क्या आप भी इंस्टाग्राम पर रील्स देखते समय किसी काम के आ जाने पर उसे पॉज (रोकने) करने के लिए स्क्रीन को लगातार दबाकर रखते थे? अब ये तरीका पुराना हो चला है! इंस्टाग्राम ने यूजर्स की इस परेशानी को दूर करते हुए रील्स देखने के तरीके को पहले से काफी आसान बना दिया है।
अब सिर्फ एक टैप से रुकेगी रील
नए अपडेट के बाद, अब आपको किसी रील को रोकने के लिए अपनी उंगली को स्क्रीन पर टिका कर रखने की कोई जरूरत नहीं है। यूट्यूब और बाकी वीडियो प्लेटफॉर्म्स की तरह ही, अब आप सिर्फ एक बार स्क्रीन पर टैप करके वीडियो को पॉज कर सकते हैं और दोबारा टैप करके उसे फिर से प्ले कर सकते हैं। इंस्टाग्राम के क्रिएटर्स अकाउंट ने हाल ही में बताया कि, "आज से आप किसी भी रील को सिर्फ एक टैप से पॉज कर सकते हैं- इससे आपको कंटेंट पर ज्यादा कंट्रोल मिलेगा और आप अपने पसंदीदा वीडियो को बेहतर तरीके से एन्जॉय कर पाएंगे।"
इस फीचर का क्या फायदा है?
पहले अगर वीडियो का कोई जरूरी हिस्सा छूट जाता था तो आपको पूरी रील खत्म होने का इंतजार करना पड़ता था ताकि वह दोबारा शुरू हो सके। लेकिन अब आप बिल्कुल सही समय पर वीडियो को आसानी से रोक सकते हैं।
पॉज करने पर मिलेगा 'म्यूट' का विकल्प
इस नए टैप-टू-पॉज फीचर के साथ एक और अच्छी चीज जोड़ी गई है। जब आप रील को टैप करके पॉज करेंगे तो आपको स्क्रीन पर ही म्यूट का विकल्प भी मिल जाएगा। इसका मतलब है कि बिना फोन की वॉल्यूम बटन को छेड़े, आप तुरंत ऑडियो कंट्रोल कर सकते हैं।
DMs में आया नया एआई वॉयस नोट्स फीचर
रील्स के अपडेट के अलावा, इंस्टाग्राम ने डायरेक्ट मैसेजेस (DMs) के लिए भी एक कमाल का फीचर पेश किया है। अब जब आप किसी को ऑडियो मैसेज (वॉइस नोट) भेजेंगे तो आपको एआई की मदद से अपनी आवाज का स्टाइल बदलने का विकल्प मिलेगा। आप मैसेज भेजने से पहले अपनी आवाज को अलग-अलग मजेदार स्टाइल्स में एडिट करके सुन सकते हैं और फिर सेंड कर सकते हैं।
कब तक मिलेगा आपको यह अपडेट?
इंस्टाग्राम का यह नया फीचर एंड्रॉयड और आईओएस दोनों तरह के स्मार्टफोन्स के लिए ग्लोबली रोल आउट किया जा रहा है। हालांकि, कंपनी इस अपडेट को अलग-अलग चरणों में जारी कर रही है। इसका सीधा सा मतलब यह है कि हो सकता है कुछ यूजर्स के फोन में यह फीचर अभी आ गया हो, जबकि कुछ को इसके लिए थोड़ा इंतजार करना पड़े। अगर आप इस नए फीचर का इस्तेमाल जल्द से जल्द करना चाहते हैं तो बस समय-समय पर गूगल प्ले स्टोर या एपल एप स्टोर पर जाकर अपने इंस्टाग्राम एप को अपडेट करते रहें।