Jeep Meridian: जीप ने भारत में मेरिडियन 85वीं एनिवर्सरी एडिशन लॉन्च कर दिया है। इस लिमिटेड एडिशन की देश में सिर्फ 85 यूनिट ही बिक्री के लिए उपलब्ध होंगी। अगर आप इस एक्सक्लूसिव SUV को खरीदने की सोच रहे हैं, तो आइए जानते हैं कि इसमें क्या खास है, इसके फीचर्स, इंजन और अन्य स्पेसिफिकेशंस के बारे में विस्तार से।
Jeep Meridian 85th Anniversary Edition: ऑफ-रोडिंग और प्रीमियम एसयूवी सेगमेंट में अपनी अलग पहचान रखने वाली जीप ने भारत में अपनी मेरिडियन एसयूवी का सबसे दुर्लभ वर्नज पेश किया है। कंपनी ने इसे अपने ब्रांड के 85 वर्षों के सफर के उपलक्ष्य में 85th एनिवर्सरी एडिशन नाम से उतारा है।
विज्ञापन
यह स्पेशल एडिशन मेरिडियन के टॉप-स्पेक लिमिटेड वेरिएंट पर आधारित है। कंपनी ने इसमें नए कॉस्मेटिक बदलावों, खास एक्सेसरीज और एक बिल्कुल नए AI फीचर्स के साथ एक्सक्लूसिविटी देने की कोशिश की है।
विज्ञापन
कितनी है इस खास एसयूवी की कीमत?
जीप मेरिडियन 85th एनिवर्सरी एडिशन की एक्स-शोरूम कीमत करीब 36.05 लाख रखी गई है। यह स्पेशल मॉडल लिमिटेड (O) वेरिएंट पर आधारित है और इसे खास तौर पर उन ग्राहकों के लिए तैयार किया गया है, जो एक्सक्लूसिव और लिमिटेड एडिशन एसयूवी खरीदना चाहते हैं।
भारत में कितने यूनिट्स की बिक्री होंगी?
इस एडिशन की सबसे बड़ी खासियत इसकी एक्सक्लूसिविटी है। जीप भारत में इसकी केवल 85 यूनिट ही बेचेगी, जिससे यह मेरिडियन लाइनअप का सबसे दुर्लभ मॉडल बन गया है।
आखिर यह मॉडल क्यों है इतना खास?
85वीं एनिवर्सरी एडिशन में खरीदारों को कुछ खास स्टाइलिंग और टेक फीचर्स दिए गए हैं, जिसके बारे में नीचे बताया गया है।
एक्सटीरियर बदलाव: कार के बाहरी हिस्से में स्पेशल 85th एनिवर्सरी की बैजिंग, एक्सक्लूसिव स्टाइलिंग एलिमेंट्स और स्पेशल एक्सेसरी किट दी गई है।
प्रीमियम इंटीरियर: केबिन के अंदर एनिवर्सरी ब्रांडिंग के साथ स्पेशल सीट अपहोल्स्ट्री मिलती है, जो इसे स्टैंडर्ड मॉडल से अलग लुक देती है।
CARA AI-पावर्ड वॉइस असिस्टेंट: इस एडिशन का मुख्य आकर्षण जीप का नया CARA AI वॉइस असिस्टेंट है। इस आधुनिक फीचर की मदद से ड्राइवर केवल बोलकर (वॉयस कमांड से) गाड़ी के कई फीचर्स को आसानी से कंट्रोल कर सकता है।
फीचर्स में नहीं हुई कोई बड़ी कटौती
जीप मेरिडियन 85th एनिवर्सरी एडिशन में कंपनी ने मौजूदा प्रीमियम फीचर्स को बरकरार रखा है। इसमें पैनोरमिक सनरूफ, 10.1-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, वायरलेस एंड्रॉयड ऑटो और एपल कारप्ले, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, ड्यूल-जोन क्लाइमेट कंट्रोल और फुली डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर जैसे फीचर्स पहले की तरह मिलते हैं।
इस स्पेशल एडिशन के इंजन में भी कोई बदलाव नहीं किया गया है। इसमें वही 2.0-लीटर डीजल इंजन मिलता है, जो 168 bhp की पावर और 350 Nm का टॉर्क जनरेट करता है।
ट्रांसमिशन के लिए ग्राहकों को 6-स्पीड मैनुअल और 9-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स का विकल्प मिलता है। वहीं, ऑटोमैटिक वेरिएंट में 4WD (फोर-व्हील ड्राइव) सिस्टम भी उपलब्ध है।
सुरक्षा फीचर्स
सेफ्टी के मामले में भी जीप मेरिडियन 85th एनिवर्सरी एडिशन काफी दमदार है। इसमें ग्राहक को छह एयरबैग, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल (ESC), हिल डिसेंट कंट्रोल और टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम (TPMS) जैसे जरूरी सुरक्षा फीचर्स दिए गए हैं।
इसके अलावा, चुनिंदा वेरिएंट्स में लेवल-2 ADAS (Advanced Driver Assistance Systems) भी मिलता है, जो ड्राइविंग को अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक बनाता है।
किसके लिए है यह स्पेशल एडिशन?
अगर आप पहले से जीप मेरिडियन के हाई-स्पेक वेरिएंट को खरीदने की योजना बना रहे थे और एक एक्सक्लूसिव मॉडल चाहते हैं, तो यह एडिशन आपके लिए अच्छा विकल्प हो सकता है।
हालांकि इसमें इंजन या डिजाइन में बड़े बदलाव नहीं किए गए हैं। इसका मुख्य आकर्षण इसकी सीमित उपलब्धता, नया AI फीचर और खास स्टाइलिंग है।