फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जाम में बार-बार ब्रेक लगाने का झंझट खत्म: 15 लाख से कम में मिल रही हैं ये ऑटो-होल्ड वाली कारें, देखें लिस्ट

Sat, 28 Nov 2026 07:07 AM IST
जागृति शुक्ला ऑटो डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

  • 15 लाख से कम में ईपीबी और ऑटो-होल्ड।
  • ट्रैफिक और ढलान पर ड्राइविंग हो सकती है आसान।
  • पंच ईवी की कीमत करीब11.19 लाख से शुरू हो सकती है।
  • वेन्यू HX8 DCT और 3XO EV भी लिस्ट में है।
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर - फोटो : एआई जनरेटेड
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

शहरों में रोजाना गाड़ी चलाने वालों के लिए ट्रैफिक में बार-बार ब्रेक लगाना और फिर गाड़ी आगे बढ़ाना किसी परेशानी से कम नहीं होती। खासकर रेड लाइट पर लंबे समय तक ब्रेक पेडल दबाकर रखना और ट्रैफिक आगे बढ़ने पर बार-बार हैंडब्रेक लगाना थका देने वाला काम हो सकता है, लेकिन अब इस परेशानी को कम करने के लिए कारों में इलेक्ट्रॉनिक पार्किंग ब्रेक (EPB) और ऑटो-होल्ड जैसे फीचर्स मिलने लगे हैं।

विज्ञापन

पहले ऐसे फीचर्स अधिकतर 20 लाख रुपये से महंगी लग्जरी कारों में मिलती थीं, लेकिन अब कई किफायती कॉम्पैक्ट एसयूवी और इलेक्ट्रिक कारों में भी इन्हें शामिल किया जा रहा है। खास बात यह है कि 15 लाख रुपये से कम कीमत में भी ऐसे विकल्प मौजूद हैं। इनमें टाटा पंच ईवी, महिंद्रा एक्सयूवी 3XO, किआ सायरॉस और हुंडई वेन्यू जैसी गाड़ियां शामिल हैं। आइए जानते हैं इन कारों की कीमत, फीचर्स और खासियतें।

क्या है इलेक्ट्रॉनिक पार्किंग ब्रेक और ऑटो-होल्ड फीचर?

  • सामान्य हैंडब्रेक में ड्राइवर को सीटों के बीच लगे लीवर को हाथ से खींचना पड़ता है। वहीं, इलेक्ट्रॉनिक पार्किंग ब्रेक में इस लीवर की जगह एक छोटा स्विच दिया जाता है। इसे दबाने या खींचने पर इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम पार्किंग ब्रेक को एक्टिवेट कर देता है।
  • ऑटो-होल्ड फीचर इससे भी ज्यादा काम का माना जाता है। जब आप ट्रैफिक सिग्नल पर गाड़ी पूरी तरह रोकते हैं, तो यह सिस्टम ब्रेक का दबाव बनाए रखता है। इससे आपको लगातार ब्रेक पेडल पर पैर रखने की जरूरत नहीं पड़ती। जैसे ही आप एक्सीलरेटर दबाते हैं, ब्रेक अपने आप रिलीज हो जाते हैं। यानी ट्रैफिक में बार-बार ब्रेक लगाने और हैंडब्रेक इस्तेमाल करने की परेशानी कम हो जाती है।

विज्ञापन

1. टाटा पंच EV: 11.19 लाख रुपये से शुरू

  • टाटा पंच ईवी के स्मार्ट प्लस 40kWh वेरिएंट में इलेक्ट्रॉनिक पार्किंग ब्रेक और ऑटो-होल्ड की सुविधा मिलती है। यह इस फीचर के साथ आने वाला सबसे किफायती विकल्प है। इसमें स्विच से ऑपरेट होने वाला इलेक्ट्रॉनिक पार्किंग ब्रेक दिया गया है। ऑटो-होल्ड एक्टिवेट करने के बाद गाड़ी पूरी तरह रुकते ही हाइड्रोलिक ब्रेक प्रेशर अपने आप बना रहता है। इससे ड्राइवर ब्रेक पेडल से पैर हटा सकता है और गाड़ी तब तक अपनी जगह पर रुकी रहती है, जब तक एक्सीलरेटर नहीं दबाया जाता।
  • सीटबेल्ट खोलने पर इलेक्ट्रॉनिक एक्चुएटर अपने आप पार्किंग ब्रेक लगा देता है। साथ ही गाड़ी में 40kWh का बैटरी पैक मिलता है, जो 468 किलोमीटर की रेंज देने का दावा करता है। इसकी इलेक्ट्रिक मोटर 127bhp की पावर और 154Nm का टॉर्क जनरेट करती है। यह 9 सेकंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार पकड़ सकती है। कार में 195mm का ग्राउंड क्लीयरेंस, चार-लेवल रीजेनरेटिव ब्रेकिंग सिस्टम, 366 लीटर का बूट स्पेस और 14 लीटर का फ्रंट ट्रंक भी मिलता है। सेफ्टी के लिए भारत NCAP की 5-स्टार रेटिंग, छह एयरबैग और ESC दिए गए हैं।


2. महिंद्रा XUV 3XO: 12.02 लाख रुपये से शुरू

  • लिस्ट में दूसरे नंबर पर महिंद्रा XUV 3XO है। इसके AX5 L TGDI पेट्रोल वेरिएंट में इलेक्ट्रॉनिक पार्किंग ब्रेक और ऑटो-होल्ड की सुविधा मिलती है। इसमें चारों पहियों पर डिस्क ब्रेक के साथ मोटर-ऑन-कैलिपर इलेक्ट्रॉनिक पार्किंग ब्रेक सिस्टम दिया गया है। कंसोल पर लगे टॉगल स्विच को खींचने पर पिछले ब्रेक कैलिपर में लगी इलेक्ट्रिक मोटर ब्रेक पैड को दबाकर पार्किंग ब्रेक एक्टिवेट कर देती है। 
  • वहीं, ट्रैफिक में बार-बार रुकने के दौरान ऑटो-होल्ड गाड़ी को एक जगह स्थिर रखता है। इससे ड्राइवर को लगातार ब्रेक पेडल दबाने की जरूरत नहीं पड़ती और ढलान पर गाड़ी शुरू करना भी आसान हो जाता है। इसमें 1.2-लीटर, तीन-सिलेंडर mStallion TGDI टर्बो-पेट्रोल इंजन दिया गया है, जो 129bhp की पावर और 230Nm का टॉर्क जनरेट करता है। इसके अलावा, कार में दो 10.25 इंच के डिजिटल डिस्प्ले, डुअल-जोन क्लाइमेट कंट्रोल और लेवल-2 ADAS मिलता है। इसमें 360-डिग्री कैमरा और ब्लाइंड-स्पॉट मॉनिटर जैसे फीचर्स भी दिए गए हैं।


3. किआ सायरॉस: 12.76 लाख रुपये से शुरू

  • किआ सायरॉस के एचटीके प्लस वेरिएंट में भी इलेक्ट्रॉनिक पार्किंग ब्रेक और ऑटो-होल्ड जैसे फीचर्स मौजूद हैं, लेकिन ये केवल ऑटोमैटिक वेरिएंट में दिए गए हैं। इसमें चारों पहियों पर डिस्क ब्रेक के साथ मोटर-ऑन-कैलिपर इलेक्ट्रॉनिक पार्किंग ब्रेक सिस्टम मिलता है। ट्रैफिक में गाड़ी रोकने पर ऑटो-होल्ड फीचर ABS हाइड्रोलिक यूनिट की मदद से ब्रेक प्रेशर बनाए रखता है। जैसे ही ड्राइवर एक्सीलरेटर दबाता है, ब्रेक अपने आप रिलीज हो जाते हैं। इसमें 1.0-लीटर, तीन-सिलेंडर स्मार्टस्ट्रीम टर्बो-पेट्रोल इंजन दिया गया है, जो 118bhp की पावर और 172Nm का टॉर्क जनरेट करता है।
  • इंजन के साथ 7-स्पीड DCT गियरबॉक्स मिलता है। इसके बॉक्सी डिजाइन से केबिन में अच्छा हेडरूम मिलता है। इसमें 60:40 स्प्लिट रियर सीटें दी गई हैं, जिन्हें आगे-पीछे स्लाइड करने के साथ रिक्लाइन भी किया जा सकता है। इसके अलावा, कार में डुअल-पेन पैनोरमिक सनरूफ और 10.25 इंच का HD टचस्क्रीन डिस्प्ले भी मिलता है।


4. ह्यंदै वेन्यू: 13.03 लाख रुपये से शुरू

  • ह्यूंदै वेन्यू के HX8 DCT वेरिएंट में इलेक्ट्रॉनिक पार्किंग ब्रेक और ऑटो-होल्ड की सुविधा मिलती है। जब कार ट्रैफिक सिग्नल या ढलान पर पूरी तरह रुकती है, तो इसका इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल (ESC) मॉड्यूल चारों पहियों के डिस्क ब्रेक में हाइड्रोलिक प्रेशर बनाए रखता है। इससे गाड़ी अपनी जगह पर स्थिर रहती है और ड्राइवर को लगातार ब्रेक दबाकर नहीं रखना पड़ता। एक्सीलरेटर दबाते ही ब्रेक अपने आप रिलीज हो जाते हैं।
  • इस वेरिएंट में 1.0-लीटर, तीन-सिलेंडर कप्पा टर्बो-पेट्रोल इंजन मिलता है, जो 118bhp की पावर और 172Nm का टॉर्क जनरेट करता है। इसे 7-स्पीड डुअल-क्लच ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन से जोड़ा गया है। फीचर्स की बात करें तो इसमें छह एयरबैग, ESC, वेंटिलेटेड फ्रंट सीटें, चार-तरफा इलेक्ट्रिकली एडजस्टेबल ड्राइवर सीट, लेदरेट अपहोल्स्ट्री और वॉयस-कंट्रोल वाली इलेक्ट्रिक सनरूफ मिलती है।


5. महिंद्रा XUV 3XO EV: 13.89 लाख रुपये से शुरू

  • महिंद्रा एक्सयूवी 3एक्सओ ईवी के AX5 वेरिएंट में इलेक्ट्रॉनिक पार्किंग ब्रेक और ऑटो-होल्ड की सुविधा दी गई है। इसमें ऑटो-होल्ड रीजेनरेटिव ब्रेकिंग के साथ मिलकर काम करता है। जब ड्राइवर एक्सीलरेटर से पैर हटाता है, तो रीजेनरेटिव ब्रेकिंग गाड़ी की रफ्तार धीरे-धीरे कम करती है। पूरी तरह रुकने के लिए ब्रेक पेडल दबाने पर ऑटो-होल्ड चारों डिस्क ब्रेक में हाइड्रोलिक प्रेशर बनाए रखता है। इससे ट्रैफिक में गाड़ी के अचानक आगे बढ़ने और बेसमेंट जैसे ढलान वाले रास्तों पर पीछे खिसकने की चिंता कम होती है।
  • इसमें 39.4kWh का लिथियम-आयन बैटरी पैक मिलता है, जो 456 किलोमीटर की ड्राइविंग रेंज देने का दावा करता है। इसकी आगे लगी परमानेंट मैग्नेट सिंक्रोनस मोटर 147.5bhp की पावर और 310Nm का टॉर्क जनरेट करती है। केबिन में दो 10.25 इंच की स्क्रीन, डुअल-जोन क्लाइमेट कंट्रोल, सिंगल-पेन सनरूफ, वायरलेस फोन चार्जिंग और छह एयरबैग जैसे फीचर्स मिलते हैं।
  • ध्यान दें कि ऊपर दी गई कीमतें संबंधित फीचर वाले बताए गए वेरिएंट की एक्स-शोरूम शुरुआती कीमतें हैं। किआ सायरॉस में इलेक्ट्रॉनिक पार्किंग ब्रेक और ऑटो-होल्ड की सुविधा केवल ऑटोमैटिक वेरिएंट में उपलब्ध है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें