15 नवंबर से भारत में शुरू डिफेंडर 110 की डिलीवरी
- फोटो : landrover
लग्जरी एसयूवी लवर्स के लिए खुशखबरी है। जैगुआर लैंड रोवर (JLR) ने पुणे स्थित अपनी मैन्युफैक्चरिंग फैसलिटी में अब डिफेंडर 110 का उत्पादन शुरू कर दिया है। इसके साथ ही अब भारत यूरोप के बाहर का पहला ऐसा बाजार बन गया है, जहां इस एसयूवी का प्रोडक्शन किया जा रहा है। देश में बनी डिफेंडर 110 की शुरुआती कीमत करीब 99 लाख रुपये बताई जा रही है। साथ ही इसकी डिलीवरी 15 नवंबर से शुरू हो सकती है।
कंपनी ने अनुसार, भारत में तैयार होने वाली डिफेंडर 110 तीन इंजन विकल्पों में मिल सकती है। साथ ही ऐसे कई फीचर्स भी मिल सकते हैं, जिन्हें पहले के इंपोर्ट किए जाने वाले मॉडल में पाने के लिए अतिरिक्त कीमत चुकानी पड़ती थी।
कितने इंजन विकल्प मिलेगें?
- देश में मैन्युफैक्चर की गई डिफेंडर 110 एक्स-डायनामिक एसएसई ट्रिम में उपलब्ध होगी। इसमें 2.0-लीटर पेट्रोल, 3.0-लीटर पेट्रोल और 3.0-लीटर डीजल इंजन के विकल्प मिल सकते हैं।
- सभी वर्जन D7x आर्किटेक्चर और इंटेलिजेंट ऑल-व्हील ड्राइव सिस्टम पर आधारित बताए जा रहे हैं। सीटिंग की बात करें तो इस एसयूवी में अधिकतर सात लोग आराम से बैठ सकते हैं। 2.0-लीटर पेट्रोल मॉडल के लिए इसकी कीमत 99 लाख से शुरू होती है, जबकि 3.0-लीटर वर्जन में 1.18 करोड़ रुपये तक जाती है। ध्यान रहे ये सभी एक्स-शोरूम कीमतें हैं।
2.0-लीटर पेट्रोल मॉडल्स में मिलेंगे ज्यादा फीचर्स
- डिफेंडर 110 के स्थानीय रूप से तैयार 2.0-लीटर पेट्रोल वर्जन में कई अतिरिक्त फीचर्स शामिल किए गए हैं। कंपनी का कहना है कि इनमें से कुछ इक्विपमेंट पहले इंपोर्टेड सीबीयू मॉडल में विकल्प के तौर पर उपलब्ध थे, जिनकी कुल कीमत करीब 6.5 लाख तक थी।
- इस मॉडल में टेरेन रिस्पॉन्स 2, एडेप्टिव ऑफ-रोड क्रूज कंट्रोल, एडेप्टिव डायनामिक्स के साथ इलेक्ट्रॉनिक एयर सस्पेंशन और वेड सेंसिंग जैसे फीचर्स मिलेंगे। इसके अलावा तीन-जोन क्लाइमेट कंट्रोल, केबिन एयर प्यूरीफिकेशन और क्लियरसाइट इंटीरियर रियर-व्यू मिरर भी शामिल हैं।
- एसयूवी में मेमोरी फंक्शन के साथ 14-वे एडजस्टेबल, हीटेड और वेंटिलेटेड फ्रंट सीटें दी गई हैं। इसके साथ मैनुअल थर्ड-रो सीटें, रेफ्रिजरेटर कंपार्टमेंट, एयर-क्वालिटी सेंसर और डोमेस्टिक सॉकेट भी मिलता है।
3.0-लीटर मॉडल में 17 लाख तक के अतिरिक्त इक्विपमेंट
- इसी के साथ इसमें 3.0-लीटर पेट्रोल और डीजल वर्जन में भी कई प्रीमियम फीचर्स स्टैंडर्ड तौर पर दिए गए हैं। कंपनी का कहना है कि इन इक्विपमेंट की कीमत पहले करीब 17 लाख रुपये तक थी।
- इनमें टॉर्क वेक्टरिंग के साथ इलेक्ट्रॉनिक एक्टिव डिफरेंशियल, कॉन्फिगर करने वाले टेरेन रिस्पॉन्स और क्लाइमेट-कंट्रोल्ड दूसरी रो की सीटें शामिल हैं। इसके अलावा हीटेड तीसरी रो की सीटें, मैरिडियम सराउंड-साउंड सिस्टम, हेड-अप डिस्प्ले और 20-इंच के डायमंड-टर्न्ड अलॉय व्हील भी मिलते हैं।
- इन मॉडल्स में इल्यूमिनेटेड मेटल ट्रेडप्लेट्स और मेटैलिक-ग्रे क्रॉस-कार बीम भी शामिल हैं। इस तरह स्थानीय उत्पादन के साथ कंपनी ने अलग-अलग इंजन विकल्पों में फीचर्स के स्तर को भी अहम बनाया है।
कंपनी ने क्या कहा?
- कंपनी के चीफ कमर्शियल ऑफिसर लेनार्ड हूर्निक ने कहा कि पुणे में डिफेंडर का उत्पादन शुरू होने से कंपनी भारतीय बाजार की मांग पर तेजी से प्रतिक्रिया दे सकेगी। उन्होंने यह भी कहा कि एसयूवी की मजबूत इंजीनियरिंग और पहचान बनाने वाले डिजाइन को बरकरार रखा जाएगा।
- जेएलआर इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर राजन अंबा के मुताबिक, भारतीय ग्राहकों ने डिफेंडर को उसकी क्षमता, प्रतिभा और अलग पहचान के लिए पसंद किया है। उनके अनुसार, पुणे में उत्पादन शुरू करने का फैसला भारत के बाजार को लेकर कंपनी की स्थानीय टीम व पार्टनर्स की क्षमता पर भरोसे को दिखाता है।
पुणे प्लांट में पहले भी बन चुकी हैं कई गाड़ियां
डिफेंडर पहली लग्जरी कार नहीं है, जो यहां मैन्युफैक्चर हो रही है। इसके पहले जेएलआर की पुणे मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी टाटा मोटर्स के साथ 2011 में स्थापित की गई थी। यह ब्रिटेन के बाहर कंपनी की पहली मैन्युफैक्चरिंग साइट थी। इस प्लांट में अब तक भारतीय बाजार के लिए दस मॉडल तैयार किए जा चुके हैं।