लग्जरी कार बनाने के लिए मशहूर जर्मनी की दिग्गज ऑटोमोबाइल कंपनी Mercedes-Benz (मर्सिडीज-बेंज) ने भारत में अपनी सबसे सस्ती लग्जरी सेडान कार A-Class Limousine (ए-क्लास लिमोसिन) लॉन्च कर दी है। कंपनी ने अपनी इस नई सेडान को तीन वेरिएंट्स - A 200, A 200d और A 35 AMG में लॉन्च किया है। यह मर्सिडीज-बेंज की देश में एंट्री-लेवल लग्जरी सेडान मॉडल है। कंपनी ने इसे पिछले साल ऑटो एक्सपो में पेश किया था। मर्सिडीज इस मॉडल को खास तौर पर युवा ग्राहकों और पहली बार लक्जरी कार खरीदने के इच्छुक ग्राहकों को ध्यान में रखकर उतारा है। लॉन्चिंग के साथ ही यह सेडान कार अगले दो महीनों के लिए पहले ही बिक गई है। कार निर्माता ने बताया कि नए ग्राहकों को यह कार दो महीने से पहले नहीं मिल पाएगी।
सबसे सस्ती लग्जरी सेडान की कीमत
मर्सिडीज-बेंज ने भारत में Mercedes A-Class Limousine के A 200 मॉडल की एक्स-शोरूम कीमत 39.9 लाख रुपये रखी है। वहीं डीजल इंजन मॉडल A-Class A 200d की कीमत 40.90 लाख रुपये है। जबकि A 35 AMG वेरिएंट की कीमत 56.24 लाख रुपये है। सभी कीमतें एक्स-शोरूम की हैं। बता दें, यह नई A-Class की इंट्रोडक्टरी कीमत है। कंपनी भविष्य में इसे बढ़ाएगी।
दमदार इंजन और स्पीड
Mercedes-Benz A-Class Limousine (मर्सिडीज-बेंज ए-क्लास लिमोसिन) तीन इंजन विकल्पों और दो ट्रांसमिशन ऑप्शन के साथ पेश किया गया है। A 200 वेरिएंट में 1.3-लीटर टर्बोचार्ज्ड पेट्रोल इंजन मिलता है। यह 161 bhp का पावर और 250 Nm का टॉर्क जेनरेट करता है। इस इंजन में 7-स्पीड ड्यूल-क्लच (DCT) ऑटोमैटिक गियरबॉक्स मिलता है।
वहीं A 200d वेरिएंट में 2.0-लीटर डीजल इंजन मिलता है जो 147 bhp का पावर और 320 Nm का पीक टॉर्क जेनरेट करता है। इस इंजन के साथ 8-स्पीड डीसीटी ऑटोमैटिक गियरबॉक्स दिया गया है।
लेकिन ड्राइविंग का ज्यादा आनंद A 35 AMG वेरिएंट में मिलता है। इसमें 2.0-लीटर टर्बोचार्ज्ड पेट्रोल मिलता है, जो 302 bhp का पावर और 400 Nm का जबरदस्त टॉर्क जेनरेट करता है। A 35 AMG वेरिएंट सिर्फ 4.8 सेकंड में 100 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार पकड़ सकता है। इस कार की टॉप स्पीड 200 किलोमीटर प्रति घंटा है।
सबसे ज्यादा वारंटी
मर्सिडीज-बेंज ए-क्लास लिमोसिन के इंजन और ट्रांसमिशन पर आठ साल की वारंटी स्टैंडर्ड तौर पर दे रही है। ऐसा ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री में पहली बार हो रहा है।
आकर्षक डिजाइन
मर्सिडीज-बेंज ए-क्लास लिमोसिन में वाइड हेक्सागोनल ग्रिल, एल-आकार के एलईडी सिगनेचर बैक-स्वेप्ट हेडलैंप्स, ए-आकार की एलईडी स्प्लिट टेल लाइट्स दी गई हैं। इसके अलावा फ्रंट बंपर, बी-पिलर, रियर बंपर में कार्बन फाइबर ट्रिम्स मिलते हैं। मर्सिडीज-बेंज ए-क्लास AMG वेरिएंट का लुक रेगुलर A-Class से थोड़ा अलग है। इसमें एक अलग रेडिएटर ग्रिल, एक नया बंपर, अलग-अलग एयर इंटेक, नया रियर बंपर, ड्यूल-टोन अलॉय व्हील्स और एक रियर डिफ्यूजर दिया गया है।
शानदार फीचर्स
मर्सिडीज-बेंज ए-क्लास लिमोसिन भारत में एंट्री-लेवल लग्जरी सेडान कार है। बावजूद इसके कंपनी ने इसमें ढेर सारे फीचर्स दिए हैं। इस कार में पैनोरमिक सनरूफ, वायरलेस स्मार्टफोन चार्जिंग सिस्टम, रिवर्स कैमरा जैसे शानदार फीचर्स मिलते हैं। इसके अलावा इस कार में 12.3-इंच का फुल डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और 12.3-इंच टचस्क्रीन के साथ MBUX सिस्टम, ढेर सारे कनेक्टेड-कार फीचर्स, मर्सिडीज मी कनेक्टिविटी सूट, मेमोरी फंक्शन, एंबियंट लाइटिंग, इलेक्ट्रिकली एडजस्टेबल फ्रंट सीट मिलती हैं। इसके साथ ही 5 USB C- चार्जिंग पॉइंट, डैशकैम, इलेक्ट्रिक सनरूफ और टू-जोन क्लाइमेट कंट्रोल सिस्टम, गूगल होम और एलेक्सा का भी ऑप्शन मिलता है। कार में सामान रखने के लिए काफी स्टोरेज स्पेस मिलता है। कार के पेट्रोल वेरिएंट 405-लीटर का बूट स्पेस और डीजल वेरिएंट में 395-लीटर का बूट स्पेस दिया गया है।