ह्यूंदै की नई एसयूवी बेयॉन भारतीय बाजार में दस्तक देने के लिए तैयार है। कंपनी इसे 26 अक्तूबर 2026 को लॉन्च करने की तैयारी में है। लॉन्च से ठीक पहले इस एसयूवी के संभावित वैरिएंट और उनमें मिलने वाले फीचर्स की जानकारी सामने आई है। सामने आई लीक्स के अनुसार, ह्यूंदै बेयॉन को सात वैरिएंट HX2, HX3, HX3+, HX5, HX6, HX8 और HX10 में पेश किया जा सकता है। हालांकि, वैरिएंट के हिसाब से फीचर्स की आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
ह्यूंदै बेयॉन को कंपनी की एसयूवी रेंज में वेन्यू और क्रेटा के बीच जगह दी जाएगी। इसमें 1.5-लीटर पेट्रोल इंजन, मैनुअल और iVT ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के विकल्प मिलने की संभावना है। वहीं, इसके टॉप वैरिएंट में जनरेटिव एआई असिस्टेंट, ड्यूल 12.3-इंच स्क्रीन, बोस ऑडियो सिस्टम और एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम (ADAS) जैसे फीचर्स मिलने की संभावना है। ऐसे में लॉन्च से पहले इसकी संभावित कीमत, इंजन और वैरिएंट-वाइज फीचर्स पर नजर डालते हैं।
ह्यूंदै बेयॉन की संभावित कीमत कितनी होगी?
हालांकि अभी आधिकारिक तौर पर इसके कीमत का एलान नहीं हुआ है। असल कीमत का पता 26 अक्तूबर को लॉन्च के समय ही चल सकेगा। फिलहाल इसकी शुरुआती कीमत करीब 9.5 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) होने का अनुमान है।
कंपनी इस एसयूवी को वेन्यू और क्रेटा के बीच पोजिशन करेगी। ऐसे में इसकी कीमत और वैरिएंट के हिसाब से मिलने वाले फीचर्स ग्राहकों के लिए खास हो सकते हैं।
इंजन और गियरबॉक्स की जानकारी
- लीक जानकारी के अनुसार, ह्यूंदै बेयॉन में 1.5-लीटर, चार-सिलेंडर एमपीआई यानी मल्टी-पॉइंट फ्यूल इंजेक्शन पेट्रोल इंजन दिया जा सकता है। यह इंजन 115 PS की पावर और 143.8 Nm का टॉर्क जनरेट करेगा।
- इंजन के साथ दो ट्रांसमिशन विकल्प मिलने की जानकारी दी गई है। इनमें छह-स्पीड मैनुअल और iVT ऑटोमैटिक गियरबॉक्स शामिल हैं। वैरिएंट के हिसाब से ट्रांसमिशन का विकल्प अलग होगा।
- वहीं एचएक्स2, एचएक्स3 और एचएक्स3 प्लस में केवल मैनुअल गियरबॉक्स मिलने की संभावना है। वहीं, एचएक्स5, एचएक्स6 और एचएक्स8 को मैनुअल और iVT दोनों विकल्पों में पेश किया जा सकता है। iVT गियरबॉक्स वाले वैरिएंट में डैश बूस्ट मोड, पैडल शिफ्टर्स और इको, स्पोर्ट और नॉर्मल ड्राइव मोड मिलने की जानकारी भी सामने आई है।
कितनी बड़ी होगी ह्यूंदै बेयॉन?
फिलहाल सामने आई जानकारी के अनुसार, ह्यूंदै बेयॉन की लंबाई 4,245 मिमी, चौड़ाई 1,810 मिमी और रूफ रेल्स के साथ ऊंचाई 1,605 मिमी हो सकती है। इसका व्हीलबेस 2,600 मिमी और ग्राउंड क्लियरेंस 205 मिमी होने का अनुमान है। एसयूवी का टर्निंग रेडियस 5.16 मीटर और फ्यूल टैंक की क्षमता 43 लीटर बताई गई है। वहीं, इसमें 505 लीटर का बूट स्पेस मिल सकता है। हालांकि, इन सभी आंकड़ों की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।