हार्ले-डेविडसन ने हाल ही में EICMA 2026 में अपनी नई मोटरसाइकिल स्प्रिंट 440 (Sprint 440) से पर्दा उठा दिया है। हीरो मोटोकॉर्प के साथ मिलकर बनाई गई यह बाइक क्लासिक क्रूजर लुक के साथ मॉडर्न फीचर्स और हल्के पैकेज में पेश की गई है। इसमें 440cc का इंजन, 3.5-इंच TFT डिस्प्ले, ड्यूल-चैनल ABS और 671 मिमी की लो सीट हाइट दी गई है। कंपनी का दावा है कि यह बाइक 34 किमी प्रति लीटर तक माइलेज दे सकती है। आइए जानते हैं कि नई हार्ले स्प्रिंट 440 में क्या-क्या खास मिलता है।
हार्ले-डेविडसन स्प्रिंट 440: क्लासिक लुक के साथ नया अंदाज
- स्प्रिंट 440 को हार्ले-डेविडसन की ग्लोबल रेंज में एंट्री-लेवल मॉडल के तौर पर पेश किया गया है। इसे नए राइडर्स, दोबारा बाइक चलाना शुरू करने वाले लोगों और आसान राइडिंग वाली हार्ले चाहने वालों को ध्यान में रखकर बनाया गया है।
- डिजाइन की बात करें तो इसमें क्लासिक क्रूजर स्टाइल देखने को मिलता है। इस बाइक में ग्राहक को स्कल्प्टेड फ्यूल टैंक, बॉब्ड रियर फेंडर और राउंड एलईडी हेडलैम्प दिया गया है। इसका लुक पारंपरिक हार्ले मोटरसाइकिल्स की पहचान को बरकरार रखता है, जबकि हल्का पैकेज और मॉडर्न टेक्नोलॉजी इसे नए दौर के राइडर्स के लिए तैयार करते हैं।
कितना दमदार है इंजन?
- हार्ले-डेविडसन स्प्रिंट 440 में 440cc का एयर या ऑयल-कूल्ड, सिंगल-सिलेंडर इंजन दिया गया है। यह इंजन 6,000 rpm पर 27 Hp की पावर और 4,000 rpm पर 38 Nm का टॉर्क जनरेट करता है।
- इंजन के साथ छह-स्पीड गियरबॉक्स मिलता है। इसमें असिस्ट-एंड-स्लिप क्लच दिया गया है, जो क्लच ऑपरेशन को आसान बनाने में मदद करता है। गियरबॉक्स के 5वें और 6वें गियर को ओवरड्राइव के तौर पर रखा गया है। इससे हाईवे पर लंबी दूरी तय करते समय आरामदायक क्रूजिंग में मदद मिल सकती है।
- माइलेज को लेकर कंपनी का दावा है कि स्प्रिंट 440 एक लीटर पेट्रोल में 34 किलोमीटर तक चल सकती है।
671 मिमी की सीट हाइट, वजन 187 किलोग्राम
- इसकी एक खासियत कम सीट हाइट को लेकर भी है। स्प्रिंट 440 में सीट की ऊंचाई 671 मिमी रखी गई है। कम सीट हाइट होने से छोटे कद के राइडर्स को भी बाइक पर बैठने और पैर जमीन तक पहुंचाने में आसानी हो सकती है।
- इसका रेडी-टू-राइड वजन 187 किलोग्राम है। यानी इसमें ईंधन और जरूरी तरल पदार्थों सहित राइडिंग के लिए तैयार बाइक का वजन दिया गया है।
- साथ ही स्प्रिंट 440 में बेहतर राइडिंग अनुभव के लिए आगे अपसाइड-डाउन फॉर्क्स और पीछे एडजस्टेबल सस्पेंशन दिया गया है। इसके फ्रंट में 43 मिमी के अपसाइड-डाउन फॉर्क्स मिलते हैं, जिनका ट्रैवल 130 मिमी है। वहीं, रियर में पिग्गीबैक ट्विन शॉक एब्जॉर्बर दिए गए हैं। इनमें 7-स्टेप प्रीलोड एडजस्टमेंट की सुविधा मिलती है।
- ब्रेकिंग के लिए आगे 320 मिमी और पीछे 240 मिमी की डिस्क दी गई है। इसके साथ ड्यूल-चैनल एबीएस स्टैंडर्ड मिलता है। यह सिस्टम अचानक ब्रेक लगाने की स्थिति में दोनों पहियों को लॉक होने से बचाने में मदद करता है।
कौन-कौन से फीचर्स मिलेंगे?
- हार्ले-डेविडसन ने स्प्रिंट 440 में कुछ आधुनिक फीचर्स भी दिए हैं। बाइक में राउंड इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर के अंदर 3.5-इंच का टीएफटी डिस्प्ले मिलता है। इसके अलावा इसमें फुल एलईडी लाइटिंग और यूएसबी टाइप-सी चार्जिंग पोर्ट दिया गया है।
- फीचर्स की बात करें तो इसमें 3.5-इंच TFT इंस्ट्रूमेंट डिस्प्ले, फुल एलईडी लाइटिंग, यूएसबी टाइप-सी चार्जिंग पोर्ट, असिस्ट-एंड-स्लिप क्लच, ड्यूल-चैनल एबीएस, कास्ट एल्युमिनियम अलॉय व्हील्स, अपसाइड-डाउन फ्रंट फॉर्क्स, एडजस्टेबल रियर सस्पेंशन और इसमें आगे 19-इंच और पीछे 17-इंच के कास्ट एल्युमिनियम अलॉय व्हील्स दिए गए हैं।
कितने कलर ऑप्शंस हैं?
- ग्राहक इसे तीन रंगों में खरीद सकते हैं। इनमें डार्क बिलियर्ड ग्रे, विविड ब्लैक और टील थंडर शामिल हैं। वहीं, अगर उपलब्धता की बात करें तो हार्ले-डेविडसन की नई स्प्रिंट 440 साल 2027 से ग्लोबल मार्केट में उपलब्ध होगी। हालांकि, कंपनी ने अभी भारत में इसकी लॉन्चिंग और कीमत से जुड़ी जानकारी साझा नहीं की है।
- इस बाइक को हीरो मोटोकॉर्प के साथ मिलकर तैयार किया गया है। इसी साझेदारी की वजह से भारतीय बाजार में इसके आने की संभावना जताई जा रही है, लेकिन भारत में लॉन्च को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
किन बाइक्स को देगी टक्कर?
स्प्रिंट 440 का मुकाबला रॉयल एनफील्ड मीटियर 350 और होंडा रेबेल 300 जैसी क्रूजर बाइक्स से हो सकता है। इसका 440cc इंजन, 671 मिमी की लो सीट हाइट, टीएफटी डिस्प्ले और क्रूजर डिजाइन इसे इस सेगमेंट में एक नया विकल्प बनाते हैं।