सड़क पर सुरक्षित और आरामदायक सफर के लिए सही टायर का चुनाव बेहद जरूरी होता है। टायर का चुनाव आपकी बाइक की माइलेज और परफॉर्मेंस पर भी असर डालता है। बाजार में दो प्रमुख प्रकार के टायर उपलब्ध हैं—रेडियल टायर (Radial Tyre) और नॉर्मल टायर (Normal Tyre)। दोनों तरह के टायर अलग-अलग तरह की बाइक्स के साथ आते हैं। आइए जानते हैं इन दोनों टायरों के बीच क्या अंतर है और आपको अपनी बाइक के अनुसार कौन सा टायर लगवाना चाहिए।
प्रोडक्शन में अंतर
दोनों तरह के टायर को बनाने की तकनीक में बड़ा अंतर है। रेडियल टायर की बात करें तो इसमें स्टील बेल्ट्स और फैब्रिक की परतें टायर के रेडियस (केंद्र से बाहरी किनारे) के अनुसार लगाई जाती हैं, जिससे टायर अधिक लचीला और मजबूत बनावट का होता है। जबकि नॉर्मल टायर में टायर की परतें (plies) तिरछे कोण पर (डायगोनल पैटर्न) रखी जाती हैं, जिससे यह कम लचीला लेकिन अधिक कठोर होता है।
ग्रिप किसमें बेहतर
रेडियल टायर बेहतर ग्रिप और लो-रोलिंग रेजिस्टेंस की वजह से यह हाईवे और लॉन्ग-ड्राइव के लिए अच्छा होता है। वहीं, नॉर्मल टायर ऑफ-रोडिंग और भारी वजन उठाने वाले वाहनों में बेहतर प्रदर्शन करता है, लेकिन इसकी ग्रिप और माइलेज रेडियल टायर की तुलना में कम होती है।
यह भी पढ़ें: पुराने टायर बदलने की बना रहे हैं योजना, भारतीय सड़कों के लिए सबसे बढ़िया टायर कैसे चुनें
किसमें मिलती है ज्यादा माइलेज
चूंकि रेडियल टायर में घर्षण (friction) कम होता है, यह बेहतर माइलेज देता है और ईंधन की बचत करता है। जबकि नॉर्मल टायर के साधारण ट्रेड पैटर्न के चलते इसमें अधिक घर्षण होता है, जिससे बाइक में कम माइलेज मिलती है।
किसकी लाइफ है ज्यादा
रेडियल टायर की बनावट कफी मजबूत होती है जिसके चलते घिसता कम है और लंबे समय तक चलता है। यह जल्दी गर्म भी नहीं होता और पंचर होने की संभावना भी कम रहती है। जबकि नॉर्मल टायर जल्दी घिस जाते हैं और इनमें ज्यादा गर्म होने की संभावना रहती है।
कीमत में कौन किफायती
रेडियल टायर की मैन्युफैक्चरिंग महंगी होती है इसलिए इसकी कीमत नॉर्मल टायर के मुकाबले अधिक होती है।
आपकी बाइक के लिए कौन बेहतर
बता दें कि रेडिल टायर और नॉर्मल टायर अलग-अलग तरह के बाइक्स में लगते हैं। रेडिल टायर आमतौर पर बड़े इंजन वाली ज्यादा पावरफुल बाइक्स में मिलते हैं। जबकि किफायती कम्यूटर बाइक्स में नॉर्मल टायर लगे होते हैं। किमत को कम रखने के लिए कम्यूटर बाइक्स में नॉर्मल टायर लगाए जाते हैं।