अगर आपके मोबाइल पर अभी भी वाहन बीमा खत्म होने से जुड़ा कोई ऐसा मैसेज आ रहा है, जिसमें कहा जा रहा है कि टोल प्लाजा से गुजरते ही बिना वैध इंश्योरेंस वाली गाड़ियों का अपने आप चालान कट जाएगा, तो यह खबर आपके लिए जरूरी है। दरअसल, टोल प्लाजा पर वाहन बीमा अलर्ट सिस्टम को लेकर चल रही चर्चाओं पर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने एक्स पर ट्विट कर एक बार फिर सफाई दी है।
एनएचएआई के अनुसार, इस सिस्टम को लेकर कुछ खबरें भ्रामक हैं। नेशनल हाईवे के कुछ उपयोगकर्ताओं को मिल रहे SMS नोटिफिकेशन एक प्रस्तावित जन जागरूकता पहल की टेस्टिंग का हिस्सा हैं। इनका मकसद वाहन मालिकों को बीमा की समय-सीमा खत्म होने की याद दिलाना और समय पर उसे रिन्यू कराने के लिए प्रोत्साहित करना है। इस पहल के तहत टोल प्लाजा पर अपने आप चालान कटने या जुर्माना लगने का कोई प्रावधान नहीं है।
टोल प्लाजा पर इंश्योरेंस खत्म होने पर नहीं कटेगा चालान
- एक्स पर शेयर किया गए पोस्ट में एनएचएआई की ओर से स्पष्ट किया गया है कि प्रस्तावित वाहन बीमा अलर्ट सिस्टम का इस्तेमाल किसी तरह की प्रवर्तन कार्रवाई यानी एनफोर्समेंट एक्शन के लिए नहीं किया जा रहा है। इसका मतलब है कि इस पहल के तहत टोल प्लाजा से गुजरने वाले किसी वाहन का बीमा खत्म होने पर अपने आप चालान नहीं कटेगा और न ही जुर्माना लगाया जाएगा।
- इसलिए टोल प्लाजा पर इंश्योरेंस की समय-सीमा खत्म होने के आधार पर ऑटोमैटिक चालान कटने की खबरों पर भरोसा करना सही नहीं है। प्राधिकरण ने ऐसी खबरों को भ्रामक बताया है।
क्यों भेजे जा रहे हैं वाहन मालिकों को एसएमएस अलर्ट?
- हाल ही में एनएचएआई ने इसके लिए स्पष्टीकरण जारी किया था, लेकिन आज फिर इसकी बारे में पाेस्ट शेयर की गई है। NHAI के अनुसार, ऐसे मैसेज एक प्रस्तावित जन जागरूकता पहल की चल रही टेस्टिंग का हिस्सा हैं।
- इन एसएमएस का मकसद वाहन मालिकों को उनके वाहन बीमा की समय-सीमा समाप्त होने के बारे में जानकारी देना है। साथ ही उन्हें समय रहते बीमा रिन्यू कराने के लिए प्रोत्साहित करना भी इसका उद्देश्य है। यानी इन संदेशों को चालान या जुर्माने का नोटिस नहीं समझना चाहिए। ये केवल जानकारी और सलाह देने के लिए भेजे जा रहे हैं।
अभी प्रस्तावित पहल की टेस्टिंग चल रही है
- एनएचएआई ने बताया है कि यह एक प्रस्तावित सिस्टम है और फिलहाल इसकी टेस्टिंग की जा रही है। इसका उद्देश्य वाहन मालिकों के बीच बीमा रिन्यू कराने को लेकर जागरूकता बढ़ाना है।
- प्राधिकरण ने साफ किया है कि इस पहल का टोल प्लाजा पर किसी तरह की दंडात्मक कार्रवाई से कोई संबंध नहीं है। इसमें अपने आप चालान काटने या जुर्माना लगाने का प्रावधान शामिल नहीं है।
एनएचएआई की अपील?
एनएचएआई ने लोगों से अपील की है कि वे बिना पुष्टि की गई जानकारी को सोशल मीडिया या दूसरे माध्यमों पर साझा न करें। वाहन बीमा अलर्ट सिस्टम और इससे जुड़े किसी भी अपडेट के लिए केवल आधिकारिक स्रोतों पर ही भरोसा करें। साथ ही कहा कि वाहन बीमा की समय-सीमा पर नजर रखना और समय पर उसे रिन्यू कराना वाहन मालिकों के लिए जरूरी है। हालांकि, NHAI की इस प्रस्तावित पहल के तहत टोल प्लाजा पर बीमा खत्म होने के कारण अपने आप चालान या जुर्माना नहीं लगेगा।