लग्जरी कार निर्माता मर्सिडीज बेंज इंडिया ने अपने चाकण (पुणे) संयंत्र में ऑल-न्यू इलेक्ट्रिक जीएलसी 400 4 मैटिक का स्थानीय उत्पादन शुरू कर दिया है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार की उपस्थिति में पहले मेड इन इंडिया इलेक्ट्रिक जीएलसी को असेंबली लाइन से रोल-आउट किया गया। यह भारत में मर्सिडीज-बेंज की पहली स्थानीय रूप से निर्मित इलेक्ट्रिक एसयूवी है। पुणे संयंत्र अब जर्मनी के ब्रेमेन प्लांट के बाद इस मॉडल का उत्पादन करने वाला दूसरा वैश्विक केंद्र बन गया है।
भारत में कंपनी का निवेश बढ़कर 3,200 करोड़ रुपये होगा
कंपनी वर्ष 2026 में अपने विनिर्माण संचालन और डिजिटलीकरण को मजबूत करने के लिए 200 करोड़ रुपये का अतिरिक्त निवेश करेगी। इसके साथ ही भारत में कंपनी का कुल निवेश बढ़कर 3,200 करोड़ रुपये हो जाएगा। इलेक्ट्रिक जीएलसी 400 4 मैटिक की एक्स-शोरूम कीमत 78.50 लाख रुपये निर्धारित की गई है।
कब शुरू होगी डिलीवरी?
ग्राहकों को इसकी डिलीवरी नवंबर 2026 के मध्य से शुरू की जाएगी। ग्राहकों को देशभर में 22,000 से अधिक चार्जिंग पॉइंट्स और 2,500 किलोवाट घंटा तक कॉम्प्लिमेंट्री चार्जिंग क्रेडिट (मुफ्त रीचार्ज) की सुविधा मिलेगी।