New Electric Scooters: देश में इलेक्ट्रिक व्हीकल्स का चलन तेजी से बढ़ रहा है। चाहे टू-व्हीलर सेगमेंट हो या फोर-व्हीलर, लोग तेजी से ईवी को अपना रहे हैं। ऐसे में अगर आप भी एक नई चमचमाती टू-व्हीलर खरीदने की सोच रहे हैं, लेकिन सही मॉडल को लेकर कन्फ्यूज हैं, तो आने वाले कुछ महीनों में एथर कोनार्क, सिंपल अराइव, होंडा QC3 और विनफास्ट वाइपर जैसी गाड़ियां मार्केट में एंट्री करने के लिए तैयार हैं। इनमें से कुछ स्कूटर्स के डेब्यू की तारीख तय हो चुकी है, जबकि कुछ के आधिकारिक एलान का इंतजार है। आइए जानते हैं इन अपकमिंग स्कूटर्स के बारे में विस्तार से...
एथर कोनार्क (29 अगस्त को होगा डेब्यू)
- एथर एनर्जी अपने नए मॉडल एथर कोनार्क को लॉन्च करने के लिए पूरी तरह तैयार है:
- कंपनी ने इसके लॉन्च की तारीख 29 अगस्त तय की है।
- यह कंपनी के नए EL प्लेटफॉर्म पर आधारित पहला प्रोडक्शन स्कूटर होगा। जो आर्किटेक्चर 2kWh से लेकर 5kWh तक के बैटरी पैक्स को सपोर्ट करने के लिए विकसित किया गया है, जिससे एथर भविष्य में कई नए प्रोडक्ट्स इसी बेस पर तैयार कर सकेगा।
- फीचर्स और स्पेसिफिकेशंस: हालांकि पूरी स्पेसिफिकेशन अभी सामने नहीं आई है, लेकिन टीजर इमेजेस से पता चलता है कि इसमें 7-इंच का TFT डिस्प्ले, 14-इंच का फ्रंट व्हील और 12-इंच का रियर व्हील दिया गया है।
- संभावित कीमत: एथर के सीईओ तरुण मेहता ने पहले एक लाख रुपये से 1.25 लाख रुपये के प्राइस ब्रैकेट का संकेत दिया था। इस कीमत के साथ Konarc ब्रांड का अब तक का सबसे किफायती इलेक्ट्रिक स्कूटर बनने जा रहा है।
सिंपल एराइव
- सिंपल एनर्जी अपने ग्राहकों के लिए परफॉर्मेंस-फोकस्ड स्कूटर्स से आगे बढ़कर अपना नया मॉडल Arrive ला रही है, इसे दो सिंतबर को लॉन्च किया जा सकता है।
- डिजाइन और फीचर्स: स्पाई शॉट्स के अनुसार, इसमें सिंपल वन के मुकाबले ज्यादा प्रैक्टिकल डिजाइन मिलता है। इसमें ट्विन रियर शॉक एब्जॉर्बर, फ्रंट में डिस्क ब्रेक, रियर में ड्रम ब्रेक और एक TFT इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर दिया गया है।
- इलेक्ट्रिक मोटर तकनीक: कंपनी ने स्पष्ट किया है कि उसके नए विकसित रेयर-अर्थ-फ्री इलेक्ट्रिक मोटर्स भारत में ही बनाए जाएंगे। हालांकि, क्या यह तकनीक एराइव में इस्तेमाल होगी या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।
होंडा QC3
- होंडा ने वैश्विक स्तर पर अपने नए QC3 इलेक्ट्रिक स्कूटर का खुलासा कर दिया है:
- इस स्कूटर में 3kWh की बैटरी दी गई है, जो 145 किमी की IDC-सर्टिफाइड रेंज क्लेम करती है। यह होंडा QC1 की 80 किमी की रेंज से काफी ज्यादा है।
- अन्य फीचर्स: इसमें होंडा रोड सिंक कनेक्टिविटी के साथ 5-इंच का TFT डिस्प्ले और 32 लीटर की बड़ी अंडर-सीट स्टोरेज क्षमता मिलती है।
- भारत में लॉन्च: हालांकि, भारत में इसकी कीमत और आधिकारिक लॉन्च टाइमलाइन की घोषणा अभी तक नहीं की गई है।
विंनफास्ट वाइपर (पेटेंट दाखिल)
- वियतनामी कंपनी विनफास्ट ने भारत में कई स्कूटर डिजाइन पेटेंट फाइल करके अपने आगमन की पुष्टि कर दी है:
- डिजाइन और पेटेंट: कंपनी की ओर से दाखिल किया गया एक पेटेंट वियतनाम में बिकने वाले Viper मॉडल से काफी मिलता-जुलता है।
- ओवरसीज स्पेसिफिकेशन: ओवरसीज (ग्लोबल) स्पेक मॉडल में 4.8kWh की बैटरी मिलती है, जो 4.02 hp की पावर जनरेट करती है और 156 किमी की क्लेम्ड रेंज देती है।
- भारतीय मॉडल में बदलाव: भारतीय पेटेंट ड्रॉइंग्स में हल्के स्टाइलिंग बदलाव नजर आते हैं। इससे संकेत मिलता है कि कंपनी वियतनाम मॉडल को जस का तस लाने के बजाय भारतीय बाजार के हिसाब से इसका स्पेसिफिक वर्जन विकसित कर रही है।
- लॉन्च: विनफास्ट ने साफ किया है कि उसका टू-व्हीलर बिजनेस 2026 की दूसरी छमाही में भारत में दस्तक देगा। हालांकि, वाइपर के नाम, स्पेसिफिकेशंस या प्राइसिंग की आधिकारिक घोषणा अभी नहीं हुई है।
- अलग-अलग प्राइस पॉइंट पर नए प्रोडक्ट्स आ रहे हैं, जिससे इस साल इलेक्ट्रिक स्कूटर पर स्विच करने वाले खरीदारों के पास तुलना करने के लिए कई बेहतरीन ऑप्शन उपलब्ध होंगे।