Apple ने अपने आईफोन यूजर्स के लिए नया iOS 26.4 अपडेट जारी कर दिया है। इस नए अपडेट में Apple म्यूजिक, पॉडकास्ट और रिमाइंडर्स जैसे कई एप्स में छोटे लेकिन बेहद काम के बदलाव किए गए हैं। यह अपडेट उन सभी आईफोन पर डाउनलोड के लिए उपलब्ध है जो iOS 26 को सपोर्ट करते हैं यानी आईफोन 11 और उसके बाद के सभी मॉडल्स। हालांकि, अगर आप एआई वाले स्मार्ट 'Siri' का इंतजार कर रहे हैं तो उसके लिए आपको अभी थोड़ा और सब्र करना होगा। आइए जानते हैं कि इस नए अपडेट में आपके लिए क्या-क्या खास मिलने वाला है:
1. Apple म्यूजिक में हुए बड़े बदलाव
म्यूजिक के शौकीनों के लिए यह अपडेट काफी खास है, क्योंकि Apple म्यूजिक में अब 'प्लेलिस्ट प्लेग्राउंड' जैसा स्मार्ट एआई फीचर शामिल किया गया है। वर्तमान में बीटा टेस्टिंग के दौर से गुजर रहे इस फीचर की मदद से यूजर्स को अब खुद गाने चुनने की मशक्कत नहीं करनी पड़ेगी। बस अपना मूड या कोई खास थीम टाइप करते ही एआई आपके लिए एक परफेक्ट प्लेलिस्ट तैयार कर देगा। दिलचस्प बात यह है कि यह फीचर प्लेलिस्ट को केवल गानों तक सीमित नहीं रखता, बल्कि उसे एक प्रोफेशनल टच देने के लिए आकर्षक टाइटल और डिस्क्रिप्शन भी खुद ही लिख देता है। इसके अलावा, लाइव म्यूजिक का लुत्फ उठाने वालों के लिए इसमें 'कॉन्सर्ट्स डिस्कवरी' टूल जोड़ा गया है, जो न केवल आस-पास होने वाले लाइव शो की जानकारी देता है, बल्कि आपकी पसंद के हिसाब से नए आर्टिस्ट्स को खोजने में भी मदद करता है।
2. 'एम्बिएंट म्यूजिक' विजेट
म्यूजिक के अनुभव को और शानदार बनाने के लिए होम और लॉक स्क्रीन पर एक नया एम्बिएंट म्यूजिक विजेट दिया गया है। ये आपके सोने, काम करने या रिलैक्स होने के हिसाब से शांत संगीत प्ले करता है। वहीं, पॉडकास्ट के शौकीनों के लिए Apple पॉडकास्ट एप में वीडियो सपोर्ट भी शामिल कर दिया गया है। इसकी मदद से अब आप एप के अंदर ही किसी भी पॉडकास्ट के ऑडियो और वीडियो वर्जन के बीच आसानी से स्विच कर सकते हैं।
3. बिना इंटरनेट गानों की पहचान (ऑफलाइन म्यूजिक रेकग्निशन)
अक्सर हम कोई बढ़िया गाना सुनते हैं, लेकिन इंटरनेट न होने की वजह से उसे पहचान नहीं पाते। अब ऑफलाइन म्यूजिक रिकग्निशन फीचर के साथ, आपका फोन बिना इंटरनेट के भी गाने की पहचान कर लेगा। जैसे ही आप वापस इंटरनेट से कनेक्ट होंगे, फोन आपको उस गाने का नाम बता देगा।
4. चैटिंग के लिए नए इमोजी
मैसेजिंग को और मजेदार बनाने के लिए Apple ने iOS 26.4 में 8 नए इमोजी जोड़े हैं। इनमें कई नए ऑब्जेक्ट्स और चेहरे के एक्सप्रेशन शामिल हैं, जिससे आप अपनी बात और बेहतर तरीके से कह पाएंगे।
5. एक्सेसिबिलिटी और यूजर एक्सपीरियंस में सुधार
फोन चलाने के अनुभव को और भी आरामदायक और आसान बनाने के लिए Apple ने एक्सेसिबिलिटी और यूजर एक्सपीरियंस में कई जरूरी सुधार किए हैं। जो यूजर्स स्क्रीन की तेज रोशनी के प्रति संवेदनशील हैं, उनके लिए अब 'ब्राइट स्क्रीन इफेक्ट्स' को हटाने की नई सेटिंग दी गई है, जिससे आंखों पर तनाव कम होगा। साथ ही, अब यूजर्स को सबटाइटल और कैप्शन की सेटिंग्स के लिए भटकना नहीं पड़ेगा, क्योंकि इनके कंट्रोल्स को पहले से कहीं ज्यादा सुलभ बना दिया गया है। इतना ही नहीं, इंटरफेस को और भी स्मूथ और आरामदायक महसूस कराने के लिए मोशन सेटिंग्स को बेहतर किया गया है, ताकि स्क्रीन पर होने वाले एनिमेशन को कम किया जा सके और फोन का इस्तेमाल करना पहले से ज्यादा सहज लगे।
6. परफॉरमेंस और अन्य उपयोगी फीचर्स
सिस्टम की ओवरऑल परफॉरमेंस और डेली यूज को बेहतर बनाने के लिए Apple ने कई छोटे लेकिन बेहद काम के फीचर्स जोड़े हैं। अब यूजर्स अपने 'रिमाइंटर्स' एप में किसी भी जरूरी टास्क को 'अर्जेंट' यानी अति आवश्यक मार्क कर सकते हैं, जिससे कोई भी महत्वपूर्ण काम मिस होने की गुंजाइश नहीं रहेगी। साथ ही, जो लोग तेज टाइपिंग के शौकीन हैं, उनके लिए स्मार्ट कीबोर्ड की एक्यूरेसी में सुधार किया गया है ताकि गलतियां कम हों और टाइपिंग का अनुभव पहले से कहीं ज्यादा स्मूथ हो जाए। इसके अलावा, क्रिएटिविटी को बढ़ावा देने के लिए 'फ्रीफॉर्म' एप में इमेज क्रिएशन और एडिटिंग के लिए कुछ नए और एडवांस टूल्स भी शामिल किए गए हैं, जो फोटो एडिटिंग को और भी आसान बना देंगे।
7. कैमरा और काम को आसान बनाने वाले फीचर्स
सिर्फ म्यूजिक ही नहीं, बल्कि कैमरा और डेली टास्क मैनेजमेंट को भी इस अपडेट में काफी स्मार्ट बनाया गया है। वीडियो रिकॉर्ड करने वालों के लिए कैमरे में एक शानदार 'Audio Zoom' फीचर जोड़ा गया है। इसे सेटिंग्स में ऑन करने के बाद जब आप वीडियो बनाते समय जूम करेंगे तो माइक्रोफोन उसी सब्जेक्ट की आवाज पर फोकस करेगा जिसे आप जूम कर रहे हैं। इससे अनचाहा शोर कम होगा और साउंड क्वालिटी काफी साफ हो जाएगी।
8. रिमाइंडर एप में बदलाव
अपने जरूरी कामों को ट्रैक करना अब और भी आसान हो गया है क्योंकि रिमाइंडर एप में एक नया 'Urgent' सेक्शन दिया गया है। अब अगर आप किसी टास्क को बनाते समय उसे अर्जेंट मार्क करते हैं तो वह अपने आप इस खास सेक्शन में आ जाएगा, जिससे आप बिना वक्त गंवाए अपने सबसे जरूरी कामों पर नजर रख सकेंगे। वहीं, चैटिंग के अनुभव को थोड़ा और मजेदार बनाने के लिए 'मैसेजेस' एप को रिफ्रेश किया गया है, जहां अब किसी के साथ नई बातचीत शुरू करने पर आपको स्क्रीन पर आकर्षक नए एनिमेशन दिखाई देंगे।
9. Apple कारप्ले में आया एआई का सपोर्ट
हालांकि यूजर्स को अभी भी आईफोन में एआई-पावर्ड 'सिरी' का इंतजार है, लेकिन Apple कारप्ले के जरिए एआई का अनुभव अब और करीब आ गया है। इस अपडेट के साथ अब आप गाड़ी चलाते समय हैंड्स-फ्री होकर क्लाउड, जेमिनी और चैटजीपीटी जैसे एआई असिस्टेंट्स से सीधे बात कर सकते हैं और अपने सवालों के जवाब पा सकते हैं। हालांकि, ये थर्ड-पार्टी एआई एप्स आपकी कार या आईफोन की इंटरनल सेटिंग्स को कंट्रोल नहीं कर पाएंगे। सुरक्षा के लिहाज से भी एक बड़ा बदलाव किया गया है। अब 'स्टोलेन डिवाइस प्रोटेक्शन' फीचर सभी यूजर्स के लिए बाय डिफॉल्ट ऑन रहेगा, जिसे पहले मैन्युअली इनेबल करना पड़ता था।