भारत में कार खरीदते समय माइलेज (फ्यूल एफिशिएंसी) आज भी सबसे बड़ा फैक्टर है। खासकर रोज ऑफिस जाने वाले, शहर में ट्रैफिक झेलने वाले और हाईवे पर लंबी दूरी तय करने वाले यूजर्स के लिए ज्यादा माइलेज सीधे-सीधे कम रनिंग कॉस्ट का मतलब है। हैचबैक से लेकर हाइब्रिड एसयूवी और सेडान तक, बाजार में कुछ ऐसे मॉडल हैं जो पेट्रोल की खपत के मामले में सबसे आगे हैं। नीचे जानिए देश की टॉप सबसे ज्यादा माइलेज देने वाली कारों के बारे में। साथ ही समझिए किस सेगमेंट में कौन सा विकल्प बेहतर है।
मारुति सुजुकी विक्टोरिस
इस लिस्ट में सबसे ऊपर मारुति की नई हाइब्रिड एसयूवी विक्टोरिस है। इसका 1.5-लीटर स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड इंजन 28.65 किमी प्रति लीटर का अविश्वसनीय माइलेज देता है। इसकी खासियत है कि इसमें लेवल दो एडीएएस, 360-डिग्री कैमरा और वेंटिलेटेड सीट्स जैसे प्रीमियम फीचर्स मिलते हैं, जो इसे सुरक्षित और आरामदायक बनाते हैं।
ग्रैंड विटारा और हाइराइडर
मारुति और टोयोटा की जुगलबंदी से बनी ये दोनों एसयूवी 27.97 किमी प्रति लीटर का माइलेज देती हैं। परफॉर्मेंस की बात करें तो इनका स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड सिस्टम शहर के ट्रैफिक में ज्यादातर इलेक्ट्रिक मोड पर चलता है, जिससे पेट्रोल की भारी बचत होती है। इसमें AWD (ऑल व्हील ड्राइव) का विकल्प भी मिलता है।
होंडा सिटी ई
सेडान लवर्स के लिए होंडा सिटी हाइब्रिड एक बेहतरीन पैकेज है। ये 27.26 किमी प्रति लीटर का माइलेज देती है। इसकी टेक्नोलाॅजी कमाल की है। इसमें दो इलेक्ट्रिक मोटर्स का इस्तेमाल किया गया है, जो इसे 253 Nm का शानदार टॉर्क देती हैं। ये कार उन लोगों के लिए बेस्ट है जो माइलेज के साथ क्लासिक सेडान लुक चाहते हैं।
मारुति सेलेरियो
अगर आप छोटी और किफायती कार ढूंढ रहे हैं, तो सेलेरियो का 26 किमी प्रति लीटर का माइलेज आपको खुश कर देगा। एक्पर्ट्स इसे एक स्मार्ट चॉइस मानते हैं। एक लीटर के इंजन के साथ ये कार शहर की भीड़भाड़ वाली सड़कों के लिए सबसे आसान और सस्ता विकल्प है।
मारुति स्विफ्ट (जेड-सीरीज)
नई स्विफ्ट अपने नए 1.2-लीटर 3-सिलेंडर इंजन के साथ 25.75 किमी प्रति लीटर का माइलेज देती है। इसमें वायरलेस चार्जर और 9 इंच टचस्क्रीन जैसे मॉडर्न फीचर्स के साथ बेहतर सेफ्टी (6 एयरबैग्स) भी दी गई है।