भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो 2025 का आयोजन काफी शानदार और व्यापक रहा। एक्सपो के आयोजकों ने दावा किया है कि 17 से 22 जनवरी तक आयोजित इस इवेंट में 9 लाख से ज्यादा लोग शामिल हुए। इस दौरान 90 से ज्यादा वाहनों को लॉन्च किया गया और 1500 से ज्यादा कंपनियों ने अपनी प्रदर्शनी लगाई। इस बार के ऑटो एक्सपो में जर्मनी, जापान समेत पांच विकसित देशों की भागीदारी रही। इसके अलावा चार अन्य बड़े देश भी शामिल हुए।
Auto Expo 2025
- फोटो : प्रशान्त पाण्डेय
पीछे छूटा डेट्रॉइट का ऑटो शो
नई दिल्ली और ग्रेटर नोएडा में आयोजित भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो 2025 के समापन के बाद आयोजकों ने दावा किया कि ये दुनिया का सबसे बड़ा ऑटो एक्सपो रहा। अगर दर्शकों की संख्या को देखें तो इसने अमेरिका के डेट्रॉइट में होने वाले ऑटो शो को भी पीछे छोड़ दिया। 22 जनवरी को समापन के दिन एक्सपो में लगभग 90 हजार लोग आए। बता दें कि भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो के 2025 संस्करण का आयोजन नई दिल्ली के भारत मंडपम, द्वारका के यशोभूमी और ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर में किया गया था।
Wave EVA EV
- फोटो : अमर उजाला
मोबिलिटी से जुड़े हर क्षेत्र को मिला मौका
ऑटो एक्सपो 2025 में वाहन बनाने वाली कंपनियों के साथ-साथ वाहनों में इस्तेमाल होने वाले उपकरण, टायर, स्टील, सहीत दूसरे सामान बनाने वाली कंपनियां भी शामिल हुईं। इसमें लग्जरी कार, बाइक, साइकिल और इलेक्ट्रिक वाहनों के अलावा कई कॉन्सेप्ट वाहन भी पेश हुए। खास बात ये रही कि इस बार मोबिलिटी के क्षेत्र की कई स्टार्टअप कंपनियां भी शामिल हुईं।
Auto Expo 2025
- फोटो : प्रशान्त पाण्डेय
इलेक्ट्रिक वाहनों पर रहा फोकस
आने वाला समय क्लीन फ्यूल पर चलने वाले वाहनों का है, जिनमें इलेक्ट्रिक वाहनों की भी बड़ी हिस्सेदारी है। छह दिन तक चलने वाले इस एक्सपो में कार और बाइक बनाने वाली लगभग हर कंपनी ने अपने इलेक्ट्रिक वाहन पेश किए। वहीं, मारुति और हुंडई की इलेक्ट्रिक कारें इस एक्सपो का मुख्य आकर्षण रहीं। मारुति ने अपनी पहली इलेक्ट्रिक कार e Vitara को लॉन्च किया, वहीं हुंडई ने भी क्रेटा के इलेक्ट्रिक वर्जन Creta EV को दर्शकों के सामने लॉन्च किया। इन दो कंपनियों के अलावा, चीन की BYD, किआ, टोयोटा, एमजी, बीएमडब्ल्यू, मरर्सिडीज और स्कोडा जैसी कंपनियों ने भी अपनी इलेक्ट्रिक गाड़ियों से पर्दा उठाया।
Toyota Hybrid Vehicles
- फोटो : अमर उजाला
हाइब्रिड वाहनों का दिखा जोर
क्लीन मोबिलिटी में जोर देते हुए कई कंपनियों ने अपने हाइब्रिड वाहन भी पेश किए। इनमें प्लग-इन हाइब्रिड, हाइड्रोजन और फ्लेक्स फ्यूल से चलने वाले कई वाहन शामिल थे। इसके अलावा ऑटो एक्सपो में इलेक्ट्रिक वाहनों के चार्जर को स्टैंडर्ड बनाने पर भी जोर दिया गया। मौजूदा समय में इलेक्ट्रिक कार के चार्जर स्टैंडर्ड हैं, लेकिन इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों और तीनपहिया वाहनों के चार्जर स्टैंडर्ड नहीं है, जिससे इन्हें पब्लिक चार्जिंग स्टेशन में चार्ज करने में समस्याओं का सामना करना पड़ता है।