इटली की मशहूर और दुनिया भर में अपनी रफ्तार के लिए पहचानी जाने वाली लग्जरी स्पोर्ट्स कार फेरारी (Ferrari) ने हाल ही में अपनी पहली ऑल-इलेक्ट्रिक कार लूस को बाजार में उतारा है। इस ईवी को लेकर ग्लोबल मार्केट में ग्राहकों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। कंपनी का कहना है कि साल 2027 तक के लिए इस इलेक्ट्रिक सुपरकार की सभी यूनिट्स बुक हो चुकी हैं।
इलेक्ट्रिक तकनीक के साथ मिलेगी फेरारी वाली रफ्तार और लग्जरी
कंपनी ने लूस को अपनी स्पोर्ट्स कारों की पहचान को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसमें रफ्तार और लग्जरी के अनुभव को इलेक्ट्रिक तकनीक के साथ जोड़ने पर जोर दिया गया है। यानी कंपनी अपनी पहचान और प्रीमियम कारों के अनुभव को बरकरार रखते हुए इलेक्ट्रिक सेगमेंट में कदम बढ़ा रही है।
कब शुरू होगी डिलीवरी?
फेरारी की पहली इलेक्ट्रिक कार को लेकर कार लवर्स में काफी क्रेज देखा जा रहा है। शायद यही वजह है कि कंपनी के 2027 के सभी यूनिट्स की बुकिंग हो चुकी है। कंपनी का कहना है कि फेरारी लूस की पहली डिलीवरी इस साल के अंत तक शुरू हो जाएगी।
फेरारी की पहली 100 फीसदी ईवी कार।
- फोटो : अमर उजाला
कितनी ताकतवर है यह कार
फेरारी ल्यूस के दिल में एक अत्याधुनिक बोर्न-इलेक्ट्रिक स्केटबोर्ड प्लेटफॉर्म है, जो इसे प्रदर्शन के मामले में एक नई ऊंचाई पर ले जाता है। इसमें हर पहिए पर एक स्वतंत्र इलेक्ट्रिक मोटर लगी है, यानी कुल चार मोटर्स मिलकर इसे जबरदस्त ताकत देती हैं। यह पावरहाउस कुल 1050hp की पावर और 990Nm का टॉर्क जेनरेट करने में सक्षम है, जो इसे एक असली स्पीड मशीन बनाता है। मजेदार बात यह है कि यह कार एक फुल चार्ज में करीब 550 किलोमीटर तक की दूरी तय कर लेती है।
ड्राइविंग के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए इसमें तीन मुख्य मोड दिए गए हैं। रोजमर्रा की लंबी दूरी के लिए रेंज मोड (430hp), आरामदेह सफर के लिए टूर मोड (617hp) और जब आपको पूरी ताकत का अनुभव करना हो तो परफॉर्मेंस मोड (986hp)। हालांकि, जब आप इसके लॉन्च कंट्रोल को एक्टिवेट करते हैं तो यह कार अपनी पूरी 1050hp की ताकत के साथ सड़क पर उतरती है। इसका नतीजा यह है कि लूचे केवल 2.5 सेकंड में 0 से 100 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ लेती है और इसकी टॉप-स्पीड 310 किमी/घंटा तक जाती है।