Rental Car Goa: गोवा की यात्रा करने वाले पर्यटकों के बीच महिंद्रा थार गाड़ी किराए पर लेकर घूमना काफी पसंदीदा माना जाता है, लेकिन अगर आप भी आने वाले दिनों में गोवा जाकर थार की सवारी का लुत्फ उठाने की सोच रहे हैं, तो आपके लिए एक बड़ी खबर है। गोवा सरकार अब रेंटल कारों में थार को लेकर एक बहुत बड़ा कदम उठाने की तैयारी में है, जिससे नए वाहनों के लाइसेंस पर पूरी तरह रोक लग सकती है। हालांकि, इस पर अभी अंतिम मुहर लगना बाकी है, लेकिन सरकार के रुख से साफ है कि आने वाले समय में पर्यटकों के लिए नियम बदल सकते हैं।
सरकार की योजना क्या है?
गोवा के परिवहन मंत्री ने संकेत दिए हैं कि किराये पर चलने वाली नई थार गाड़ियों के लिए लाइसेंस जारी करने पर रोक लगाने का प्रस्ताव जल्द स्टेट ट्रांसपोर्ट एथॉरिटी (STA) की बैठक में रखा जाएगा। अगर एसटीए से इसकी मंजूरी मिल जाती है, तो भविष्य में नई थार गाड़ियों को रेंटल परमिट मिलता बंद हो सकता है। हालांकि मौजूदा लाइसेंस वाले वहालों को लेकर अभी किसी प्रकार के संकेत नहीं मिले हैं।
सरकार क्यों उठा रही है यह कदम?
परिवहन विभाग का कहना है कि राज्य में सड़क हादसो की संख्या बढ़ती जा रही है। सरकार का मानना है कि तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खाेना इसका प्रमुख कारण हैं। इसलिए अतिरिक्त कदम उठाया जा रहा है और इसी वजह से किराये पर चलने वाली थार गाड़ियों के नए लाइसेंस पर रोक लगाने का विकल्प भी लाया जा सकता है।
परिवहन मंत्री ने क्या कहा?
परिवहन मंत्री के अनुसार, एसटीए बैठक में थार से जुड़े मुद्दे पर चर्चा होगी और वहीं यह तय किया जाएगा कि आगे क्या कार्रवाई करनी है। उन्होंने कहा कि सरकार STA से सिफारिश करेगी कि भविष्य में किराये के लिए नई थार गाड़ियों को अनुमति नहीं दी जाए। उनके अनुसार, तेज रफ्तार और नियंत्रण से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है।
नशे में ड्राइविंग पर भी होगी सख्ती
यही नहीं, सरकार केवल रेंटल थार तक ही सीमित नहीं रहना चाहती। परिवहन मंत्री ने कहा है कि शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने संकेत दिए कि नशे में वाहन चलाते पाए जाने पर तत्काल गिरफ्तारी जैसी कार्रवाई भी की जा सकती है।
किन हादसों के बाद बढ़ी चिंता?
- इसी साल गोवा में कई पर्यटकों के दिल दहलाने वाले मामले आए, मई 2026 में उत्तर गोवा में एक 32 वर्षीय युवक की मौत उस समय हो गई थी, जब एक पर्यटक की ओर किराये पर ली गई थार ने उसे टक्कर मार दी थी। इस हादसे में एक नाबालिग भी घायल हुआ था। जांच में सामने आया कि चालक नशे की हालत में था।
- इसके अलावा फरवरी में भी एक 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौत ऐसे ही एक सड़क हादसे में हुई थी, जिसमें एक पर्यटक की ओर चलाई जा रही थार शामिल थी। इन घटनाओं के बाद सड़क सुरक्षा को लेकर सरकार की चिंता और बढ़ गई है।
गोवा में लगातार बढ़ रहे हैं पर्यटक
- वहीं, दूसरी तरफ गोवा में पर्यटकों की संख्या भी लगातार बढ़ती जा रही है। पर्यटन विभाग के अनुसार, वर्ष के पहले पांच महीनों में लगभग 19.88 लाख पर्यटक रेल मार्ग से गोवा पहुंचे।
- यह आंकड़ा पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 6.8 प्रतिशत अधिक है। विभाग का कहना है कि यह राज्य में पर्यटन की लगातार बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाता है।
- हालांकि अभी तक सरकार ने रेंटल थार पर कोई प्रतिबंध नहीं लगाया है। फिलहाल यह केवल प्रस्ताव के स्तर पर है और जो भी अंतिम फैसला होगा, वह एसटीए की बैठक के बाद ही होगा।