जेएसडब्ल्यू ग्रुप अपनी मौजूदा 'JSW MG Motor India' पार्टनरशिप से अलग हटकर, भारत में एक बिल्कुल नया ऑटोमोबाइल ब्रांड शुरू करने जा रहा है। इसके लिए उन्होंने चीनी कंपनी Chery Automobiles के साथ तकनीकी करार किया है। इसी कड़ी में उनकी एक नई दमदार इलेक्ट्रिक एसयूवी-iCar V23 (जिसे कुछ बाजारों में Chery V23 भी कहा जाता है) को हाल ही में भारतीय सड़कों पर टेस्टिंग करते हुए देखा गया है। उम्मीद है कि इसे CKD (कम्प्लीटली नॉक्ड डाउन) यूनिट के तौर पर भारत लाया जाएगा और यहां असेंबल किया जाएगा। आइए जानते हैं इस नई इलेक्ट्रिक एसयूवी में कुछ खास देखने को मिलेगा:
भारत में JSW की इस नई एसयूवी को एक नए नाम के साथ उतारा जा सकता है, लेकिन इसका डिजाइन काफी हद तक इसके ग्लोबल मॉडल जैसा ही रहने की उम्मीद है। हाल ही में टेस्टिंग के दौरान दिखी इस गाड़ी का लुक बेहद बोल्ड और मस्कुलर है। इसकी बॉक्सी बनावट भारतीय ग्राहकों को अपनी ओर आकर्षित कर सकती है। आकार के मामले में भी यह काफी प्रभावशाली है- 4,220 mm की लंबाई, 1,915 mm की चौड़ाई और 1,845 mm की ऊंचाई के साथ इसमें 2,735 mm का बड़ा व्हीलबेस दिया गया है, जो केबिन के अंदर बेहतरीन स्पेस का संकेत देता है।
अगर परफॉर्मेंस की बात करें तो ग्लोबल मार्केट में यह एसयूवी सिंगल मोटर (RWD) और डुअल मोटर (AWD) जैसे दो विकल्पों में आती है। इसके रियर-व्हील ड्राइव वैरिएंट में ग्राहकों को 47.28 kWh से लेकर 69.8 kWh तक के अलग-अलग बैटरी पैक चुनने की सुविधा मिलती है। ये एक बार फुल चार्ज होने पर 301 किमी से लेकर 550 किमी तक की शानदार रेंज दे सकते हैं।
यह एसयूवी सिर्फ दिखने में ही मस्कुलर नहीं है, बल्कि ऑफ-रोडिंग के मामले में भी यह काफी दमदार साबित होती है। ऊबड़-खाबड़ रास्तों और मुश्किल चढ़ाइयों के लिए इसमें 210 mm का बेहतरीन ग्राउंड क्लीयरेंस दिया गया है, साथ ही 600 mm की 'वॉटर वेडिंग' क्षमता इसे गहरे पानी के बीच से भी आसानी से निकलने में मदद करती है।
इसके 42-डिग्री अप्रोच और 41-डिग्री डिपार्चर एंगल यह सुनिश्चित करते हैं कि यह खड़ी से खड़ी चढ़ाई और ढलान को बिना किसी दिक्कत के पार कर सके। अपनी इन्हीं खासियतों के दम पर, भारतीय इलेक्ट्रिक मार्केट में उतरते ही इसका सीधा मुकाबला आगामी महिंद्रा थार ईवी जैसी दिग्गज गाड़ियों से होने वाला है।
JSW मोटर्स सिर्फ गाड़ियां ही नहीं ला रही, बल्कि भारत में अपना पूरा टेक्नोलॉजी इकोसिस्टम भी मजबूत कर रही है। कंपनी ने टाटा एलेक्सी के साथ एक बड़ी पार्टनरशिप की है। दोनों कंपनियां मिलकर पुणे में 'JNEXT' नाम का एक नया इंजीनियरिंग हब बना रही हैं। यह सेंटर iCar V23 और आने वाली अन्य गाड़ियों के सॉफ्टवेयर, कनेक्टेड फीचर्स, एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) और ओवर-द-एयर (OTA) अपडेट्स पर काम करेगा। इससे ग्राहकों को गाड़ी में एकदम हाई-टेक और स्मूद एक्सपीरियंस मिलेगा।
उम्मीद है कि जेएसडब्ल्यू अपनी इस नई इलेक्ट्रिक ऑफ-रोडर को इसी साल के अंत तक भारतीय बाजार में उतार सकती है।