पिछले पांच वर्षों में ट्रैफिक चेकिंग का तरीका पूरी तरह बदल गया है। अब एआई-आधारित कैमरे सिग्नल जंप, ओवरस्पीडिंग और लेन उल्लंघन स्वतः रिकॉर्ड कर रहे हैं। एएनपीआर (स्वचालित नंबर प्लेट पहचान) सिस्टम बिना मानव हस्तक्षेप के वाहन पहचान रहे हैं। राज्य डाटाबेस अब आपस में लिंक हो रहे हैं, जिससे लाखों चालान हर साल डिजिटल तरीके से जारी हो रहे हैं। आधिकारिक आंकड़े बताते हैं कि ई-चालान से राज्यों को सालाना करोड़ों रुपये का राजस्व मिल रहा है। लेकिन बड़ी संख्या में चालान समय पर निपटाए नहीं जा रहे।
अनपेड चालान: सिर्फ जुर्माना नहीं, लाइसेंस पर असर
अगर आप चालान को चुनौती नहीं देते या समय पर भुगतान नहीं करते, तो इसे आपकी गलती मान लिया जाता है। इसके परिणाम गंभीर हो सकते हैं:
- दस्तावेज रिन्यूअल: बिना चालान क्लियर किए इंश्योरेंस या फिटनेस सर्टिफिकेट रिन्यू नहीं होगा।
- मालिकाना हक: कार बेचते समय ओनरशिप ट्रांसफर में बाधा आएगी।
- सस्पेंशन: बार-बार उल्लंघन करने पर ड्राइविंग लाइसेंस स्थायी रूप से रद्द किया जा सकता है।
ये भी पढ़े: EV BaaS Model: क्या अब किराए की बैटरी से दौड़ेगी आपकी कार; जानें क्या है नया मॉडल और आपको कितना फायदा होगा ?
ईवी फ्लीट क्यों ज्यादा संवेदनशील?
आज ईवी सिर्फ निजी उपयोग तक सीमित नहीं हैं। वे राइड-हेलिंग, लास्ट-माइल डिलीवरी, क्विक कॉमर्स और कॉर्पोरेट लीजिंग का हिस्सा बन चुके हैं। एक निजी कार रोजाना औसतन 15–20 किमी चलती है। इसके मुकाबले फ्लीट EV 120–180 किमी तक चल सकती है, कई बार अलग-अलग ड्राइवरों की ओर से और राज्य सीमाएं पार करते हुए। यहां पर ज्यादा किमी का मतलब है-
- ज्यादा ट्रैफिक सिग्नल
- ज्यादा कैमरा कवरेज
- उल्लंघन की ज्यादा संभावना
- दोहराए गए अपराध तेजी से जमा होते हैं और सस्पेंशन थ्रेशोल्ड जल्दी छू सकते हैं।
जागरूकता बनाम डिजिटल ट्रैकिंग
समस्या का बड़ा हिस्सा जागरूकता गैप है। डिजिटल सिस्टम तेजी से चालान जारी कर रहे हैं, लेकिन वाहन मालिकों को बकाया जुर्माने की जानकारी अक्सर देर से मिलती है जैसे वाहन ट्रांसफर, इंश्योरेंस रिन्यूअल या लोन प्रोसेस के दौरान। जब तक नोटिस का पता चलता है, तब तक पेनल्टी बढ़ चुकी होती है और अनुपालन महंगा साबित होता है।
ये भी पढ़े: दो बेहतरीन 7-सीटर कारों में मुकाबला; जानें फीचर्स और सेफ्टी के मामले में कौन-सी फैमिली कार हो सकती है बेहतर
चार्जिंग हब और नए तरह के उल्लंघन
जैसे-जैसे चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर बढ़ रहा है, वहां भी सख्ती बढ़ाई जा रही है। जैसे EV-Only स्पॉट को ब्लॉक करना, चार्जिंग स्टेशन पर ओवरस्टे करना या व्यस्त हब के पास अवैध पार्किंग अब नए तरह के उल्लंघन बन गए हैं। हाई-यूटिलाइजेशन फ्लीट में ये पेनल्टी तेजी से जमा हो सकती हैं।
EV-विशेष अनुपालन: छिपे ब्लाइंड स्पॉट
कई मालिक EV नियमों को ICE वाहनों के समान समझ लेते हैं, जबकि इनमें कुछ फर्क है। जैसे:
- हाई-स्पीड इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर को रजिस्ट्रेशन और ड्राइविंग लाइसेंस अनिवार्य कर दिया गया है।
- हेलमेट नियम इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर पर भी लागू हो गया है।
- अनधिकृत परफॉर्मेंस मॉडिफिकेशन पर पेनल्टी लगेगी।
- अब ईवी को पीयूसी यानी की पॉल्यूशन अंडर कंट्रोल सर्टिफिकेट की आवश्यकता नहीं होगी।
- अनुपालन चेकलिस्ट को अपडेट रखना जरूरी होगा।
डिजिटल मोबिलिटी स्टैक का हिस्सा बना अनुपालन
आज चालान स्टेटस ट्रैक करना उतना ही जरूरी हो गया है जितना बैटरी हेल्थ या रूट ऑप्टिमाइजेशन। फ्लीट मैनेजमेंट सॉफ्टवेयर में ई-चालान मॉनिटरिंग जोड़ना अब आवश्यकता बनता जा रहा है। जैसे-जैसे सिस्टम पोस्ट-फैक्ट जांच से रियल-टाइम डिटेक्शन की ओर बढ़ रहा है, देरी की गुंजाइश कम होती जा रही है। भारत स्मार्ट ट्रांसपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर की ओर बढ़ रहा है। साथ ही डिजिटल प्रवर्तन में अस्थायी सख्ती नहीं, बल्कि संरचनात्मक बदलाव है। ईवी इंडस्ट्री खुद को स्वच्छ और जिम्मेदार मोबिलिटी का चेहरा बताती है। ऐसे में ट्रैफिक नियमों का पालन केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि ब्रांड विश्वसनीयता का हिस्सा भी है।