अगर आपके मोबाइल पर भी मोटर इंश्योरेंस यानी की वाहन बीमा रिन्यू कराने से जुड़ा कोई एसएमएस आया है और आप यह सोचकर परेशान हैं कि कहीं टोल प्लाजा पर आपका चालान या जुर्माना तो नहीं कटेगा, तो अब घबराने की बिल्कुल जरूरत नहीं है। इस मैसेज का मतलब यह नहीं है कि हाईवे पर आपका चालान कटने वाला है या टोल प्लाजा पर आपसे कोई जुर्माना वसूला जाएगा। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने ऐसे एसएमएस को लेकर स्पष्टिकरण जारी किया है। संस्था के अनुसार, ये संदेश एक प्रस्तावित जन जागरूकता पहल की टेस्टिंग का हिस्सा हैं। इनका मकसद सिर्फ वाहन मालिकों को बीमा पॉलिसी की एक्सपायरी डेट याद दिलाना है, ताकि वे समय रहते उसका रीन्यू करा सकें।
बीमा रिन्यूअल के एसएमएस पर एनएचएआई ने क्या कहा?
- एनएचएआई ने स्पष्ट किया कि नेशनल हाईवे का इस्तेमाल करने वाले कुछ वाहन चालकों को बीमा रीन्यू से जुड़े जो एसएमएस मिल रहे हैं, वे एक प्रस्तावित जन जागरूकता पहल के लिए चल रही टेस्टिंग प्रक्रिया का हिस्सा हैं।
- संस्था ने अपने बयान में कहा कि इस पहल का उद्देश्य पूरी तरह से जानकारी देना और वाहन मालिकों को जरूरी सलाह देना है। यानी इन मैसेजेस के जरिए लोगों को उनके वाहन बीमा की स्थिति के बारे में याद दिलाया जा रहा है।
टोल प्लाजा पर नहीं कटेगा चालान, न लगेगा जुर्माना
- एनएचएआई ने स्पष्टीकरण जारी किया कि इन एसएमएस अलर्ट का टोल प्लाजा पर चालान काटने या जुर्माना लगाने से कोई संबंध नहीं है। ऐसे संदेश मिलने पर वाहन चालकों को यह चिंता करने की जरूरत नहीं है कि बीमा रिन्यू नहीं कराने पर टोल प्लाजा पर उनके खिलाफ कोई दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
- संस्था ने हाईवे इस्तेमाल करने वालों को भरोसा दिलाया है कि यह एसएमएस सिस्टम किसी भी तरह की दंडात्मक कार्रवाई से जुड़ा नहीं है। इन अलर्ट के आधार पर टोल प्लाजा पर न तो चालान काटने का प्रावधान है और न ही कोई जुर्माना लगाने का।
आखिर क्यों भेजे जा रहे हैं ये एसएमएस?
- एनएचएआई के अनुसार, इन नोटिफिकेशन का मकसद वाहन मालिकों को उनकी मोटर बीमा पॉलिसी की समाप्ति तिथि यानी एक्सपायरी डेट के बारे में पहले से सचेत करना है।
- कई बार देखा गया है कि वाहन मालिक समय पर अपनी बीमा पॉलिसी को रिन्यू कराना भूल जाते हैं। ऐसे में ये रिमाइंडर उन्हें पहले से जानकारी देंगे, ताकि वे समय रहते पॉलिसी रिन्यू करा सकें। इससे वाहन का बीमा कवरेज लगातार बना रहेगा।
जागरूकता के जरिए नियमों के पालन पर जोर
- एनएचएआई का कहना है कि पहले से रिमाइंडर भेजने का उद्देश्य वाहन मालिकों को जिम्मेदार बनाना है। संस्था चाहती है कि लोग अपने वाहन बीमा की एक्सपायरी डेट पर ध्यान दें और समय रहते पॉलिसी का नवीनीकरण कराएं।
- इस पहल के जरिए जागरूकता बढ़ाने और वाहन मालिकों को सड़क सुरक्षा से जुड़े कानूनी नियमों का पालन करने में मदद करने की कोशिश की जा रही है। एनएचएआई ने दोहराया है कि फिलहाल ये मैसेज प्रस्तावित जागरूकता पहल की टेस्टिंग का हिस्सा हैं और इनका इस्तेमाल टोल प्लाजा पर किसी तरह की कार्रवाई के लिए नहीं किया जा रहा है।