महिंद्रा एंड महिंद्रा अपनी एसयूवी स्कॉर्पियो एन के फेसलिफ्ट वर्जन पर काम कर रही है। हाल ही में भारत की सड़कों पर टेस्टिंग के दौरान इसे स्पॉट किया गया। जिसमें नई डिजाइन में स्कॉर्पियो लाइफस्टाइलर की झलक देखने को मिली है। हालांकि महिंद्रा के चीफ डिजाइन ऑफिसर यह स्पष्ट कर चुके हैं कि इफस्टाइलर स्कॉर्पियो एन और ब्रांड के भविष्य के मॉडलों की डिजाइन दिशा तय कर सकता है।
महिंद्रा स्कॉर्पियो एन के एक भारी कैमफ्लाज वाले टेस्ट म्यूल को भारत में टेस्टिंग के दौरान देखा गया है। सामने आई तस्वीरों में एसयूवी के फ्रंट हिस्से में बदलाव नजर आ रहे हैं। खास बात है कि इसका फ्रंट डिजाइन हाल ही में पेश की गई स्कॉर्पियो लाइफस्टाइलर पिकअप से प्रेरित हो सकता है।
विज्ञापन
महिंद्रा के चीफ डिजाइन ऑफिसर प्रताप बोस पहले ही संकेत दे चुके हैं कि लाइफस्टाइलर की डिजाइन भाषा सिर्फ पिकअप तक सीमित नहीं रहेगी। उन्होंने कहा था कि इसका कुछ डिजाइन प्रभाव स्कॉर्पियो एन के साथ भविष्य के स्कॉर्पियो परिवार के मॉडल्स में दिखाई दे सकता है। हालांकि, इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि स्कॉर्पियो एन का डिजाइन पिकअप की हूबहू कॉपी होगा।
स्पाय शॉट्स में क्या देखने को मिला?
टेस्ट म्यूल का फ्रंट हिस्सा पूरी तरह कैमफ्लाज में है, लेकिन इसमें गोल आकार की अस्थायी हेडलैम्प यूनिट्स दिखाई दे रही हैं। फ्रंट एंड के प्रोपोर्शन्स भी मौजूदा मॉडल की तुलना में ज्यादा चौड़े और आक्रामक नजर आते हैं।
यह डिजाइन लाइफस्टाइलर के स्लिम लाइटिंग एलिमेंट्स, बड़े ग्रिल और मस्कुलर बंपर से कुछ हद तक मेल खाता है। हालांकि, मौजूदा स्पाय शॉट्स के आधार पर यह कहना जल्दबाजी होगी कि प्रोडक्शन मॉडल में पिकअप का यही डिजाइन इस्तेमाल किया जाएगा। हालांकि लाइफस्टाइलर की डिजाइन लैंग्वेज से कुछ क्यूज लेकर उन्हें स्कॉर्पियो एन के एसयूवी फॉर्मेट के हिसाब से अपना सकता है।
विज्ञापन
बॉडी और सिल्हूट में बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं
फ्रंट एंड को छोड़ दें तो टेस्ट म्यूल की बेसिक बॉडी स्ट्रक्चर मौजूदा स्कॉर्पियो एन जैसी ही नजर आती है। डोर, विंडो लाइन, अपराइट ग्रीनहाउस और बॉक्सी सिल्हूट में कोई बड़ा बदलाव दिखाई नहीं देता।
टेस्ट व्हीकल में स्टील व्हील्स भी नजर आ रहे हैं। हालांकि, इसे प्रोडक्शन मॉडल के फाइनल व्हील डिजाइन का संकेत नहीं माना जाना चाहिए। डेवलपमेंट और टेस्टिंग के दौरान कंपनियां अक्सर साधारण व्हील्स का इस्तेमाल करती हैं।
इंटीरियर में भी हो सकते हैं बदलाव
इतना ही नहीं स्कॉर्पियो एन के संभावित अगले बड़े अपडेट में इंटीरियर पर भी ध्यान दिया जा सकता है। स्कॉर्पियो लाइफस्टाइलर में पोर्ट्रेट-ओरिएंटेड टचस्क्रीन, नया डैशबोर्ड और अलग सेंटर कंसोल लेआउट देखने को मिला है।
ऐसे में संभावना है कि भविष्य के स्कॉर्पियो एन में भी लाइफस्टाइलर की कुछ डिजाइन और टेक्नोलॉजी से प्रेरित बदलाव देखने को मिलें। हालांकि, अभी महिंद्रा ने यह पुष्टि नहीं की है कि एसयूवी के केबिन में कौन-कौन से बदलाव किए जाएंगे। लाइफस्टाइलर में वर्टिकल स्क्रीन को लेकर प्रताप बोस ने इसे वाहन के इस्तेमाल के तरीके के आधार पर लिया गया डिजाइन फैसला बताया है।
इंजन में बदलाव होगा या नहीं?
फिलहाल इसकें इंजन पर कुछ नहीं कहा जा सकता, क्योंकि पावरट्रेन में किसी बड़े बदलाव की जानकारी सामने नहीं आई है। स्कॉर्पियो एन को अगस्त 2026 में ही फीचर और इंटीरियर से जुड़े अपडेट मिल चुके हैं। इसलिए अगर महिंद्रा भविष्य में इसका बड़ा डिजाइन अपडेट लाती है, तो फोकस एक्सटीरियर स्टाइलिंग, केबिन और टेक्नोलॉजी पर रहने की संभावना है।
हालांकि, इंजन या गियरबॉक्स में बदलाव की आधिकारिक जानकारी सामने आने तक इस बारे में किसी निष्कर्ष पर पहुंचना सही नहीं होगा।
कब तक आ सकती है नई स्कॉर्पियो एन?
फिलहाल महिंद्रा ने स्कॉर्पियो एन के इस टेस्ट म्यूल के प्रोडक्शन वर्जन या लॉन्च टाइमलाइन की आधिकारिक घोषणा नहीं की है। इसलिए 2027 की लॉन्च टाइमलाइन को अभी संभावित अपडेट के तौर पर ही देखना चाहिए।
स्पाय शॉट्स से इतना जरूर संकेत मिलता है कि महिंद्रा स्कॉर्पियो परिवार के डिजाइन को एक नई दिशा देने पर काम कर रही है। स्कॉर्पियो लाइफस्टाइलर को अप्रैल 2027 तक भारत में लॉन्च किए जाने की योजना है और कंपनी ने इसके जरिए स्कॉर्पियो ब्रांड की डिजाइन पहचान को आगे बढ़ाने के संकेत दिए हैं।
मौजूदा स्कॉर्पियो एन खरीदने वालों के लिए क्या मतलब?
अभी सामने आई तस्वीरें शुरुआती टेस्ट म्यूल की हैं और एसयूवी भारी कैमफ्लाज में है। इसलिए हेडलैम्प, ग्रिल, बंपर या अलॉय व्हील्स के डिजाइन को फाइनल मानना जल्दबाजी होगी।
अगर आप अगले कुछ महीनों में स्कॉर्पियो एन खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो सिर्फ इन स्पाय शॉट्स के आधार पर खरीदारी टालने या मौजूदा मॉडल पर भारी डिस्काउंट की उम्मीद करने का कोई ठोस आधार नहीं है। आने वाले महीनों में सामने आने वाली साफ स्पाय तस्वीरों या महिंद्रा की आधिकारिक जानकारी से ही बदलावों की सही तस्वीर स्पष्ट होगी।