क्या होता है 360-डिग्री कैमरा सिस्टम?
360-डिग्री कैमरा सिस्टम में कार के आगे, पीछे और दोनों साइड मिरर्स के नीचे कैमरे लगाए जाते हैं। ये सभी वाइड-एंगल कैमरे मिलकर कार के चारों ओर का दृश्य दिखाते हैं। इससे स्क्रीन पर कार का बर्ड्स आई व्यू दिखाई देता है, जिससे तंग जगहों पर पार्किंग करना काफी आसान हो जाता है।
पुरानी कार में भी लग सकता है यह फीचर
अगर आपको यह फीचर काफी पसंद है, लेकिन बजट या किसी और कारण से आप आपकी कार इस फीचर से लैस नहीं है, तो आप इसे बाजार से खरीदकर लगवा सकते हैं।
ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म्स पर लगभग हर कार मॉडल के लिए 360-डिग्री कैमरा सिस्टम उपलब्ध है। इसे आफ्टरमार्केट एक्सेसरी के तौर पर फिट कराया जा सकता है।
सिर्फ पार्किंग ही नहीं, मिलते हैं कई बड़े फायदे
1. पार्किंग होगी आसान
360-डिग्री कैमरा कार के चारों तरफ का आसानी से दिखाई देता है, जिससे संकरी जगहों में पार्किंग करना आसान हो जाता है।
2. डैशकैम की तरह भी करता है काम
यह सिस्टम लगातार रिकॉर्डिंग करता रहता है। ऐसे में यह चारों तरफ की गतिविधियों को रिकॉर्ड करने वाले डैशकैम की तरह भी काम करता है।
3. दुर्घटना में सबूत बन सकता है
अगर सड़क पर कोई दुर्घटना या विवाद हो जाए, तो कैमरे की रिकॉर्डिंग से यह पता लगाने में मदद मिल सकती है कि गलती किसकी थी।
4. ड्राइविंग होगी ज्यादा सुरक्षित
ब्लाइंड स्पॉट कम होने की वजह से ड्राइविंग के दौरान सुरक्षा बढ़ जाती है और आसपास की स्थिति को समझना आसान हो जाता है।
बाजार में कौन-कौन से विकल्प उपलब्ध हैं?
मार्केट में दो तरह के 360-डिग्री कैमरा सिस्टम मिलते हैं।
इंफोटेनमेंट सिस्टम के साथ
इस सिस्टम में कार की मौजूदा टचस्क्रीन पर ही 360-डिग्री व्यू दिखाई देता है। कई मॉडल एंड्रॉयड ऑटो और दूसरे स्मार्ट फीचर्स को भी सपोर्ट करते हैं।
अलग मॉनिटर के साथ
अगर आप कार की मौजूदा स्क्रीन नहीं बदलना चाहते, तो अलग मॉनिटर वाले सिस्टम का विकल्प चुन सकते हैं। इसमें कैमरे की रिकॉर्डिंग दिखाने के लिए अलग डिस्प्ले मिलता है।
इंस्टॉलेशन के दौरान किन बातों का रखें ध्यान?
360-डिग्री कैमरा लगाना एक तकनीकी काम है। इसके लिए कार के डोर और डैशबोर्ड पैनल खोलने पड़ते हैं और अंदर वायरिंग की जाती है।
वायरिंग का काम
कैमरों को आगे, पीछे और दोनों साइड मिरर्स से जोड़ने के लिए पूरी वायरिंग करनी पड़ती है।
प्रोफेशनल से ही करवाएं फिटिंग
एक्सपर्ट्स भी यही सलाह देते हैं कि यह काम थोड़ा पेचीदा होता है, इसमें कार की वायरिंग और बॉडी पैनल्स का काम होता है इसलिए इसे किसी प्रोफेशनल मैकेनिक या कार एक्सेसरीज शॉप से ही लगवाना बेहतर रहेगा।
क्या 360-डिग्री कैमरा लगवाना सही फैसला है?
अगर आप अक्सर शहर की भीड़भाड़ या संकरी जगहों पर गाड़ी चलाते हैं, तो 360-डिग्री कैमरा आपके लिए काफी उपयोगी साबित हो सकता है। यह न सिर्फ पार्किंग को आसान बनाता है, बल्कि ड्राइविंग को सुरक्षित बनाने और दुर्घटना की स्थिति में सबूत जुटाने में भी मदद करता है।