फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Automobile Update: ऑटोमोबाइल जगत के लिए कैसा रहा मार्च का तीसरा हफ्ता, जानें कितने वाहन हुए पेश

Sun, 26 Mar 2023 04:10 PM IST
समीर गोयल ऑटो डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

ऑटो जगत के लिए मार्च का तीसरा हफ्ता काफी खास रहा। इस बीच कई नई कार और बाइक लॉन्च हुईं तो कई नई कारों और बाइक्स की जानकारी सामने आईं। बीते हफ्ते क्या खास रहा। आइए जानते हैं।

विज्ञापन
1 of 22
For Reference Only - फोटो : hyundai india

मार्च का तीसरा हफ्ता ऑटोमोबाइल जगत के लिए काफी कुछ नया लेकर आया। इस दौरान कई नए वाहनों को भी पेश किया गया। इसके अलावा कुछ कंपनियों ने भविष्य की तैयारियों की जानकारी को साझा किया। हम इस खबर में आपको 20 मार्च से 26 मार्च के बीच ऑटोमोबाइल जगत की कुछ जानकारियों को साझा कर रहे हैं।

Trending Videos
विज्ञापन

टोयोटा इनोवा क्रिस्टा की कीमत का हुआ खुलासा

2 of 22
For Reference Only - फोटो : Toyota Bharat
कंपनी की वेबसाइट पर टोयोटा इनोवा क्रिस्टा की कीमतों की जानकारी कंपनी ने साझा कर दी है। कंपनी की ओर से इसके जीएक्स फ्लीट और जीएस वैरिएंट की कीमतों की जानकारी को ही सार्वजनिक किया गया है। जेडएक्स और वीएक्स वैरिएंट की कीमतों की जानकारी अभी कंपनी की ओर से वेबसाइट पर नहीं दी गई है। टोयोटा की वेबसाइट पर दी गई जानकारी के मुताबिक इनोवा क्रिस्टा 2023 के जीएक्स वैरिएंट की एक्स शोरुम कीमत 19.99 लाख रुपये दिल्ली है। इसके फ्लीट और नॉर्मल जीएक्स वैरिएंट की कीमत को एक ही रखा गया है। कंपनी की वेबसाइट पर इसकी बुकिंग भी जारी है। इनोवा क्रिस्टा 2023 के लिए 50 हजार रुपये में बुकिंग भी करवाई जा सकती है। इनोवा क्रिस्टा में कंपनी की ओर से 2.4 लीटर का डीजल इंजन दिया गया है। इस इंजन को पांच स्पीड मैनुअल ट्रांसमिशन के साथ ऑफर किया जा रहा है। इसके अलावा इसमें ईको और पावर ड्राइव मोड भी दिए गए हैं। एमपीवी में सेफ्टी का भी ध्यान रखा गया है। इसमें सात एसआरएस एयरबैग, फ्रंट और रियर पार्किंग सेंसर, व्हीकल स्टेबिलिटी कंट्रोल, हिल स्टार्ट असिस्ट कंट्रोल, एबीएस, ईबीडी, ब्रेक असिस्ट और थ्री पाइंट सीटबेल्ट दिए गए हैं।
विज्ञापन

बीवाईडी ने हासिल की उपलब्धि

3 of 22
बीवाईडी Atto3 - फोटो : BYD India
बीवाईडी ने दो महीनों में 700 एट्टो 3 इलेक्ट्रिक एसयूवी की डिलीवरी की हैं। जनवरी में इसकी 340 यूनिट्स की डिलीवरी कंपनी की ओर से की गई थी। जनवरी 2023 में ऑटो एक्सपो के दौरान इसका लिमिटेड एडिशन लॉन्च किया गया था। एट्टो3 कंपनी का सबसे ज्यादा पसंद किया जाने वाले इलेक्ट्रिक मॉडल है। कई देशों में लॉन्च के बाद 11 महीनों में इसकी 2.5 लाख यूनिट्स की बिक्री हो चुकी है। भारत में इसकी शुरूआती एक्स शोरुम कीमत 33.99 लाख रुपये है।

लॉन्च हुई ह्यूंदै की नई वर्ना 2023

4 of 22
For Reference Only - फोटो : अमर उजाला
भारतीय बाजार में ह्यूंदै की ओर से नई वर्ना 2023 को लॉन्च किया गया है। कंपनी की ओर से इसमें कई खास फीचर्स को दिया गया है। इसके साथ ही इसकी कीमत को भी काफी आकर्षक रखा गया है। कंपनी की ओर से नई वर्ना में इंजन के दो विकल्प दिए गए हैं। इनमें से एक 1.5 लीटर का नेचुरल एस्पिरेटिड इंजन है और दूसरा इंजन 1.5 लीटर का टर्बो चार्ज इंजन है। 1.5 लीटर के नेचुरल एस्पिरेटिड इंजन से कार को 115 पीएस की पावर और 143.8 न्यूटन मीटर का टॉर्क मिलता है। जबकि दूसरे टर्बो इंजन से कार को 160 पीएस की पावर और 253 न्यूटन मीटर का टॉर्क मिलता है। कार में मैनुअल ट्रांसमिशन के अलावा ऑटोमैटिक में आईवीटी और डीसीटी दो विकल्प दिए गए हैं। कंपनी की ओर से नई वर्ना में कई खास फीचर्स को दिया है जो अभी तक इस सेगमेंट की किसी भी कार में नहीं मिलते। इनमें हीटेड सीट्स, वेंटिलेटिड सीट्स, पावर ड्राइवर सीट जैसे फीचर्स को दिया गया है। इसके इंटीरियर में भी एक काफी ज्यादा खास फीचर को दिया गया है। यह फीचर स्क्रीन में देखने को मिलता है। कार में इंफोटेनमेंट के लिए जो स्क्रीन दी गई है उसका उपयोग दो तरह से किया जा सकता है। पहला उपयोग तो इंफोटेनमेंट के लिए और दूसरा उपयोग कार के एसी, हीटर जैसे कई फीचर्स को कंट्रोल करने में किया जा सकता है। इसके लिए कंपनी ने खास तौर पर स्क्रीन को डिजाइन किया है। इसके अलावा इसमें ड्यूल टोन बेज और ब्लैक इंटीरियर, 64 कलर एंबिएंट लाइट, प्रीमियम लैदर अपहोल्स्ट्री, क्रैश पैड और डोर ट्रिम्स पर सॉफ्ट टच इंसर्ट, कूल्ड ग्लोव बॉक्स, स्टोरेज के साथ आर्मरेस्ट, पुश बटन स्टार्ट/स्टॉप, पैडल शिफ्टर्स, रियर मैनुअल कर्टेन, वायरलेस चार्जर, क्रूज कंट्रोल, ओटीए अपडेट, हिंग्लिश वायस कमांड के साथ ही 65 से ज्यादा कनेक्टिड कार फीचर्स मिलेंगे। नई वर्ना में कंपनी की ओर से ADAS जैसे सेफ्टी फीचर को भी दिया गया है। इसमें लेवल-2 का ADAS सिस्टम दिया गया है। जिसके साथ कुल 17 सेफ्टी फीचर्स को दिया गया है। इन फीचर्स में फॉर्वर्ड कॉलिजन वार्निंग, फॉर्वर्ड कॉलिजन अवाइडेंस असिस्ट, ब्लाइंड स्पॉट कॉलिजन वॉर्निंग, लेन कीप असिस्ट, लेन डिपार्चर वॉर्निंग, ड्राइवर अटेंशन वॉर्निंग, सेफ एग्जिट वॉर्निंग जैसे सिस्टम शमिल हैं। इससे कार को हाइवे पर चलाना और ज्यादा सुरक्षित हो गया है। कंपनी की ओर से नई वर्ना की इंट्रोडक्ट्री एक्स शोरुम कीमत 10.90 लाख रुपये तय की गई है। यह कीमत कुछ समय ही लागू रहेगी और बाद में कंपनी इन कीमतों में बदलाव भी कर सकती है। 10.90 लाख रुपये में नई वर्ना का ईएक्स वैरिएंट खरीदा जा सकता है, जबकि इसके टॉप वैरिएंट की एक्स शोरुम कीमत 17.38 लाख रुपये तय की गई है।
विज्ञापन

किआ ने पेश की नई कॉन्सेप्ट ईवी5

5 of 22
For Reference Only - फोटो : kia
साउथ कोरियाई कार कंपनी किआ मोटर्स की ओर से ग्लोबली नई एसयूवी को पेश किया गया है। ईवी5 नाम की नई कॉन्सेप्ट एसयूवी में कंपनी ने कैसे फीचर्स दिए हैं। नई ईवी5 को फ्यूचरिस्टिक एसयूवी के तौर पर डिजाइन किया गया है। भारत में मिलने वाली किआ की इकलौती इलेक्ट्रिक एसयूवी ईवी6 के मुकाबले ईवी5 का डिजाइन काफी बेहतर किया गया है। इसकी विंडशील्ड के नीचे सोलर पैनल भी दिया गया है जिससे कार की बैटरी को चार्ज किया जा सकता है। इसमें कंपनी की ओर से एलईडी लाइट्स के साथ ही डीआरएल भी दिए गए हैं। एसयूवी में 21 इंच के अलॉय व्हील्स भी दिए गए हैं। जानकारी के मुताबिक कंपनी की ओर से इसमें कई सेफ्टी फीचर्स को भी दिया गया है। कॉन्सेप्ट एसयूवी में कंपनी की ओर से आठ एयरबैग, सभी पहियों में डिस्क ब्रेक, एबीएस, ईबीडी, एचएसी, वीएसएम, एमसीबीए, ईएसएस और फ्रंट के साथ रियर पार्किंग सेंसर को दिया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इसे दो मोटर के विकल्प के साथ पेश किया जा सकता है। इसमें जो मोटर दी जाएगी उससे इसे 229 बीएचपी और 350 न्यूटन मीटर का टॉर्क मिल सकता है। एक बार चार्ज होने के बाद इसे करीब 530 किलोमीटर तक चलाया जा सकेगा। इसके प्रोडक्शन वर्जन में ऑल व्हील ड्राइव जैसे फीचर्स को भी दिया जा सकता है। कंपनी की ओर से अभी इसके कॉन्सेप्ट मॉडल को पेश किया गया है। इसके बाद कई तरह के टेस्ट के बाद ही इसका प्रोडक्शन वर्जन पेश किया जाएगा। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि कंपनी की ओर से ईवी5 को इस साल के आखिर तक या फिर अगले साल की शुरूआत में लॉन्च किया जा सकता है। कंपनी इसे सबसे पहले चीन के बाजार में लॉन्च कर सकती है और इसकी संभावित कीमत भी 30 लाख रुपये के आस-पास हो सकती है।
विज्ञापन

टाटा ने किया सभी गाड़ियों के इंजन को अपडेट

6 of 22
For Reference Only - फोटो : tata motors
टाटा मोटर्स ने अपने सभी वाहनों के इंजन को आरडीई नॉर्म्स के मुताबिक अपडेट कर दिया है। बीएस-6 के दूसरे चरण के मुताबिक अपडेट होने के बाद टाटा के वाहनों से कम प्रदूषण होगा और ज्यादा एवरेज मिलेगा। अपडेट के बाद टिगोर का एवरेज बढ़कर 19.60 KMPL तक हो जाएगा। पहले 19KMPL का एवरेज मिलता था। अल्ट्रोज पेट्रोल का एवरेज अब 19.30 किलोमीटर प्रति लीटर हो जाएगा। पहले यह 18.60 KMPL का एवरेज देती थी। कॉम्पैक्ट एसयूवी नेक्सन पेट्रोल का एवरेज अब 17.10 किलोमीटर प्रति लीटर तक होगा। पहले यह 16.35 था। टियागो के एवरेज में एक किलोमीटर प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है। अब यह हैचबैक 20.01 किलोमीटर प्रति लीटर का एवरेज देगी। टाटा की पंच का एवरेज बढ़कर 20.10 किलोमीटर प्रति लीटर तक हो जाएगा। पहले पंच का एवरेज 18.97 था।
विज्ञापन

दिल्ली में कम हुए वाहन

7 of 22
For Reference Only - फोटो : सोशल मीडिया
दिल्ली सरकार के आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट के मुताबिक राजधानी में वाहनों की संख्या कम हो गई है। दिल्ली में 2021-22 के दौरान वाहनों की संख्या 79.18 लाख रह गई। साल 2020-21 के दौरान यह संख्या एक करोड़ 22 लाख 53 हजार 250 थी। जानकारी के मुताबिक दिल्ली के परिवहन विभाग ने पिछले महीनों में 50 लाख के करीब वाहनों के रजिस्ट्रेशन रद्द किए हैं। जिन वाहनों का रजिस्ट्रेशन रद्द किया गया है उनमें 15 साल पुराने पेट्रोल और 10 साल पुराने डीजल वाहन शामिल हैं। दिल्ली में प्रति हजार लोगों पर 472 वाहन रजिस्टर्ड हैं। मौजूदा समय में दिल्ली में 52 लाख से ज्यादा दो पहिया और 20.76 लाख चार पहिया वाहन रजिस्टर्ड हैं।

महिंद्रा लगाएगी इलेक्ट्रिक कारों पर बड़ा दांव

8 of 22
For Reference Only - फोटो : सोशल मीडिया
भारत में एसयूवी बनाने वाली प्रमुख कंपनी महिंद्रा ऑटो जल्द ही एक से बढ़कर एक इलेक्ट्रिक वाहनों को पेश करने की तैयारी कर रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इसके लिए कंपनी एक यूनिट लगाएगी और उस यूनिट के लिए कंपनी कई करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी कर रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कंपनी फंड जुटाने के लिए ग्लोबल इन्वेस्टर्स से बात कर रही है। उम्मीद है कि कंपनी को इन इन्वेस्टर्स से एक बिलियन से लेकर 1.3 बिलियन के बीच का फंड मिल सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक ग्लोबल इनवेस्टर्स से मिलने वाले फंड का उपयोग कंपनी इलेक्ट्रिक वाहनों की यूनिट का विस्तार करने में करेगी। यूनिट का विस्तार होने से इलेक्ट्रिक वाहनों को बनाने की क्षमता भी ज्यादा होगी और इसका फायदा कंपनी को बाजार में ग्रोथ पाकर मिलेगा।

फॉक्सवैगन की दो गाड़ी हुई अपडेट

9 of 22
फॉक्सवैगन टाइगुन - फोटो : volkswagon india
फॉक्सवैगन की ओर से दो कारों को अपडेट में नए फीचर्स दिए गए हैं। जानकारी के मुताबिक टाइगुन और वर्टूस के फीचर्स को अपडेट किया गया है। इनमें ऑटो हेडलाइट्स, ऑटो कमिंग लाइट्स और रियर फॉग लैम्प्स भी मिलेंगे। कंपनी की ओर से अपनी कारों के इंजन को भी अपडेट दिया गया है। अपडेट के बाद इंजन बीएस-6 के दूसरे चरण के मुताबिक हो गए हैं, साथ ही इन्हें ई-20 ईथेनॉल से भी चलाया जा सकेगा। कंपनी एक अप्रैल से कारों की कीमतों में भी बढ़ोतरी कर देगी। जानकारी के मुताबिक फॉक्सवैगन की सभी कारें एक अप्रैल से दो फीसदी तक महंगी हो जाएंगी।

ब्रेजा सीएनजी कराएगी लंबा इंतजार

10 of 22
For Reference Only - फोटो : maruti suzuki
मारुति की ब्रेजा सीएनजी को 17 मार्च को ही लॉन्च किया गया है। लॉन्च के बाद इसे खरीदने वालों की संख्या में काफी बढ़ोतरी हुई है। बुकिंग करवाने के बाद डिलीवरी के लिए इसे करीब छह महीने का इंतजार करना पड़ सकता है। कंपनी ने ब्रेजा सीएनजी को 9.14 लाख रुपये की एक्स शोरुम कीमत पर लॉन्च किया है। ब्रेजा में सीएनजी का विकल्प एलएक्सआई, वीएक्सआई और जेडएक्सआई वैरिएंट में मिलता है। इसके टॉप वैरिएंट की एक्स शोरुम कीमत 12.05 लाख रुपये है।

होंडा ने रिकॉल की लाखों सिविक

11 of 22
For Reference Only - फोटो : सोशल मीडिया
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक होंडा कार्स ने एक गंभीर खामी के कारण सिविक सेडान कार को रिकॉल किया है। जानकारी के मुताबिक सिविक कार में गंभीर खामी की जानकारी मिलने के बाद रिकॉल किया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक साल 2022 और 2023 के दौरान बनी यूनिट्स में खामी की जानकारी मिली है। अमेरिकी संस्था के मुताबिक उसकी जांच शुरू होगी जिसमें सिविक को वापिस बुलाया जा सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक कुछ लोगों ने दावा किया है कि कार का स्टेयरिंग चिपचिपा हो जाता है। इससे जुड़ी 145 शिकायतें भी दर्ज की गई हैं। कंपनी ने ग्राहकों से कहा है कि अगर उन्हें परेशानी लगती है तो वो सर्विस सेंटर आ सकते हैं।

एक अप्रैल से बढ़ेंगी कीमतें

12 of 22
For Reference Only - फोटो : tata motors
मार्च के आखिर में ही कई वाहन निर्माताओं की ओर से इस बात की जानकारी दी गई है कि एक अप्रैल से उनके वाहनों की कीमतों में बढ़ोतरी होने वाली है। मारुति सुजुकी की ओर से इस बात की जानकारी दी गई है कंपनी एक अप्रैल 2023 से सभी वाहनों की कीमतों में बढ़ोतरी करने जा रही है। कंपनी की ओर से यह जानकारी नहीं दी गई है कि कितनी बढ़ोतरी की जाएगी। कंपनी ने कहा कि हमने लागत को कम करने के लिए हरसंभव कोशिश की है लेकिन अब कीमतें बढ़ाना जरूरी हो गया है। कंपनी की ओर से हर मॉडल पर अलग-अलग बढ़ोतरी की जाएगी। टाटा मोटर्स की ओर से पहले ही इस बात की जानकारी दी जा चुकी है कि कंपनी एक अप्रैल 2023 से कर्मशियल वाहनों की कीमतों में बढ़ोतरी कर देगी। कंपनी ने जानकारी दी थी कि वह एक अप्रैल से वाहनों की कीमतों में पांच फीसदी की बढ़ोतरी करेगी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक होंडा की ओर से भी एक अप्रैल 2023 से कारों की कीमतों में बढ़ोतरी हो सकती है। कंपनी की ओर से दो मार्च को ही नई सिटी लॉन्च की गई थी ऐसे में उम्मीद है कि सिटी की कीमतों में बदलाव ना हो लेकिन कंपनी की अन्य कारों की कीमतों में बदलाव किया जा सकता है। दो पहिया वाहन बनाने वाली प्रमुख कंपनी हीरो मोटोकॉर्प भी एक अप्रैल से अपने वाहनों की कीमतों में बढ़ोतरी कर देगी। कंपनी की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक एक अप्रैल 2023 से कंपनी अपनी बाइक्स और स्कूटर की कीमतों में दो फीसदी की बढ़ोतरी कर देगी। हर मॉडल की कीमतों में अलग-अलग बढ़ोतरी की जाएगी। एक अप्रैल से देशभर में बीएस-6 के दूसरे चरण के नियमों को लागू कर दिया जाएगा। इन नियमों के लागू होने के बाद वाहनों में रियल टाइम में ड्राइविंग एमिशंस को मॉनिटर किया जा सकेगा। ऐसे में कंपनियों की ओर से वाहनों के इंजन में अपडेट किए गए हैं, जिससे लागत में बढ़ोतरी हुई है। लागत में बढ़ोतरी होने के कारण कंपनियों की ओर से कीमतों में बढ़ोतरी की जा रही है।

जमकर खरीद रहे इलेक्ट्रिक वाहन

13 of 22
For Reference Only - फोटो : सोशल मीडिया
केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी की ओर से संसद में इस बात की जानकारी दी गई है कि देश में जनवरी से लेकर मार्च महीने तक कितने इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री हुई है। सरकार की ओर से दिए गए इन आंकड़ों के मुताबिक देश में लगातार इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री में इजाफा हो रहा है। केंद्रीय मंत्री के मुताबिक एक जनवरी 2023 से 19 मार्च 2023 तक भारत में 278976 यूनिट इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री हो चुकी है। इन आंकड़ों में तेलंगाना और लक्ष्यद्वीप के आंकड़ें शामिल नहीं हैं। ऐसे में अगर इन राज्यों में हुई बिक्री को भी जोड़ लिया जाएगा तो यह संख्या और ज्यादा हो जाएगी। सरकार की ओर से संसद में दी जानकारी के मुताबिक साल 2020 में 124026 वाहनों का रजिस्ट्रेशन हुआ था। वहीं साल 2021 के दौरान यह संख्या बढ़कर 329808 हो गई थी। साल 2022 के दौरान सबसे ज्यादा बढ़ोतरी दर्ज की गई और इस दौरान देशभर में कुल 1020679 वाहनों का रजिस्ट्रेशन किया गया। वहीं इस साल के 78 दिनों में ही 2.78 लाख से ज्यादा वाहनों का रजिस्ट्रेशन किया जा चुका है।

मर्सिडीज ने अपडेट की दो एसयूवी

14 of 22
For Reference Only - फोटो : सोशल मीडिया
मर्सिडीज ने अपनी दो एसयूवी को ग्लोबल स्तर पर अपडेट किया है। कंपनी ने जीएलए और जीएलबी एसयूवी को अपडेट किया है। दोनों में नए डिजाइन की ग्रिल, बंपर और हैडलैंप दिए गए हैं। इंटीरियर में 10.25 इंच का इंफोटेनमेंट, वायरलैस कनेक्टिविटी, हाई-बीम असिस्ट, रिवर्स कैमरा, हीटेड स्टेयरिंग दिए गए हैं। दोनों एसयूवी में अब प्लग-इन और माइल्ड हाइब्रिड तकनीक दी गई है। भारतीय बाजार में मौजूद इन मॉडल्स को जल्द ही अपडेट के साथ लॉन्च किया जा सकता है।

BMW की आर18 कॉन्टिनेंटल हुई लॉन्च

15 of 22
For Reference Only - फोटो : सोशल मीडिया
बीएमडब्ल्यू की ओर से आर18 कॉन्टिनेंटल बाइक में 1802 सीसी का बॉक्सटर ट्विन इंजन दिया गया है। इससे बाइक को 90 बीएचपी और 158 न्यूटन मीटर का टॉर्क मिलता है। बाइक की अधिकतम स्पीड 180 किलोमीटर प्रति घंटा है। बाइक में आगे और पीछे दोनों पहियों में डिस्क ब्रेक दिए गए हैं। इसे ब्लैक स्टॉर्म मेटैलिक, ग्रेविटी ब्लू मेटैलिक, मैनहट्टन मेटैलिक मैट, मिनरल वाइट मेटैलिक, गैलेक्सी डस्ट सहित पांच रंगों में ऑफर किया गया है। बाइक में 10.25 इंच का डिस्प्ले, मार्शल गोल्ड का म्यूजिक सिस्टम को दिया गया है। इसमें एक्टिव क्रूज कंट्रोल, स्विचेबल ट्रैक्शन कंट्रोल, ऑटोमैटिक स्टेबिलिटी कंट्रोल, डायनैमिक इंजन ब्रेकिंग कंट्रोल सेफ्टी फीचर्स हैं। बाइक की भारत में एक्स शोरुम कीमत 31.50 लाख रुपये है।

नए अवतार में आएगा होंडा एक्टिवा 125

16 of 22
For Reference Only - फोटो : honda 2 wheelers
जापानी दो पहिया कंपनी होंडा मोटरसाइकिल ओर स्कूटर्स की भारतीय ईकाई की ओर से जल्द ही भारतीय बाजार में नया एक्टिवा 125 लॉन्च किया जाएगा। अपडेटिड एक्टिवा 125 में कंपनी की ओर से कई खास फीचर्स को ऑफर किया जाएगा जो मौजूदा वर्जन में नहीं मिलते हैं। होंडा मोटरसाइकिल और स्कूटर्स इंडिया की वेबसाइट पर एक फोटो शेयर की गई है। जिसके मुताबिक नए एक्टिवा 125 में कंपनी की ओर से कई खास फीचर्स दिए जाएंगे। इन फीचर्स में स्मार्ट की, फुल डिजिटल स्पीडोमीटर को दिया जाएगा। स्मार्ट की को एच स्मार्ट तकनीक के साथ ऑफर किया जाएगा जिसके जरिए स्कूटर ज्यादा सुरक्षित तो होगा ही साथ ही स्मार्ट तरीके से अनलॉक और लॉक भी हो जाएगा। स्मार्ट स्टार्ट और स्मार्ट फाइंड जैसे फीचर्स को भी स्मार्ट की के जरिए उपयोग किया जा सकेगा। स्कूटर में डिजिटल स्पीडोमीटर भी दिया जाएगा। जिसमें समय, किलोमीटर, फ्यूल की जानकारी के साथ ही रियल टाइम माइलेज, एवरेज माइलेज और डिस्टेंस टू एंपटी जैसे फीचर्स का उपयोग किया जा सकेगा। मौजूदा समय में एक्टिवा 125 की एक्स शोरुम कीमत की शुरूआत 77743 रुपये से होती है। यह कीमत इसके ड्रम ब्रेक वैरिएंट की एक्स शोरुम कीमत है। वहीं डिस्क ब्रेक के साथ आने वाले एक्टिवा 125 की एक्स शोरुम कीमत 84916 रुपये है। कंपनी की ओर से नए स्कूटर की कीमत के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं दी गई है लेकिन उम्मीद की जा रही है कि कंपनी की ओर से इस स्कूटर की कीमत में तीन से पांच हजार रुपये तक की बढ़ोतरी की जा सकती है।

लैम्बॉर्गिनी URUS S अगले महीने होगी लॉन्च

17 of 22
For Reference Only - फोटो : lamborghini
लैम्बॉर्गिनी की ओर से भारत में उरुस एस को लॉन्च करने की तैयारी हो रही है। कंपनी की ओर से इस सुपर एसयूवी को 13 अप्रैल को लॉन्च किया जा सकता है। इसमें कई खास फीचर्स को दिया जाएगा। डिजाइन के मामले में उरुस परफॉर्मेंते और उरुस एस ज्यादा अलग नहीं होंगी। लेकिन पुरानी उरुस के मुकाबले में बेहतर होगी। इसके व्हील के डिजाइन अलग होंगे और इसमें कार्बन फाइबर का उपयोग भी किया जाएगा। परफॉर्मेंते के मुकाबले उरुस एस में कम ग्रिपी टायर मिलेंगे और इसका वजन भी 47 किलो तक ज्यादा होगा। लैम्बॉर्गिनी की उरुस एस में कंपनी की ओर से 3996 सीसी का आठ सिलेंडर ट्विन टर्बो चार्ज्ड इंजन दिया जाता है। जिससे 656 बीएचपी की पावर और 850 न्यूटन मीटर का टॉर्क हासिल होता है। एसयूवी को जीरो से 100 किलोमीटर की रफ्तार हासिल करने में सिर्फ 3.5 सेकेंड का समय लगता है। इसकी टॉप स्पीड भी 305 किलोमीटर प्रति घंटा तक जाती है। इसमें फोर व्हील ड्राइव के साथ लिमिटेड स्लिप सेंट्रल डिफरेंशियल ट्रांसमिशन दिया जाता है। कंपनी की ओर से इस दमदार इंजन वाली सुपर एसयूवी में कई सेफ्टी फीचर्स को ऑफर किया जाता है। इसमें ड्राइवर को ADAS के तीन विकल्प मिलते हैं जिनमें अर्बन रोड, हाइवे और फुल ADAS के विकल्प शामिल हैं। इसके साथ ही एसयूवी में एंटी थेफ्ट अलार्म नोटिफिकेशन, वॉलेट अलर्ट, कफ्यू अलर्ट, स्पीड अलर्ट, जियोफैंसिंग अलर्ट, प्राइवेट अमरजेंसी कॉल, ऑनलाइन रोड असिस्टेंस, स्टोलन व्हीकल लोकेटर, लैम्बॉर्गिनी कनेक्ट व्हीकल ट्रैकिंग सिस्टम जैसे सेफ्टी फीचर्स आते हैं। कंपनी की ओर से अभी इसकी कीमतों की कोई जानकारी नहीं दी गई है, इस सुपर एसयूवी को परफॉर्मेंते के नीचे पोजिशन किया जाएगा। ऐसे में इसकी कीमत भी परफॉर्मेेते के मुकाबले कम होगी। लेकिन उम्मीद की जा रही है कि इसकी भारत में कीमत तीन करोड़ रुपये के आस-पास हो सकती है।

वापस आएगी हीरो की परफॉर्मेंस बाइक करिज्मा

18 of 22
For Reference Only - फोटो : सोशल मीडिया
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक हीरो मोटोकॉर्प की ओर से करिज्मा को एक बार फिर से भारत में लॉन्च किया जा सकता है। नई करिज्मा में कंपनी नया डिजाइन दे सकती है साथ ही इसमें पहले से बेहतर इंजन का उपयोग किया जा सकता है। हालांकि अभी तक कंपनी की ओर से नई करिज्मा के बारे में कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक नई करिज्मा का डिजाइन भी पूरी तरह से नया होगा। इस बाइक को नए प्लेटफॉर्म पर डिजाइन किया जा सकता है। इसके अलावा इसे ज्यादा डायनैमिक और स्पोर्टी लुक दिया जा सकता है। फुल फेयर्ड बाइक के तौर पर अपनी पहचान कायम करने वाली करिज्मा को नए अवतार में भी फेयर्ड बाइक के तौर पर ही लाया जा सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक कंपनी की ओर से नई करिज्मा में नया और पहले से बेहतर 210 सीसी का लिक्विड कूल्ड इंजन दिया जा सकता है। जिसके साथ छह स्पीड का गियर ट्रांसमिशन दिया जाएगा। इस इंजन से बाइक को 25 बीएचपी की पावर और 30 न्यूटन मीटर का टॉर्क हासिल होगा। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कंपनी की ओर से इस बेहतरीन बाइक को साल 2023 के आखिरी तक लॉन्च किया जा सकता है। कंपनी की ओर से इस बाइक के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं दी गई है लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इसकी संभावित कीमत भी करीब 1.50 लाख रुपये से दो लाख रुपये के बीच हो सकती है।

आएगा नया इलेक्ट्रिक स्कूटर सिंपल वन

19 of 22
Simple One Electric Scooter Simple Energy Plant - फोटो : Simple Energy
देश की एक और इलेक्ट्रिक स्कूटर बनाने वाली स्टार्टअप कंपनी सिंपल एनर्जी जल्द ही ओला और एथर जैसी कंपनियों को कड़ी चुनौती देने की तैयारी कर रही है। कंपनी के इकलौते इलेक्ट्रिक स्कूटर के लिए बंपर बुकिंग भी मिल रही हैं। कंपनी के स्कूटर की बात करें तो सिंगल चार्ज में इसे 236 किलोमीटर तक चलाया जा सकता है। इसमें कंपनी की ओर से 4.8KWH की बैटरी मिलती है। साथ ही इसमें लगी मोटर 8.5 किलोवॉट की पावर के साथ 72 न्यूटन मीटर का टॉर्क जनरेट कर सकती है। इस स्कूटर को जीरो से 40 किलोमीटर की स्पीड हासिल करने में सिर्फ 2.77 सेकेंड का समय लगता है और इसकी टॉप स्पीड 105 किलोमीटर प्रति घंटा तक है। स्कूटर को कंपनी ब्रेजन ब्लैक, नामा रेड, अजूर ब्लू और ग्रेस वाइट जैसे रंगों में ऑफर करती है। सामान रखने के लिए इसमें 30 लीटर का बूट स्पेस मिलता है। स्कूटर में बड़ी टचस्क्रीन दी जाती है जिसमें कई जानकारी के साथ ही मैप्स, म्यूजिक, ब्लूटूथ, फोन कनेक्टिविटी जैसे कई और फीचर्स को दिया गया है। इसके साथ ही इसमें ओटीए अपडेट्स, रिमोट एक्सेस, राइड स्टैट्स, रिमोट लॉक जैसे कई फीचर्स दिए गए हैं। कंपनी की ओर से अभी इस बारे में कोई आधिकारिक तौर पर जानकारी नहीं दी गई है। लेकिन उम्मीद जताई जा रही है कि सिंपल एनर्जी की ओर से अपने पहले इलेक्ट्रिक स्कूटर को अप्रैल महीने में लॉन्च किया जा सकता है।

बदल जाएगा टोल देने का तरीका

20 of 22
GPS Toll System - फोटो : Istock
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने जानकारी दी है कि देश में आने वाले छह महीनों में टोल प्लाजा पर टोल टैक्स वसूलने के तरीके में बदलाव किया जाएगा। इस बदलाव के बाद टोल प्लाजा पर लगने वाली भीड़ को कम करना और जितनी दूरी तय होगी उसी के मुताबिक टोल लिया जाएगा। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने एक कार्यक्रम के दौरान बताया है कि देश में मौजूदा हाइवे टोल प्लाजा को बदलने के लिए सरकार अगले 6 महीनों में जीपीएस आधारित टोल कलेक्शन सिस्टम के साथ नई तकनीकों को पेश करेगी। केंद्रीय मंत्री गडकरी ने कहा कि इस कदम का उद्देश्य ट्रैफिक भीड़ को कम करना और वाहन चालकों से हाइवे पर यात्रा की गई सटीक दूरी के लिए टोल वसूलना है। सीआईआई की ओर से आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा कि राज्य के स्वामित्व वाली एनएचएआई का टोल राजस्व वर्तमान में 40,000 करोड़ रुपये है और यह दो से तीन साल में 1.40 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है। उन्होंने कहा कि सरकार देश में टोल प्लाजा को बदलने के लिए जीपीएस आधारित टोल प्रणाली सहित नई तकनीकों पर विचार कर रही है। हम छह महीने में नई तकनीक लाएंगे।

मर्सिडीज लॉन्च करेगी सबसे ताकतवर प्रोडक्शन एएमजी

21 of 22
For Reference Only - फोटो : Mercedes benz
मर्सिडीज भारतीय बाजार में एएमजी 63 एसई परफॉर्मेंस को लॉन्च करेगी। जानकारी के मुताबिक कंपनी इस दमदार एएमजी को 11 अप्रैल को लॉन्च करेगी। फॉर्मूला वन से प्रेरित इस कार में चार लीटर का वी8 बाईटर्बो इंजन और मोटर दी गई है। इससे कार को 831 बीएचपी और 1400 न्यूटन मीटर का टॉर्क मिलता है। जीरो से 100 किलोमीटर की रफ्तार हासिल करने में इसे सिर्फ 2.9 सेकेंड का समय लगता है। सीबीयू तौर पर भारत लाई जाने वाली इस कार की संभावित कीमत 1.30 करोड़ रुपये हो सकती है।
विज्ञापन

नए इंजन के साथ आएगी महिंद्रा की यह एसयूवी

22 of 22
For Reference Only - फोटो : mahindra auto
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक महिंद्रा की ओर से नए इंजन के साथ थार को लाने की तैयारी की जा रही है। कंपनी इस एसयूवी को आरडीई नॉर्म्स के मुताबिक अपडेट कर रही है और बीएस-6 के मानदंड के मुताबिक ही नए इंजन को थार में ऑफर किया जाएगा। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक थार की जो जानकारी सोशल मीडिया पर लीक हुई है। उसके मुताबिक थार को नए इंजन के साथ पेट्रोल और डीजल ईंधन के विकल्प के साथ लॉन्च किया जाएगा। जिसे ईथेनॉल के साथ भी चलाया जा सकेगा। थार के मौजूदा वर्जन में फोर व्हील ड्राइव और टू व्हील ड्राइव का विकल्प मिलता है। इसे पेट्रोल और डीजल दोनों ही तरह के ईंधन के विकल्प वाले इंजन के साथ ऑफर किया जाता है। 4X4 वैरिएंट में थार को 2.2 लीटर डीजल और दो लीटर के पेट्रोल इंजन के साथ दिया जा रहा है। इनमें मैनुअल और ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन के विकल्प को भी दिया गया है। वहीं रियर व्हील ड्राइव थार में कंपनी ने 1.5 लीटर का डीजल इंजन दिया जाता है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें