Motorcycle safety accessories: चाहे आप रोज ऑफिस जाते हों या वीकेंड पर लंबी राइड का प्लान बनाते हों, सुरक्षा और सुविधा के लिए कुछ चीजें हमेशा सबसे जरूरी होती है। अगर आपकी बाइक में कुछ जरूरी एक्सेसरीज मौजूद हों, तो आप किसी भी इमरजेंसी से आसानी से निपट सकते हैं। आइए जानते हैं कि कौन-कौन सी चीजें हर बाइक राइडर के पास जरूर होनी चाहिए।
सुरक्षा के लिए सबसे जरूरी हैं ये एक्सेसरीज
- बाइक चलाते समय राइडर और पिलियन दोनों के लिए ISI मार्क वाला हेलमेट सबसे जरूरी है। इसके साथ हेलमेट लॉक भी रखना चाहिए, ताकि पार्किंग के दौरान हेलमेट सुरक्षित रहे।
- इसके अलावा, लेग गार्ड बाइक और आपके पैरों को गिरने की स्थिति में नुकसान से बचाता है। वहीं, बाइक चोरी से बचाने के लिए सिर्फ हैंडल लॉक काफी नहीं होता। डिस्क लॉक या अलार्म वाले एंटी-थेफ्ट लॉक का इस्तेमाल सुरक्षा को और बढ़ा देता है।
इमरजेंसी और टूल किट हमेशा रखें साथ
- कंपनी की ओर से मिलने वाले टूलबॉक्स को हमेशा बाइक के साथ रखें। अगर आपकी बाइक में ट्यूबलेस टायर हैं, तो स्ट्रिप-आधारित पंचर रिपेयर किट और एक छोटा पोर्टेबल एयर पंप बेहद काम आ सकता है।
- हालांकि हमें हर परिस्थित के लिए तैयार रहना चाहिए। इसलिए इमरजेंसी के लिए डेटॉल, पट्टी, पेन किलर और एंटीसेप्टिक क्रीम जैसी चीजों वाली फर्स्ट एड किट भी अपने साथ जरूर रखें।
राइडिंग एक्सपीरियंस बेहतर बनाने वाली चीजें
- अगर आप नई जगहों पर सफर करते हैं, तो वॉटरप्रूफ मोबाइल होल्डर काफी काम आता है। इसकी मदद से GPS इस्तेमाल करना आसान हो जाता है।
- इसके अलावा, मौसम का भरोसा नहीं होता, इसलिए बाइक के साइड बैग में हमेशा एक हल्का रेनकोट जरूर रखें। पर्सनल सामान, जरूरी कागजात और टूल किट को सुरक्षित रखने के लिए टैंक बैग या साइड बैग भी काफी उपयोगी साबित होते हैं।
लंबी यात्रा में काम आएंगे ये सामान
- लंबी दूरी की यात्रा के दौरान बाइक की चेन सूख सकती है। ऐसे में छोटा चेन ल्यूब स्प्रे साथ रखने से बाइक की परफॉर्मेंस बेहतर बनी रहती है।
- इसके अलावा, बाइक के मिरर, वाइजर और मीटर कंसोल को साफ रखने के लिए माइक्रोफाइबर कपड़ा भी अपने साथ रखना चाहिए।
क्यों जरूरी हैं ये एक्सेसरीज?
अगर बाइक में ये सभी जरूरी एक्सेसरीज मौजूद हों, तो आपकी यात्रा न सिर्फ सुरक्षित और आरामदायक बनती है, बल्कि इमरजेंसी की स्थिति में समय और पैसे दोनों की बचत भी होती है। छोटी-सी तैयारी आपको बड़ी परेशानी से बचा सकती है।