बाजार में नए बीएस6 उत्सर्जन नियमों का पालन करने वाले मॉडल्स का प्रॉडक्शन शुरू हो चुका है। ऐसे में होंडा को अपने डीलर्स से बीएस 4 मॉडल्स वापस खरीदने पड़ रहे हैं। यही नहीं कंपनी ने बीएस4 एक्टिवा, सीबी शाइन और Dio मॉडल वापस मंगवाए हैं। इन्हें कंपनी बीएस 6 कंपैटिबल मॉडल्स से रिप्लेस करेगी। हालांकि लॉकडाउन की वजह से फिलहाल ऑटो कंपनियां बंद हैं।
बता दें कि टू-वीलर्स बनाने वाली कंपनियों के लिए बीएस4 कंपैटिबल व्हीकल बेचने की डेडलाइन 1 अप्रैल थी जिसे अब सुप्रीम कोर्ट की ओर से बढ़ दिया गया है। हालांकि बिक्री के लिए यह वक्त काफी नहीं है।
होंडा मोटरसाइकिल और स्कूटर्स कंपनी ने अपने बाकी बचे बीएस 4 मॉडल्स को अपने डीलर्स से वापस लेने का फैसला लिया है। कंपनी ने कहा है कि लॉकडाउन खत्म होते ही मौजूदा बीएस 4 टू व्हीलर्स मॉडल वापस खरीद लिए जाएंगे। कंपनी ने कहा कि दिल्ली और एनसीआर सर्कल में सुप्रीम कोर्ट की रजिस्ट्रेशन गाइडलाइन्स को देखते हुए लिस्ट रिव्यू भी की जाएगी।
होंडा कंपनी ने अपने ग्राहकों को दो महीने की एक्स्ट्रा फ्री सर्विस और वारंटी देने का भी फैसला किया है। यह सुविधा उन ग्राहकों को मिलेगी जिनकी सर्विस 15 मार्च से 15 अप्रैल के बीच होनी थी। एचएमएसआई की ओर से 1700 करोड़ रुपये का पेमेंट भी सभी सप्लायर्स और डीलर्स को किया गया है। ताकि मुश्किल वक्त में सारे स्टाफ को टाइम से पेमेंट मिल सके। वहीं कंपनी की सीएसआर आर्म होंडा इंडिया फाउंडेशन की ओर से भी कोविड-19 रिलीफ के लिए 11 करोड़ रुपये की मदद की गई है।