1. सिगरेट लाइटर
कई लोग सिगरेट लाइटर को कार के डैशबोर्ड या कप होल्डर में छोड़ देते हैं। लाइटर के अंदर ज्वलनशील गैस होती है। जब कार के अंदर भयंकर गर्मी बढ़ती है, तो यह गैस फैलने लगती है और लाइटर फट सकता है। इसके फटने से निकली चिंगारी कार की सीटों या प्लास्टिक को जला सकती है।
2. पावर बैंक और इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स
आजकल मोबाइल फोन, लैपटॉप या पावर बैंक हर किसी के पास होता है। इन सभी में लिथियम-आयन बैटरी का इस्तेमाल होता है। तेज गर्मी में ये बैटरियां गर्म होकर फूल जाती हैं और फट सकती हैं। इन्हें भूलकर भी डैशबोर्ड पर न रखें, क्योंकि वहां सीधी धूप आती है। अपने गैजेट्स हमेशा अपने साथ लेकर जाएं।
3. परफ्यूम या डियोड्रेंट
कार को महकाने के लिए रखे गए एयर फ्रेशनर, परफ्यूम या डियोड्रेंट के कैन अंदर से बहुत ज्यादा प्रेशर में होते हैं। कार के अंदर का तापमान बढ़ने पर इनके अंदर की गैस तेजी से फैलती है और ये कैन किसी बम की तरह फट सकते हैं, जिससे कार में आग लग सकती है।
4. पानी की पारदर्शी बोतल
यह सुनने में अजीब लग सकता है, लेकिन धूप में रखी प्लास्टिक या कांच की पारदर्शी पानी की बोतल एक मैग्नीफाइंग ग्लास की तरह काम करती है। यह सूरज की किरणों को सीट या कपड़ों की किसी एक जगह पर फोकस कर देती है, जिससे वहां धुआं उठ सकता है या आग भी लग सकती है।
5. आपका चश्मा
पानी की बोतल की तरह ही आपके चश्मे के लेंस भी सूरज की रोशनी को एक जगह इकट्ठा कर सकते हैं। अगर इसे डैशबोर्ड पर खुला छोड़ दिया जाए, तो यह वहां की प्लास्टिक को पिघला सकता है। इसलिए अपने चश्मे को हमेशा उसके केस में बंद करके रखें।
गर्मियों में कार को कैसे रखें सुरक्षित?
- छांव तलाशें: अपनी कार को हमेशा किसी पेड़ या बिल्डिंग की छांव में पार्क करने की कोशिश करें।
- सनशेड लगाएं: अगर धूप में कार खड़ी करनी ही पड़े, तो विंडशील्ड पर सनशेड का इस्तेमाल जरूर करें।
- हवा के लिए जगह दें: कार के अंदर गैस न बने, इसके लिए खिड़कियों के शीशे एकदम मामूली खुले छोड़ दें।
- सबसे जरूरी बात: बच्चों या पालतू जानवरों को भूलकर भी बंद कार में अकेला न छोड़ें, यह जानलेवा हो सकता है।
थोड़ी सी सावधानी आपकी प्यारी कार और आपकी जान, दोनों को सुरक्षित रख सकती है।