राष्ट्रीय राजमार्ग पर सफर के दौरान टायर पंक्चर हो जाना या वाहन में मामूली खराबी आ जाना अक्सर यात्रियों के लिए बड़ी परेशानी बन जाता है। खासकर लंबी दूरी की यात्रा के दौरान मदद नहीं मिलने पर लोग घंटों सड़क किनारे फंसे रहते हैं। अब इस समस्या को कम करने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने बड़ा कदम उठाया है।
NHAI (एनएचएआई) ने राष्ट्रीय राजमार्गों और एक्सप्रेसवे पर स्थित वेसाइड अमेनिटीज (WSA) के संचालकों को वाहन मरम्मत और पंक्चर रिपेयर सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
यह पहल क्यों शुरू की गई है?
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के आधिकारिक बयान के अनुसार, यह निर्देश NHAI की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी नेशनल हाईवेज लॉजिस्टिक्स मैनेजमेंट लिमिटेड (NHLML) द्वारा जारी किया गया है।
NHLML देशभर के राष्ट्रीय राजमार्गों पर वेसाइड सुविधाओं के विकास का काम देखती है।
इस पहल के प्रमुख मकसद हैं:
-
हाईवे यात्रा अनुभव को बेहतर बनाना।
-
सड़क पर गाड़ी के खराब खड़े रहने का समय कम करना।
-
सड़क सुरक्षा में सुधार करना।
-
आपात स्थितियों और ब्रेकडाउन के दौरान तेजी से सहायता उपलब्ध कराना।