Most Affordable Car After GST Rate Cut Petrol, Diesel Or Electric: नए जीएसटी स्लैब 22 सितंबर से देशभर में लागू कर दिए गए हैं। इसे लेकर कार ग्राहकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। कार कंपनियों ने इसका फायदा ग्राहकों तक पहुंचाने के लिए छोटी-बढ़ी सभी कारों की कीमतें कम कर दी हैं। आइए जानते हैं अब पेट्रोल, डीजल, सीएनजी या इलेक्ट्रिक में से कौन-सी कार खरीदना सबसे किफायती होगा।
सरकार ने नए जीएसटी स्लैब के तहत गाड़ियों पर लगने वाले टैक्स को कम कर आम ग्राहकों को बड़ी राहत दी है। पहले गाड़ियों पर 28%-30% टैक्स लगता था जिसे अब घटाकर 18% कर दिया गया है। वहीं, बड़ी और लग्जरी कारों पर यह टैक्स 45%-50% से घटकर अब केवल 40% पर आ गया है। ऐसे में यदि आप एक नई कार खरीदने का प्लान बना रहे हैं तो पहले जान लें कि आपके लिए पेट्रोल, डीजल, हाइब्रिड या इलेक्ट्रिक में से कौन-सी कार खरीदना अधिक फायदेमंद होगा।
विज्ञापन
पेट्रोल गाड़ियों पर मिली बड़ी राहत
अगर आप एक छोटी कार खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए सबसे ज़्यादा फायदेमंद है। उन सभी पेट्रोल, CNG, LPG और पेट्रोल-हाइब्रिड कारों पर अब 28% के जगह 18% GST लगेगा, जिनकी लंबाई 4000mm तक है और इंजन 1200cc (1.2 लीटर) तक का है। इन कारों में Hyundai i10, Tata Punch, Maruti Suzuki Swift, Hyundai Exter, Maruti Dzire, Tata Nexon जैसी गाड़ियां शामिल हैं।
उदाहरण के तौर पर, अगर एक Maruti Swift की एक्स शोरूम कीमत 6.49 लाख रुपये है, तो नए GST स्लैब के बाद इसकी कीमत लगभग 65,000 रुपये तक कम हो सकती है। यानी, आपको अपनी पसंदीदा हैचबैक या कॉम्पैक्ट एसयूवी खरीदने के लिए अब कम पैसे खर्च करने होंगे।
डीजल गाड़ियां भी हुईं सस्ती
पेट्रोल की तरह ही, डीजल गाड़ियों को भी थोड़ी राहत दी गई है। उन डीजल और डीजल हाइब्रिड कारों पर भी 18% GST लगेगा जिनकी लंबाई 4000mm तक है और इंजन 1500cc (1.5 लीटर) तक का है। इस श्रेणी में Tata Altroz, Tata Nexon, Kia Sonet, और Mahindra XUV300 जैसी लोकप्रिय डीजल गाड़ियां आती हैं। जबकि, Mahindra Scorpio-N, Scorpio Classic, Toyota Fortuner, Kia Carens, MG Hector ( पेट्रोल और टर्बो चार्ज डीजल इंजन) पर 40% जीएसटी लगेगा।
इलेक्ट्रिक गाड़ियों पर कोई बदलाव नहीं
इलेक्ट्रिक वाहनों पर GST की दरों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। बता दें कि सरकार पहले से ही इलेक्ट्रिक कार, स्कूटर, बाइक और थ्री-व्हीलर पर केवल 5% जीएसटी वसूल रही है, जिसमें बदलाव नहीं किया गया है। इसलिए यह ग्राहकों के लिए अब भी सबसे किफायती ऑप्शन हैं। इसके साथ ही इलेक्ट्रिक गाड़ियों पर कई राज्यों में रोड टैक्स में छूट और सब्सिडी भी मिलती है, जिससे ग्राहकों की मोटी बचत हो सकती है।
छोटी कारें सबसे किफायती
अलग-अलग तरह की गाड़ियों पर नए जीएसटी रेट को देखें तो 1.0, 1.2 और 1.5 लीटर पेट्रोल और हाइब्रिड इंजन में 4-मीटर तक की कारें खरीदना सबसे किफायती ऑप्शन बन गया है। वहीं, अगर आप डीजल का खरीदते हैं तो 1.5 लीटर तक में आने वाली 4-मीटर लंबाई तक की डीजल कारें किफायती हो गई हैं। अगर आप इस फेस्टिव सीजन में नई गाड़ी खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो अब आपके पास बचत करने का सबसे अच्छा मौका है।