हाल के दिनों में कई वजहों से अनेक वाहन निर्माताओं के इलेक्ट्रिक स्कूटरों में आग लगने की कई खबरें आई हैं। ओला, प्योर ईवी, ओकिनावा और जितेंद्र ईवी जैसे विभिन्न ब्रांडों से जुड़े ईवी में आग लगने की ऐसी कई घटनाएं हुई हैं। इस लिस्ट में शामिल होने वाला नया नाम Hero Electric (हीरो इलेक्ट्रिक) है।
भारत का सबसे बड़ा इलेक्ट्रिक दोपहिया ब्रांड हीरो इलेक्ट्रिक अपने एक उत्पाद Photon EV (फोटॉन ईवी) के लिए चर्चा में है। Hero Photon EV के एक यूनिट में 25 मई को ओडिशा में आग लग गई थी।
खबरों के मुताबिक कथित तौर पर ईवी में तब आग लगी जब इसे चार्ज किया जा रहा था। इस घटना से स्कूटर का कुछ हिस्सा जल गया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसका कारण पावर सॉकेट में शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, जहां से इलेक्ट्रिक स्कूटर को रात भर चार्ज किया जा रहा था।
Hero Electric Photon
- फोटो : For Reference Only
कंपनी की सफाई
कंपनी ने एक बयान में कहा, "संपर्क करने पर, ग्राहक ने बताया कि उसने असामान्य कर्कश आवाजें सुनीं और पाया कि ई-स्कूटर के पास घर के इलेक्ट्रिक स्विचबोर्ड से धुंआ आ रहा था, और चिंगारी लगातार फर्श पर गिर रही थी और पास में पेंट की एक कैन पड़ी थी।"
बयान में आगे कहा गया, "जब तक वह मेन स्विच ऑफ करता और वापस लौटने की कोशिश करता और आग बुझाता, तब तक आग फैल गई और स्कूटर का पिछला हिस्सा और कुछ घरेलू सामान जल गया।"
कंपनी ने कथित तौर पर कहा कि उसकी तकनीकी टीम ने बाद में मौके का दौरा किया और स्कूटर के पिछले हिस्से का विश्लेषण किया जो जल गया था।
कंपनी का कहना है, "आग का सबसे संभावित कारण AC फेज और घर के तारों का एक दूसरे के संपर्क में आना, शॉर्ट सर्किट और फ्यूज की खराबी थी जो इस तरह के शॉर्ट सर्किट की स्थिति में कट जाना चाहिए था।"
बयान में कहा गया है, "हमने ग्राहक को जले हुए पुर्जों को लागत के आधार पर बदलने और सड़क पर चलने लायक बनाने में उसके नए स्कूटर का पूरी तरह से परीक्षण करने में मदद की पेशकश की है।" हीरो इलेक्ट्रिक भारत के सबसे बड़े इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर निर्माताओं में से एक है, जो ग्राहकों के एक बड़े वर्ग को इलेक्ट्रिक स्कूटर की बड़ी रेंज बेच रहा है।
ओला इलेक्ट्रिक S1 Pro स्कूटर में लगी आग (फाइल)
- फोटो : For Reference Only
अन्य ईवी दोपहिया वाहनों में आग
प्रचंड गर्मी का सामने कर हमारे देश में पिछले एक महीने में इलेक्ट्रिक स्कूटरों में आग लगने की कम से कम 20 घटनाएं हुई हैं। प्रभावित स्कूटर ओला इलेक्ट्रिक, प्योर ईवी, जितेंद्र ईवी टेक और ओकिनावा जैसी कंपनियों के हैं।