जैसे-जैसे तापमान बढ़ता है, चूहे ठंडी और सुरक्षित जगह तलाशने लगते हैं। ऐसे में कार का इंजन एरिया, सीट के नीचे की जगह, डैशबोर्ड और बाइक की बॉडी उनके लिए छिपने की आदर्श जगह बन जाती है, लेकिन ये चूहे वायरिंग काटकर और पार्ट्स खराब कर हजारों रुपये का नुकसान कर सकते हैं। एक्सपर्ट्स के मुताबिक पुदीना तेल, कपूर और तंबाकू जैसे घरेलू उपाय चूहों को गाड़ी से दूर रखने में मददगार साबित हो सकते हैं।
गाड़ी को कैसे नुकसान पहुंचाते हैं चूहे?
छोटे दिखने वाले चूहे कई बार बड़ा नुकसान कर देते हैं। जैसे गाड़ी की वायरिंग काट देना, सीट कवर को कुतर देना, इलेक्ट्रिकल सिस्टम खराब करना और इंजन पार्ट्स डैमेज करना। इतना ही नहीं, कई बार तो गाड़ी स्टार्ट तक नहीं होती और रिपेयर में भारी खर्च आ जाता है।
इन तरीकों को अपनाकर चूहों को गाड़ी को रखें सुरक्षित
पुदीना तेल से मिलेगा राहत
माना जाता है कि पुदीने की तेज खुशबू चूहों को बिल्कुल पसंद नहीं होती। इसलिए आप कॉटन को पुदीना के तेल में भिगोकर उसे सीट के नीचे, इंजन एरिया के पास या डैशबोर्ड के आसपास रख सकते हैं। यह नेचुरल रिपेलेंट की तरह काम करता है।
कपूर क्यों है फायदेमंद?
कपूर की तेज गंध चूहों को असहज कर देती है। इसलिए पहले कपूर को कपड़े या जाली में बांधें। फिर इसे डिक्की में, ग्लव बॉक्स में या इंजन के पास सुरक्षित जगह पर रख सकते हैं। यहां ध्यान रखें कि कपूर को गर्म हिस्सों से दूर रखें।
तंबाकू भी कर सकता है मदद
तंबाकू की गंध भी चूहों को दूर रखने में मदद कर सकती है। इसे इस्तेमाल करने का तरीका भी बेहद आसान है। इसके लिए सबसे पहले तंबाकू को कपड़े में बांधे, फिर उसमें छोटे छेद कर दें। इसके बाद इसे इंजन एरिया या कोनों में रखें। इसकी गंध चूहों को वहां टिकने नहीं देती।