मंदी की मार झेल रहे वाहन उद्योग का संकट और गहराता जा रहा है। अगस्त में मारुति की बिक्री में 33 फीसदी गिरावट दिखी तो होंडा कार्स की बिक्री 51 फीसदी घट गई। इसके अलावा महिंद्रा एंड महिंद्रा और टोयोटा समेत अन्य वाहन कंपनियों की बिक्री में भी गिरावट दिखी। वाहन कंपनियों ने रविवार को पिछले महीने के बिक्री आंकड़े जारी कर यह जानकारी दी है।
विज्ञापन
देश की सबसे बड़ी वाहन निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया ने बताया कि उसकी बिक्री लगातार 7वें महीने कम रही है। अगस्त में कुल बिक्री 32.7 फीसदी गिरकर 1,06,413 इकाई रही। कंपनी ने अगस्त 2018 में कुल 1,58,189 इकाइयां बेची थीं।
अगस्त में कंपनी की घरेलू बिक्री 34.3 फीसदी कम रही और पिछले साल के 1,47,700 वाहनों के मुकाबले सिर्फ 97,061 गाड़ियां ही बेच सकी। अगस्त में कंपनी का निर्यात 10.8 फीसदी घटकर 9,532 इकाई रह गया। इस साल जुलाई में कंपनी की कुल बिक्री रिकॉर्ड 33.5 फीसदी गिरी थी, जबकि घरेलू बिक्री में 37 फीसदी तक कमी आई थी।
विज्ञापन
छोटी कारों की बिक्री घटी
72 फीसदी घटी छोटी कारों की बिक्री
कंपनी को सबसे ज्यादा मार ऑल्टो, वैगनआर जैसी छोटी गाड़ियों की बिक्री में पड़ी है। अगस्त में कंपनी इस श्रेणी में महज 10,123 गाड़ियां ही बेच सकी, जो पिछले साल से 71.8 फीसदी कम है। इसके अलावा कॉम्पैक्ट सेग्मेंट की बिक्री भी 23.9 फीसदी लुढ़ककर 54,274 यूनिट रही।
पिछले साल अगस्त में इस सेग्मेंट में कंपनी ने 71,364 कारें बेची थीं। कॉम्पैक्ट सेगमेंट में मारुति सुजुकी की स्विफ्ट, सिलेरियो, इग्निस, बलेनो और डिजायर जैसी कारें आती हैं। हालांकि, ब्रेजा, एस-क्रॉस और Ertiga जैसी यूटिलिटी गाड़ियों की बिक्री 3.1 फीसदी ऊपर चढ़ी।
टाटा मोटर्स को झटका
Ratan Tata
टाटा मोटर्स को 58 फीसदी का झटका
टाटा मोटर्स की घरेलू बिक्री अगस्त में 58 फीसदी गिरकर 7,316 इकाई पर आ गई। कंपनी ने पिछले साल की समान अवधि में 17,351 वाहन बेचे थे। कंपनी की कुल बिक्री में 45 फीसदी कमी आई है और पिछले साल के 39,859 वाहन के मुकाबले 21,824 गाड़ियां ही बेच सकी है।
इसी तरह, होंडा मोटर्स की बिक्री भी पिछले महीने 51.28 फीसदी घटकर 17,020 इकाई रही। कंपनी के सेल्स एवं मार्केटिंग निदेशक राजेश गोयल ने कहा कि सुधार के लिए उठाए गए सरकार के हालिया कदमों से भविष्य में वाहन बिक्री बढ़ सकती है।
घरेलू वाहन कंपनी महिंद्रा एंड महिंद्रा ने भी अगस्त में 25 फीसदी कम गाड़ियां बेची। पिछले साल के 48,324 वाहन के मुकाबले कुल 36,085 वाहन ही बिके। घरेलू बाजार की बिक्री में भी 26 फीसदी कमी देखी गई। इस दौरान टोयोटा किर्लोस्कर की गाड़ियां भी कम बिकीं और 21 फीसदी गिरावट के साथ महज 11,544 इकाइयों की बिक्री हो सकी। घरेलू बाजार में बिक्री 24 फीसदी कम रही।