Kia Sonet 2021 Facelift and Kia Seltos 2021 Facelift : दक्षिण कोरिया की दिग्गज वाहन निर्माता कंपनी Kia India (किआ इंडिया) ने देश में अपने दो सबसे ज्यादा बिकने वाले मॉडलों 2021 Seltos (2021 सेल्टोस) और 2021 Sonet (2021 सोनेट) एसयूवी के फेसलिफ्ट वर्जन को लॉन्च कर दिया है। कंपनी ने किआ सोनेट और किआ सेल्टोस दोनों के फेसलिफ्ट वर्जन को कई नए फीचर्स के साथ पेश किया है। खास बात यह है कि इन एसयूवी के ऊंचे वेरिएंट्स में मिलने वाले कई फीचर्स अब नीचे के वेरिएंट में भी शामिल किए गए हैं। आइए जानते हैं इन दोनों एसयूवी में कंपनी ने क्या अपग्रेड दिए हैं।
दोनों एसयूवी में मिले नए वेरिएंट्स
2021 Kia Sonet Facelift
- फोटो : Kia
किआ ने नई सेल्टोस को एक नए प्रीमियम वेरिएंट 1.4T-GDI पेट्रोल GTX (O) में भी पेश किया है। वहीं कंपनी ने सोनेट के सबसे लोकप्रिय HTX वेरिएंट को ऑटोमैटिक ऑप्शन HTX 7DCT (1.0T-GDI पेट्रोल) और HTX 6AT (1.5 डीजल) के साथ पेश किया है।
सेल्टोस में पहली बार मिला यह फीचर
दोनों ही एसयूवी को कंपनी ने नए फीचर्स के साथ पेश किया है। किआ ने सेल्टोस और सोनेट दोनों एसयूवी में पैडल शिफ्टर्स दिए हैं। सोनेट एसयूवी में मिलने वाली iMT टेक्नोलॉजी अब सेल्टोस में भी दी गई है। iMT टेक्नोलॉजी सेल्टोस 1.5 पेट्रोल HTK + वेरिएंट में उपलब्ध होगी।
बता दें कि यह फीचर इस सेगमेंट की किसी कार में पहली बार दिया गया है। सोनेट की प्रतिद्वंद्वी कार ह्यूंदै वेन्यू में कंपनी iMT टेक्नोलॉजी फीचर देती है। लेकिन क्रेटा में अभी तक इस फीचर को शामिल नहीं किया गया है।
2021 सेल्टोस में 17 नए फीचर्स मिले
2021 सेल्टोस में 17 नए फीचर दिए गए हैं। जैसे इस एसयूवी में 'सेगमेंट फर्स्ट' यानी इस सेगमेंट की किसी कार में पहली बार मिलने वाले फीचर के तौर पर स्मार्ट प्योर एयर प्यूरीफायर विद वायरस और बैक्टीरिया प्रोटेक्शन जैसा फीचर दिया है। किआ का दावा है कि यह प्रभावी रूप से हवा को साफ कर सकता है और बैक्टीरिया और वायरस को मार सकता है।
इसमें रिमोट इंजन स्टार्ट इन मैनुअल ट्रांसमिशन, वायरलेस फोन प्रोजेक्शन ऑन द कार, टचस्क्रीन, ओवर द एयर (OTA) मैप अपडेट, UVO कनेक्टेड कार सिस्टम पर एडिशनल वॉयस कमांड, जिसमें सनरूफ, ड्राइवर विंडो कंट्रोल को आवाज से ऑपरेट करना शामिल है।
सेल्टोस के लोअर वेरिएंट्स में भी मिले ये शानदार फीचर्स
किआ ने सेल्टोस फेसलिस्ट एसयूवी के निचले वेरिएंट्स में इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल (ESC), व्हीकल स्टेबिलिटी मैनेजमेंट (VSM), ब्रेक असिस्ट (BA), हिल असिस्ट कंट्रोल (HAC) फीचर्स को भी शामिल किया है। नई सेल्टोस के सीट्स के निर्माण में नए मैटेरियल का इस्तेमाल किया गया है और इसे नए कलर ऑप्शन में पेश किया गया है, जिससे एसयूवी के इंटीरियर्स की खूबसूरती और बढ़ जाती है।
नई सोनेट में भी 10 नए फीचर्स मिले
नई सोनेट 2021 फेसलिफ्ट मॉडल में भी 10 नए फीचर्स शामिल किए गए हैं। इसमें पहली बार सेगमेंट फर्स्ट रियर डोर सनशेड कर्टेन (पर्दे) और सनरूफ को वॉयस कमांड से ऑपरेट करने जैसी सुविधा दी गई है। सोनेट के लोअर वेरिएंट्स में भी अब इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल (ESC), व्हीकल स्टेबिलिटी मैनेजमेंट (VSM), ब्रेक असिस्ट (BA), हिल असिस्ट कंट्रोल (HAC) जैसे फीचर्स मिलते हैं।
बुकिंग और कीमत
नई 2021 सेल्टोस और 2021 सोनेट एसयूवी के लिए बुकिंग शुरू हो गई है। 2021 किआ सेल्टोस की भारत में एक्स-शोरूम कीमत 9,95,000 से शुरू होती है, और 2021 किआ सोनेट की भारत में शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 6,79,000 रुपये रखी गई है।