फोर्ड इंडिया ने शुक्रवार को कहा कि वह अपने लोकप्रिय स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल (एसयूवी) इकोस्पोर्ट की 5,397 इकाइयों को वापस मंगा रही है। कंपनी का कहना है कि इनमें फ्रंट लोअर कंट्रोल आर्म तथा ड्राइवर एंड फ्रंट पैसेंजर सीट रिक्लाइनर लॉक्स में कुछ गड़बड़ी है, जिसे सुधारा जाएगा।
कंपनी ने बयान में बताया कि इन वाहनों का उत्पादन कंपनी के चेन्नई स्थित संयंत्र में मई 2017 तथा जून 2017 के बीच तथा नवंबर 2017 तथा दिसंबर 2017 के बीच किया गया था। इसके लिए कंपनी ने 1,018 ईकोस्पोर्ट के मालिकों को चिट्ठी लिखकर गाड़ियां वापस मंगवाने की बात कही है।
कंपनी ने कहा कि इन गाड़ियों के कुछ हिस्सों में तय मापदंड के मुताबिक काम नहीं हुआ है और इन कमियों को दूर करने के लिए ही कारों को वापस मंगाने का फैसला लिया गया है। कंपनी ने आगे कहा कि वह अपने ग्राहकों को विश्व स्तरीय गुणवत्तायुक्त वाहन उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है।
बता दें कि पिछले साल नवंबर में फोर्ड इंडिया ने अपनी ईकोस्पोर्ट में बाजार में पेश किया था। कार में 1.0 ईकोबूस्ट इंजन है और यह भारत में सबसे ज्यादा बिकने वाली तीसरी एसयूवी है। इसी साल मई में इसकी 5,003 यूनिट बिक्री थीं।