अब स्मार्टफोन को कार से जोड़ने के लिए केबल की जरूरत नहीं रही। ब्लूटूथ तकनीक की मदद से आप कॉलिंग, म्यूजिक और वॉयस कमांड जैसे फीचर्स का आसानी से उपयोग कर सकते हैं। जानिए ब्लूटूथ पेयरिंग का आसान और सही तरीका।
आज के डिजिटल युग में आपकी कार और स्मार्टफोन के बीच बेहतर कनेक्टिविटी जरूरी हो गई है। इसी को ध्यान में रखते हुए, कारों में ब्लूटूथ तकनीक को लाया गया है। ब्लूटूथ के वजह से कार और मोबाइल को आपस में जोड़ना बेहद आसान बन गया है। इसके जरिए न सिर्फ कॉल रिसीव की जा सकती है बल्कि म्यूजिक और वॉयस कमांड जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध होती हैं और वो भी बिना किसी तार के झंझट के।
विज्ञापन
स्मार्टफोन को कार से कनेक्ट करने की प्रक्रिया
सबसे पहले अपने स्मार्टफोन की सेटिंग्स में जाकर ब्लूटूथ ऑन करें। इसके बाद कार के इंफोटेनमेंट सिस्टम पर जाएं और ब्लूटूथ विकल्प को खोलें। वहां पर 'Add Device' या 'Pair New Device' का चयन करें।
कुछ कारों में ब्लूटूथ को पेयरिंग मोड में लाने के लिए एक बटन को कुछ सेकंड तक दबाना पड़ता है। जब आपका फोन नजदीकी डिवाइस स्कैन करेगा, तो उसमें कार का नाम दिखाई देगा। उस पर टैप करें।
पेयरिंग के दौरान परमिशन और सिक्योरिटी
फोन और कार की स्क्रीन पर एक पिन कोड दिखाई दे सकता है, जिसे दोनों डिवाइस में मिलाकर पुष्टि करनी होगी। उसके बाद ‘Pair’ या ‘Connect’ का विकल्प चुनें। कई कारें फोनबुक, कॉल लॉग और मैसेज तक पहुंचने की अनुमति मांग सकती हैं। इस पर आप ‘Allow’ कर सकते हैं।
जब एक बार पेयरिंग सफल हो जाए, तो अगली बार ब्लूटूथ ऑन करते ही फोन अपने आप कनेक्ट हो जाएगा। अब आप अपनी गाड़ी में आराम से म्यूजिक चला सकते हैं और हैंड्स-फ्री कॉलिंग का भी लुत्फ उठा सकते हैं।