सोशल मीडिया की दिग्गज कंपनी मेटा ने फेसबुक पर क्रिएटर्स की वापसी और नए टैलेंट को जोड़ने के लिए एक बड़ा दांव खेला है। 18 मार्च को पेश किया गया क्रिएटर्स फास्ट ट्रैक प्रोग्राम उन लोगों के लिए है जो फेसबुक पर अपनी पहचान बनाना चाहते हैं। इसके पीछे प्लेटफॉर्म का मकसद तेजी से फॉलोअर्स बढ़ाना, कंटेंट की रीच बढ़ाना और शुरुआती कमाई की गारंटी देना है। यह खासतौर पर उन लोगों के लिए है जो दूसरे प्लेटफॉर्म पर पहले से पॉपुलर हैं, लेकिन फेसबुक पर नए हैं या कम एक्टिव हैं।
कैसे मिलेगी ग्रोथ?
इस प्रोग्राम में आपकी रील्स की रीच बढ़ाई जाएगी और एल्गोरिद्म आपको ज्यादा लोगों तक पहुंचाएगा। माना जा रहा है कि इससे जल्दी फॉलोअर्स के साथ एंगेजमेंट भी बढ़ेगा।
कैसे होगी कमाई?
इस प्रोग्राम की सबसे खास बात इसकी फिक्स्ड मंथली इनकम है। आपकी कमाई आपके दूसरे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के फॉलोअर्स पर आधारित होगी।
- 1 लाख से अधिक फॉलोअर्स: अगर आपके इंस्टाग्राम या यूट्यूब पर 1 लाख फॉलोअर्स हैं, तो फेसबुक आपको हर महीने एक हजार डॉलर यानी की करीब 83 हजार रुपये देगा।
- 10 लाख से अधिक फॉलोअर्स: बड़े क्रिएटर्स को हर महीने 3,000 डॉलर यानी लगभग 2,78,000 रुपये तक कमाने का मौका मिलेगा। यह पेमेंट 3 महीने तक सुनिश्चित की जाएगी, बशर्ते आप नियमित कंटेंट शेयर करें।
ये भी पढ़ें: X Dislike Button: यूट्यूब की तरह अब X पर भी मिलेगा डिसलाइक बटन, केवल वेरिफाइड यूजर्स के लिए होगा रिलीज
रील्स पर खास फोकस
फेसबुक ने खुलासा किया है कि 2025 में उसने क्रिएटर्स को 3 बिलियन डॉलर बांटे हैं, जिसमें से 60% हिस्सा केवल रील्स से आया है। इस नए प्रोग्राम के तहत, आपकी एलिजिबल रील्स की रीच को सिस्टम खुद बूस्ट करेगा, जिससे आपके फॉलोअर्स रातों-रात बढ़ सकते हैं।
कमाई समझने के लिए नए स्मार्ट मेट्रिक्स
क्रिएटर्स अक्सर इस बात से परेशान रहते थे कि उन्हें किस वीडियो पर कितने पैसे मिले। अब फेसबुक डैशबोर्ड में तीन नए फीचर्स दिखेंगे:
- क्वालिफाइड व्यूज: वो व्यूज जिनसे असल में कमाई हुई है।
- अर्निग रेट:आपको हर एक हजार व्यूज पर कितने पैसे मिल रहे हैं।
- नॉन-क्वालिफाइड व्यूज: फेसबुक यह भी बताएगा कि कुछ व्यूज से कमाई क्यों नहीं हुई जैसे- कॉपीराइट या पॉलिसी उल्लंघन।
लाइफटाइम कमाई का मौका
यह सिर्फ तीन महीने का प्रोग्राम नहीं है। इसमें शामिल होते ही आपको फेसबुक कंटेंट मॉनीटाइजेशन का एक्सेस मिल जाएगा। प्रोग्राम खत्म होने के बाद भी आप इन-स्ट्रीम एड्स और अन्य टूल्स के जरिए पैसे कमाना जारी रख पाएंगे।
कैसे करें आवेदन?
फिलहाल यह प्रोग्राम इनवाइट-ओनली मतलब की बुलावे पर आधारित है। लेकिन आप अपनी दावेदारी पेश कर सकते हैं:
- अपने फेसबुक एप के प्रोफेशनल डैशबोर्ड पर जाएं।
- मॉनीटाइजेशन सेक्शन में जाएं।
- वहां दिए गए इंटरेस्ट फॉर्म को भरें ताकि फेसबुक की टीम आपके प्रोफाइल की जांच कर सके।