जापानी दोपहिया वाहन निर्माता कावासाकी (Kawasaki) ने अपनी लोकप्रिय सुपरचार्ज्ड स्पोर्ट्सबाइक 'निंजा H2' (Ninja H2) के नए अवतार का वैश्विक स्तर पर अनावरण कर दिया है। सख्त होते यूरो5+ उत्सर्जन मानकों का पालन करने के लिए कंपनी ने इस नई मोटरसाइकिल के पावर आउटपुट में कटौती की है।
बता दें कि निंजा H2 के पिछले वर्जन को 2020 में बंद कर दिया गया था। नए मॉडल के इस साल के आखिर तक वैश्विक बाजारों के शो-रूम में पहुंचने की उम्मीद है। हालांकि, कावासाकी इस नई निंजा H2 को भारतीय बाजार में पेश करेगी या नहीं, इसे लेकर अभी स्थिति साफ नहीं है।
नई कावासाकी निंजा H2 के डिजाइन और फीचर्स में क्या बदलाव हुए हैं?
डिजाइन के मामले में नई निंजा H2 का ओवरऑल बॉडी लुक और ट्रेलिस फ्रेम काफी हद तक पुराने मॉडल जैसा ही रखा गया है:
- कलर व एग्जॉस्ट: नई कावासाकी निंजा H2 स्टैंडर्ड और कार्बन मॉडल को सिंगल 'मिरर कोटेड स्पार्क ब्लैक' रंग में पेश किया गया है। इसमें पुराने ड्यूल-टिप एग्जॉस्ट की जगह H2 SX और Z H2 की तरह सिंगल-पाइप एग्जॉस्ट दिया गया है।
- वजन: इस बाइक का कुल वजन 238 किलोग्राम है, जो इसे काफी भारी बनाता है।
- एडवांस फीचर्स: इसके टीएफटी (TFT) इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर को अपडेटेड यूजर इंटरफेस और स्मार्टफोन कनेक्टिविटी के साथ अपग्रेड किया गया है।
- इलेक्ट्रॉनिक एड्स: मोटरसाइकिल में ट्रैक्शन कंट्रोल, लॉन्च कंट्रोल, कॉर्नरिंग ABS, अप/डाउन क्विकशिफ्टर, इंजन ब्रेकिंग कंट्रोल, इलेक्ट्रॉनिक ओलिन स्टीयरिंग डैम्पर और क्रूज़ कंट्रोल जैसी एडवांस तकनीकें दी गई हैं।
इंजन और परफॉर्मेंस में क्या-क्या तकनीकी बदलाव किए गए हैं?
हालांकि मोटरसाइकिल के बाहरी डिजाइन में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ है। लेकिन सबसे बड़ा अपडेट इसके पावरट्रेन में देखने को मिलता है। नए उत्सर्जन मानकों को पूरा करने के कारण इसकी पावर में कमी आई है:
- पावर आउटपुट: पुराना मॉडल 228 bhp की पीक पावर जनरेट करता था, जबकि नया मॉडल 11,000 rpm पर 206.1 bhp की पावर देता है। यानी इसमें लगभग 22 bhp की कमी दर्ज की गई है।
- इंजन कंपोनेंट्स: पावर में इस बदलाव के लिए कंपनी ने पिस्टन, सिलेंडर हेड, सिलेंडर, क्रैंकशाफ्ट, कैमरशाफ्ट, थ्रॉटल बॉडीज, एग्जॉस्ट सिस्टम और गियर रेशियो में बड़े तकनीकी बदलाव किए हैं।
सस्पेंशन और ब्रेकिंग सेटअप में कौन-से नए कंपोनेंट्स जोडे़ गए हैं?
हार्डवेयर के मोर्चे पर कावासाकी ने इस सुपरबाइक में प्रीमियम और मॉडर्न कंपोनेंट्स का इस्तेमाल किया है:
- ब्रेकिंग सिस्टम: पुरानी स्टाइलमा M50S की जगह फ्रंट में Brembo के Hypure कैलीपर्स दिए गए हैं। यह अपडेट डुकाटी पैनिगेल V4 (Ducati Panigale V4) और नॉर्टन मैंक्स R (Norton Manx R) जैसी आधुनिक प्रतिस्पर्धी बाइक्स के समान है।
- सस्पेंशन: फ्रंट में KYB के मैनुअली एडजस्टेबल 43 mm USD फोर्क्स और रियर में ओलिंस TTX36 मोनोशॉक सस्पेंशन दिया गया है।