जर्मनी में मर्सिडीज-बेंज के सभी नए निवेश रुके
- फोटो : एआई जनरेटेड
मर्सिडीज-बेंज ने अपने घरेलू कारोबार को लेकर एक बड़ा और हैरान करने वाला फैसला लिया है। कंपनी ने जर्मनी में अपने सभी प्लांट्स पर नए निवेश को रोक दिया है। इसकी बड़ी वजह कर्मचारियों की यूनियन्स और वर्क्स काउंसिल के साथ लेबर कॉस्ट यानी श्रम लागत को लेकर सहमति नहीं बन पाना है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी अब जर्मनी में अपने कुछ प्लांट बंद करने के विकल्प पर भी गंभीरता से विचार कर रही है। इससे हजारों नौकरियों पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। यह फैसला ऐसे समय आया है, जब जर्मनी का पूरा ऑटोमोबाइल सेक्टर बढ़ती लागत और अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा के दबाव से जूझ रहा है।
जर्मनी के प्लांट्स में सभी नए निवेश पर रोक
- मर्सिडीज-बेंज के प्रोडक्शन चीफ माइकल शीबे ने पुष्टि की है कि कंपनी ने जर्मनी में अपने सभी ठिकानों पर आगे के निवेश रोकने का फैसला किया है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी और कर्मचारी प्रतिनिधियों के बीच लागत कम करने को लेकर कई महीनों से बातचीत चल रही थी, लेकिन कोई सहमति नहीं बन पाई।
- कंपनी का कहना है कि मौजूदा लागत ढांचे में जर्मनी में निवेश करना मुश्किल हो रहा है। ऐसे में प्रबंधन ने फिलहाल नए निवेश रोकने का कदम उठाया है। यह फैसला जर्मनी में कंपनी के भविष्य के उत्पादन और विस्तार की योजनाओं पर असर डाल सकता है।
दो प्लांट बंद होने का भी खतरा
- निवेश रोकने के साथ ही मर्सिडीज-बेंज अब जर्मनी में अपने कुछ प्लांट बंद करने के विकल्प की भी जांच कर रही है। हालांकि कंपनी ने पहले ही चेतावनी दे दी थी कि अगर उत्पादन लागत कम करने पर सहमति नहीं बनी तो दो प्लांट बंद करने पड़ सकते हैं।
- कंपनी की प्रबंधन बोर्ड सदस्य ब्रिटा सीगर ने कहा है कि प्रबंधन प्लांट बंद करने से बचना चाहता है, लेकिन अब इस विकल्प पर ज्यादा विस्तार से विचार करना जरूरी हो गया है।
- हालांकि, कंपनी ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि किन प्लांट्स को बंद करने पर विचार किया जा रहा है। ऐसे में संभावित रूप से प्रभावित होने वाले ठिकानों और नौकरियों की संख्या को लेकर भी अभी स्थिति साफ नहीं है।
क्या है विवाद का कारण?
- मर्सिडीज-बेंज और कर्मचारी संगठनों के बीच विवाद की बड़ी वजह लेबर कॉस्ट यानी की श्रम लागत है। जर्मनी की प्रमुख औद्योगिक यूनियन IG Metall ने कर्मचारियों के वेतन में 5% बढ़ोतरी की मांग की है।
- दूसरी ओर, कंपनी लागत कम करना चाहती है। प्रबंधन का मानना है कि जर्मनी में उत्पादन की लागत अधिक होने के कारण यहां कारोबार चलाना और नए निवेश करना चुनौतीपूर्ण हो रहा है। दोनों पक्षों के बीच इसी मुद्दे पर सहमति नहीं बन पा रही है।
जर्मनी का पूरा ऑटो सेक्टर दबाव में
- यह मामला सिर्फश्रम लागत तक सीमित नहीं है। जर्मनी का ऑटोमोबाइल उद्योग इस समय कई चुनौतियों का सामना कर रहा है। यहां उत्पादन और श्रम की लागत अधिक है। इसके अलावा, वैश्विक बाजार में प्रतिस्पर्धा भी लगातार बढ़ रही है।
- ऑटो एनालिस्ट्स का मानना है कि जर्मनी का हाई कॉस्ट स्ट्रक्चर वहां की कार कंपनियों के लिए बड़ी चुनौती बन रहा है। ऐसे माहौल में कंपनियां अपनी उत्पादन लागत घटाने और कारोबार को ज्यादा प्रतिस्पर्धी बनाने के रास्ते तलाश रही हैं।
क्या नौकरियों पर भी पड़ेगा असर?
- अगर मर्सिडीज-बेंज जर्मनी में अपने कुछ प्लांट बंद करने का फैसला करती है तो इसका असर वहां काम करने वाले कर्मचारियों और कंपनी से जुड़े अन्य लोगों पर पड़ सकता है। हालांकि, फिलहाल कंपनी ने किसी प्लांट को बंद करने या नौकरियों में कटौती का अंतिम फैसला नहीं लिया है।
- कुल मिलाकर, जर्मनी में नए निवेश रोकने का मर्सिडीज-बेंज का फैसला वहां के ऑटोमोबाइल उद्योग के लिए गंभीर संकेत है। आने वाले समय में कंपनी और यूनियनों के बीच होने वाली बातचीत से तय होगा कि प्लांट बंद करने की नौबत आती है या लागत घटाने पर कोई समझौता हो पाता है।