महिंद्रा की अनुसंगी ईकाई सांगयोंग ने अगली पीढ़ी की रेक्सटन एसयूवी को सियोल मोटरशो में प्रदर्शित कर दिया है। इस नई नवेली एसयूवी को महिंद्रा भारत में अगले साल पेश करेगी पर इसके पहले इसे कंपनी दक्षिण कोरिया के साथ अन्य वैश्विक बाजारों में उतारा जाएगा। इस एययूवी को महिंद्रा के बैज के साथ बेचा जाएगा।
अगर इसके स्टाइलिंग की बात करें तो इसमें बहुत सारे डिजाइन को एलआई2 कांसेप्ट से लिया गया है। इसके बड़े बदलावों में आपको रिवाज्ड बंपर, टोन्ड डाउन हेडलैंप व ब्लैक बॉडी क्लैडिंग देखने को मिलेगी। अन्य बदलावों की बात करें तो इस कार में ब्रांड का लोगो अब ज्यादा एंगुलर है अन्य सांगयोंग कारों में प्रयोग किए गए लोगो की तुलना में। हो सकता है कि कंपनी इसके साथ अपने सभी मॉडल के लोगो को बदलने की सोच रही हो, ऐसा प्रतीत होता है।
दक्षिण कोरिया व अन्य बाजारों में पहले होगी लॉन्च
नई रेक्सटन अगले साल आएगी भारत।
- फोटो : Sangyong
इसके इंटीरियर में भी आपको बहुत कुछ उस कांसेप्ट का नजर आएगा जो कंपनी ने दिखाया था। लेकिन कांसेप्ट में दिखाए गए व्हाइट केबिन की जगह अब ड्यूल टोन इंटीरियर ने ब्लैक और ब्राउन फिनिश के साथ ले ली है। इसके डैशबोर्ड में आपको ढेर सारी चीजें मिलेंगी जिसमें वुड फिनिश स्ट्रिप यात्री सीट के पास नजर आएगी। इसकी सीटें नापा लेदर में लिपटी हुई हैं जिसमें ड्राइवर को सीट व विंग मिरर की सेटिंग के लिए मेमोरी फंक्शन की सुविधा दी गई है।
इस एसयूवी को बहुत ही शानदार बनाता है इसमें दिया गया बड़ा 9.2 इंच का सेंट्रल टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम जिसमें एपल कार प्ले और एंड्रायड मिररिंग सर्विस की सुविधा है। इसके साथ ही इसमें 3 डी एराउंड व्यू मॉनटिरिंग सिस्टम दिया गया है जिससे ड्राइवर को गाड़ी के चारों तरफ होने वाली एक्टिविटी पता रहती है और सुरक्षा के लिहाज से बेहद अहम है। इसमें लगे 10 स्पीकर इनफिनिटी ऑडियो सिस्टम व सुरक्षा के लिहाज से ऑटो लॉकिंग फंक्शन भी दिया गया है। यह एक बेहद सुरक्षित एसयूवी है और इसमें 9 एयरबैग, ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम, ऑटोनोमस इमरजेंसी ब्रेकिंग सिस्टम, रियर क्रॉस ट्रैफिक एलर्ट और ब्लाइंड स्पॉट असिस्ट जैसे अत्याधुनिक फीचर्स जैसे ढेर सारे फीचर्स इस एसयूवी में आपको मिलेंगे।
नई टोयोटा फाॅर्चूनर से 5 लाख होगी सस्ती
- फोटो : Amit Dwivedi
इस एसयूवी को ताकत देता है 2.2 लीटर ई-एक्सडीआई220 डीजल इंजन जो कि मर्सिडीज सोर्स सेवन स्पीड ऑटोमेटिक गियरबॉक्स के साथ सुसज्जित है। हालांकि यह कितनी शक्ति देता है इसकी जानकारी अभी मुहैया नहीं कराई गई है। पर उम्मीद की जा रही है कि यह 180 एचपी से अधिक शक्ति देगा। इसमें 4 व्हील ड्राइव सेलेक्ट करने की सुविधा भी होगी। जब यह एसयूवी भारत में आएगी तो इसका स्थान महिंद्रा की लोकप्रिय एसयूवी एक्सयूवी 500 से ऊपर होगा।
इसका सीधा मुकाबला टोयोटा की नई फॉर्चूनर व फोर्ड एंडेवर से होगा। उम्मीद की जा रही है कि कंपनी टोयोटा फॉर्चूनर को चुनौती देने के लिए इसकी कीमत उससे 4 से 5 लाख रुपये कम रखेगी।