भारत में गर्मियों के दौरान तापमान काफी ज्यादा हो जाता है। कई शहरों में यह 40 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है। इतनी गर्मी में कार के कई अहम हिस्सों पर दबाव बढ़ जाता है, जैसे इंजन, टायर, बैटरी, पेंट और इंटीरियर। इनकी अगर समय पर देखभाल न की जाए तो कार में अचानक खराबी या तकनीकी समस्या भी आ सकती है।
इंजन को ओवरहीटिंग से बचाना जरूरी
गर्मियों में कार के इंजन का तापमान तेजी से बढ़ सकता है। इसलिए ड्राइवर को समय-समय पर कूलिंग सिस्टम की जांच करनी चाहिए। इंजन को सुरक्षित रखने के लिए कूलेंट लेवल चेक करें, रेडिएटर और होज पाइप की जांच करें। साथ ही कूलिंग फैन सही काम कर रहा है या नहीं देखें। एक्सपर्ट्स के मुताबिक कूलिंग सिस्टम में आमतौर पर कूलेंट और पानी का 50:50 मिश्रण रखना बेहतर माना जाता है।
इंजन ऑयल और जरूरी फ्लूइड्स की जांच
तेज गर्मी में इंजन ऑयल की क्वालिटी जल्दी खराब हो सकती है। इसलिए समय-समय पर डिपस्टिक से इंजन ऑयल का स्तर जांचना चाहिए। इसके अलावा ब्रेक फ्लूइड, ट्रांसमिशन फ्लूइड, पावर स्टीयरिंग फ्लूइड्स की भी जांच जरूरी है। ये सभी गाड़ी की स्मूद ड्राइविंग और सुरक्षा के लिए जरूरी होते हैं।
ये भी पढ़ें: Recall: बच्ची की मौत के बाद ह्यूंदै ने इस मॉडल की बिक्री पर लगाई रोक, हजारों गाड़ियां रिकॉल, जानें पूरा मामला
टायर प्रेशर पर रखें खास नजर
गर्मियों में तापमान बढ़ने से टायर के अंदर की हवा फैल जाती है। इससे टायर प्रेशर सामान्य से ज्यादा हो सकता है। ऐसी स्थिति में टायर जल्दी घिस सकते हैं और लंबी दूरी में टायर फटने का खतरा बढ़ सकता है। इसलिए महीने में कम से कम एक बार टायर प्रेशर जरूर चेक करें और कार की मैन्युअल के अनुसार ही हवा रखें।
बैटरी की सेहत भी जरूरी
बहुत से लोग सोचते हैं कि बैटरी की समस्या सिर्फ सर्दियों में होती है, लेकिन तेज गर्मी भी बैटरी के लिए नुकसानदायक हो सकती है। ज्यादा तापमान की वजह से बैटरी का तरल जल्दी सूख सकता है, केमिकल रिएक्शन तेज हो जाते हैं और बैटरी लाइफ कम हो सकती है। इससे बचने के लिए बैटरी टर्मिनल साफ रखें, जंग की जांच करें और 3 साल से पुरानी बैटरी को टेस्ट करवाएं।
ये भी पढ़ें: सप्लाई संकट के बीच रफ्तार बरकरार: देश में कार बिक्री 4.7 मिलियन पार होने को तैयार, SUV डिमांड में भी रही तेजी
कार के पेंट और इंटीरियर को भी बचाएं
तेज धूप का असर कार के बाहरी पेंट और अंदरूनी हिस्सों पर भी पड़ता है। गर्मी से बचाने के लिए कार को छांव में पार्क करें, सनशेड का इस्तेमाल करें और समय-समय पर कार वॉश और वैक्सिंग कराएं। इससे कार का पेंट लंबे समय तक सुरक्षित रहता है।
गर्मियों में ड्राइविंग करते समय कुछ और सावधानियां भी अपनानी चाहिए:
- AC फिल्टर समय-समय पर साफ करें।
- लंबी ड्राइव से पहले कार की बेसिक जांच करें।
- पानी और कूलेंट हमेशा साथ रखें।
- ओवरहीटिंग का संकेत मिले तो तुरंत गाड़ी रोक दें।