Flying Car Video: पूरी दुनिया में करोड़ों लोग कार चलाते हैं। कई लोगों के घरों में को व्यक्ति के हिसाब से कारें होती हैं। कार चलाने में तो बहुत मजा आता है, लेकिन जब वही कार ट्रैफिक में फंस जाए तो ड्राइविंग का सारा मजा किरकिरा हो जाता है। तब लोग मन में सोचते हैं कि काश कोई ऐसी गाड़ी होती जो ट्रैफिक के बीच से उन्हें उड़ाकर ले जाती। अब यह बात बिल्कुल सच हो गई है।
हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो काफी तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक कार को आसमान में किसी हवाई जहाज की तरह उड़ता हुआ दिखाया गया है। दावा है कि ये कार ट्रैफिक के बीच से उड़ाकर ले जाया जा सकता है। इस कार का नाम एलेफ मॉडल जीरो है।
कार को मिली शानदार बुकिंग
अमेरिकी कंपनी एलेफ एयरोनॉटिक्स (Alef Aeronautics) की इस इलेक्ट्रिक कार में इनोवेटिव प्रोपल्शन सिस्टम का इस्तेमाल किया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स की माने तो, इस कार को 3,000 यूनिट से अधिक प्री बुकिंग ऑर्डर मिल चुके हैं। इस वीडियो में एक काले रंग की कार अपने सामने खड़ी एक कार को पार करने के लिए हवा में उपर उठती है और उड़ने लगती है। थोड़ी देर उड़कर यह कार वापस जमीन पर आ जाती है। इस वीडियो को शूट करने का मकसद यह दिखाना था कि यह फ्लाइंग कार कैसे आपको ट्रैफिक जाम से निकाल सकती है।
कंपनी के सीईओ का बयान
एलेफ़ एयरोनॉटिक्स का दावा है कि उसने पहली बार कैमरे पर अपनी कार का सफल परीक्षण किया है। एलेफ़ के सीईओ जिम दुखोवनी ने इस एक्सपीरिएंस की तुलना राइट ब्रदर्स की पहली उड़ान से की है। उन्होंने इसे "प्रौद्योगिकी का प्रमाण" बताया। इस कार में ड्रोन की तरह इलेक्ट्रिक प्रोपेलर का इस्तेमाल किया गया है। कार का वजन हल्का रखा गया है ताकि इसे उड़ान भरने में आसानी हो। हालांकि इस कार की हाई स्पीड केवल 25 मील प्रति घंटा मापी गई है।