रात में गाड़ी चलाना कम भीड़भाड़ में एक शांत, सुकून भरा अनुभव देने वाला हो सकता है। लेकिन इसके साथ कई चुनौतियां भी जुड़ी होती हैं। कम दृश्यता (लो विजिबिलिटी), सड़क पर लंबे घंटे और स्वाभाविक थकान रात की ड्राइविंग को जोखिम भरा बना सकती है। एक सुरक्षित यात्रा के लिए मानसिक रूप से सतर्क रहना बेहद जरूरी है। जानें नाइट ड्राइविंग को सुरक्षित बनाने के लिए कुछ जरूरी टिप्स।
रात की ड्राइविंग का सबसे महत्वपूर्ण नियम यह है कि आप पूरी तरह से आराम करने के बाद ही सफर शुरू करें। यदि आप पहले से ही थके हुए हैं, तो इससे आपकी प्रतिक्रिया देने की गति (रिएक्शन टाइम) धीमी हो जाती है और निर्णय लेने की क्षमता प्रभावित होती है। लंबी यात्रा पर निकलने से पहले पर्याप्त नींद जरूर लें।
लगातार कई घंटों तक गाड़ी चलाने से शारीरिक और मानसिक थकान हो सकती है। हर दो से तीन घंटे में छोटे ब्रेक लेने की योजना बनाएं। कार से बाहर निकलें, थोड़ा स्ट्रेचिंग करें या टहलें, ताकि आपका शरीर और दिमाग तरोताजा हो सके।
पानी पीते रहें: शरीर में पानी की कमी (डिहाइड्रेशन) आपको सुस्त और कम सतर्क बना सकती है। अपने पास पानी की बोतल रखें और नियमित रूप से घूंट-घूंट पानी पीते रहें।
भारी भोजन से बचें: सफर से पहले या उसके दौरान भारी भोजन करने से नींद आ सकती है। अपनी ऊर्जा को बनाए रखने के लिए फल, मेवे या एनर्जी बार जैसे हल्के स्नैक्स चुनें।
संगीत या पॉडकास्ट सुनना आपको सक्रिय रखने में मदद कर सकता है। हालांकि, बहुत धीमे या रिलैक्स करने वाले गानों से बचें, क्योंकि वे आपको नींद दिला सकते हैं। यदि आपके साथ कोई सह-यात्री है, तो हल्की बातचीत करना भी सतर्क रहने का एक अच्छा तरीका है।
सुनिश्चित करें कि आपकी हेडलाइट्स सही ढंग से काम कर रही हैं और उनका अलाइनमेंट ठीक है। सामने से आने वाले वाहनों की चमक (ग्लेयर) को कम करने के लिए अपनी विंडशील्ड और शीशों को साफ रखें। सुरक्षित ड्राइविंग के लिए स्पष्ट दृश्यता अनिवार्य है।
बार-बार जम्हाई लेना, पलकों का भारी होना, लेन से भटकना या सड़क के संकेतों को न देख पाना थकान के गंभीर संकेत हैं। यदि आप इनमें से कुछ भी महसूस करते हैं, तो तुरंत गाड़ी चलाना बंद करें और आराम करें।
शराब पीकर कभी भी गाड़ी न चलाएं। जहां तक कैफीन की बात है, यह आपको अस्थायी ऊर्जा दे सकता है, लेकिन यह थकान का स्थायी समाधान नहीं है। जागते रहने के लिए लंबे समय तक केवल कैफीन पर निर्भर न रहें।
अगर संभव हो सके, तो किसी के साथ यात्रा करें जो आपको बातों में व्यस्त रख सके। लंबी यात्राओं में वे ड्राइविंग की जिम्मेदारी भी साझा कर सकते हैं। जिससे थकान कम होती है और आपको थोड़ा आराम मिलेगा।
रात में ड्राइविंग के लिए अतिरिक्त सावधानी और जागरूकता की जरूरत होती है। थकान आपके सुरक्षित ड्राइविंग की क्षमता को प्रभावित कर सकती है। खुद को तैयार रखकर और अपने शरीर की संकेतों को सुनकर आप जोखिमों को कम कर सकते हैं। हमेशा याद रखें, जल्दी पहुंचने से ज्यादा जरूरी सुरक्षित पहुंचना है।