग्रेसिव लुक देती है। लाइटिंग की बात करें तो इसमें टर्न इंडिकेटर के साथ स्लिम LED हेडलैम्प्स और DRLs दिए गए हैं। जबकि पीछे की तरफ एलईडी टेललाइट्स के साथ कनेक्टेड लाइट बार इसकी खूबसूरती में चार चांद लगा देता है। गाड़ी को साइड से देखने पर 18-इंच के बड़े अलॉय व्हील्स, हाई ग्राउंड क्लीयरेंस और सी-पिलर में छुपे हुए डोर हैंडल्स इसे एक मस्कुलर और स्पोर्टी अपील देते हैं। ग्राहकों की पसंद का ख्याल रखते हुए ये एसयूवी 6 शानदार रंगों- माउंटेन जेड ग्रीन, रिवर ब्लू, सनसेट रेड, पर्ल व्हाइट, मूनलाइट सिल्वर और स्टेल्थ ब्लैक में उपलब्ध होगी।
जैसे ही आप गाड़ी के अंदर बैठेंगे आपको इसकी स्पोर्टी ऑल-ब्लैक थीम और मोटे कुशन वाली लेदरेट सीट्स से एक शानदार प्रीमियम एहसास मिलेगा। फीचर्स के मामले में भी कंपनी ने कोई कसर नहीं छोड़ी है। एंटरटेनमेंट और कनेक्टिविटी के लिए इसमें वायरलेस एपल कारप्ले और एंड्रॉयड ऑटो सपोर्ट वाला 10-इंच का बड़ा टचस्क्रीन और 10.25-इंच का डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले दिया गया है। आपके सफर को और भी आरामदायक बनाने के लिए कार में डुअल-जोन क्लाइमेट कंट्रोल, बड़ी पैनोरमिक सनरूफ और 6-वे पावर एडजस्टेबल वेंटिलेटेड (हवादार) सीट्स मौजूद हैं। इसके अलावा, आपकी सहूलियत को ध्यान में रखते हुए इसमें 6-स्पीकर Arkamys ऑडियो सिस्टम, वायरलेस फोन चार्जर, रोटरी ड्राइव मोड सेलेक्टर और पावर्ड टेलगेट (ऑटोमैटिक डिग्गी) जैसी शानदार सुविधाएं भी शामिल की गई हैं।
नई डस्टर को पूरी तरह से आपकी और आपके परिवार की सुरक्षा को ध्यान में रखकर बनाया गया है। इसमें सेफ्टी के मामले में कोई समझौता न करते हुए 17 एडवांस फीचर्स के साथ लेवल-2 ADAS और सभी वेरिएंट्स में 6 एयरबैग्स स्टैंडर्ड तौर पर दिए गए हैं। ड्राइविंग और पार्किंग को सुरक्षित व आसान बनाने के लिए कार में 360-डिग्री कैमरा और चारों पहियों में डिस्क ब्रेक्स मौजूद हैं। इसके अलावा, सड़क पर बेहतर कंट्रोल सुनिश्चित करने के लिए ABS के साथ EBD, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल (ESC) और बच्चों की सुरक्षा के लिए ISOFIX चाइल्ड सीट माउंट्स भी शामिल किए गए हैं। खराब मौसम में आपकी सहूलियत के लिए इसमें बारिश होते ही खुद चलने वाले रेन-सेंसिंग वाइपर्स जैसी शानदार तकनीक भी दी गई है।
| इंजन | पावर (PS) | टॉर्क (Nm) | गियरबॉक्स / ट्रांसमिशन |
| 1.0L टर्बो पेट्रोल | 100 | 160 | 6-स्पीड मैनुअल |
| 1.3L टर्बो + माइल्ड हाइब्रिड | 163 | 280 | 6MT / DCT |
| 1.8L टर्बो स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड | 160 | TBA | 8-स्पीड DHT |
भारतीय बाजार में नई रेनो डस्टर की राह इतनी आसान नहीं होने वाली है क्योंकि इसकी टक्कर सीधे तौर पर सेगमेंट की कई लोकप्रिय और धाकड़ एसयूवी से होगी। ये कार मुख्य रूप से ह्यूंदै क्रेटा और किआ सेल्टोस जैसी बेस्टसेलिंग गाड़ियों को कड़ी चुनौती देगी। इसके अलावा मारुति ग्रैंड विटारा और टोयोटा हाइराइडर भी इसके कड़े प्रतिद्वंदी माने जा रहे हैं। वहीं, टाटा कर्व, होंडा एलिवेट, स्कोडा कुशाक और फॉक्सवैगन टाइगुन के साथ-साथ एमजी एस्टर और सिट्रोएन बसाल्ट जैसी गाड़ियां भी इस कड़े मुकाबले में नई डस्टर को टक्कर देने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।