ऑटो एक्सपो 2025 में केवल गाड़ियां ही नहीं, बल्कि गाड़ियों में लगने वाले उपकरणों को बनाने वाली कंपनियों ने भी प्रदर्शनी लगाई। इनमें इलेक्ट्रिक गाड़ियों के लिए बैटरी बनाने वाली कंपनियां भी शामिल रहीं। ऐसी ही एक कंपनी क्लिन इलेक्ट्रिक (Clean Electric) ने अपनी फायर प्रूफ बैटरी पेश की। इस बैटरी की क्या खासियत है आइए विस्तार से जानते हैं।
15 मिनट में होगी फुल चार्ज
क्लिन इलेक्ट्रिक ने माच (Mach) रेंज की बैटरी पेश की जिसे इलेक्ट्रिक थ्री व्हीलर और टू व्हीलर के लिए तैयार किया गया है। इस बैटरी की सबसे खास बात इसकी फास्ट चार्जिंग स्पीड है जिससे यह केवल 15 मिनट के भीतर फुल चार्ज हो जाती है। कंपनी ने बताया कि यह बैटरी इमर्शन लिक्विड कूलिंग टेक्वनोलॉजी पर आधारित है जो इसे ठंडा रखने में मदद तो करता है और ओवर हीट होने से भी बचाता है।
पूरी तरह से है फायर प्रूफ
क्लिन इलेक्ट्रिक की माच रेंज की लिथियम बैटरी के लिए चार पेटेंट हासिल किए हैं। कंपनी ने बताया कि इस बैटरी का फायर पॉइंट काफी उपर है जो इसे आग से बचाता है। आमतौर पर भारत में गर्मियों में तापमान 50 डिग्री तक पहुंच जाता है, जो साधारण बैटरियों के लिए खतरनाक हो सकता है, लेकिन क्लिन इलेक्ट्रिक की बैटरी 300 डिग्री का तापमान भी झेल सकती है। कंपनी का दावा है कि इसमें आग लगने की संभावना न के बराबर है। इस बैटरी को फायर प्रूफ टेक्नोलॉजी के लिए टेस्टिंग एजेंसी ARAI से भी सर्टिफिकेट मिल चुका है।