आपने ऑल व्हील ड्राइव (AWD) कारों के बारे में तो बहुत सुना होगा लेकिन क्या आपने कभी ऑल-व्हील ड्राइव बाइक के बारे में सुना है? ऑल-व्हील ड्राइव वो तकनीक होती है जिसमें सभी पहियों में बराबर ताकत पहुंचती है। आमतौर पर गाड़ियां 2-व्हील-ड्राइव (2WD) होती हैं जिससे उनके सिर्फ 2 पहियों में ताकत पहुंचती है। अगर कोई बाइक हो जिसे सिर्फ एक पहिए में ताकत मिलती हो, उसको ऑल-व्हील ड्राइव बना दिया जाए तो? फ्रांस की कंपनी फ्यूरियन मोटरसाइकिल्स ने इस सोच को सच कर दिखाया है। कंपनी ने लोकप्रिय यामाहा MT-07 को एक खास हाइब्रिड बाइक में बदल दिया है जिसका नाम उन्होंने M2 रखा है। इस बाइक की सबसे बड़ी खासियत इसका 2-व्हील-ड्राइव सिस्टम है। यानी इसमें आगे और पीछे दोनों पहियों को पावर मिलती है। यह सिस्टम पेट्रोल इंजन और इलेक्ट्रिक मोटर के साथ मिलकर काम करता है। इससे बाइक को ज्यादा ताकत, बेहतर कंट्रोल और मजबूत ग्रिप मिलती है। यह प्रोटोटाइप दिखाता है कि अब इलेक्ट्रिक और हाइब्रिड टेक्नोलॉजी सिर्फ कारों तक सीमित नहीं है।
फ्यूरियन मोटरसाइकिल्स नई और अलग टेक्नोलॉजी वाली बाइक्स बनाने के लिए जानी जाती है। इससे पहले कंपनी ने M1 नाम की रोटरी इंजन वाली हाइब्रिड बाइक और M3 नाम का तीन पहियों वाला मॉडल भी पेश किया था। M2 फिलहाल एक प्रोटोटाइप है यानी इसे अभी बिक्री के लिए नहीं लाया जाएगा। लेकिन यह बाइक कंपनी के आने वाले नए मॉडल F1 के लिए रास्ता तैयार कर रही है। फ्यूरियन F1 को लेकर कंपनी की योजनाएं कुछ इस प्रकार हैं:
पहली प्रोडक्शन बाइक: F1 कंपनी की पहली ऐसी बाइक हो सकती है जिसे आम लोगों के लिए लॉन्च किया जाएगा।
डुअल इलेक्ट्रिक मोटर: इसमें आगे और पीछे दोनों पहियों पर इलेक्ट्रिक मोटर दी जा सकती है।
300 किमी तक की रेंज: कंपनी का लक्ष्य है कि यह बाइक एक बार चार्ज करने पर लगभग 300 किलोमीटर तक चल सके।
लिमिटेड यूनिट्स: फ्यूरियन इसकी केवल 100 यूनिट्स ही बनाने की योजना बना रही है जिससे यह एक खास और लिमिटेड एडिशन बाइक होगी।
हालांकि इसकी कीमत और लॉन्च की तारीख अभी घोषित नहीं की गई है। लेकिन M2 प्रोटोटाइप से साफ है कि फ्यूरियन भविष्य में नई और एडवांस टेक्नोलॉजी वाली बाइक्स लाने की दिशा में तेजी से काम कर रही है।