भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों का बाजार लगातार बड़ा हो रहा है। खास कर दोपहिया इलेक्ट्रिक वाहन सेगमेंट में खरीदारों की खासी दिलचस्पी बढ़ी है। बढ़ती मांग को देखते हुए कई वाहन निर्माता कंपनियां अपने नए-नए मॉडल लॉन्च कर रहीं हैं। भारतीय इलेक्ट्रिक व्हीकल सेगमेंट में एक नई इलेक्ट्रिक बाइक लॉन्च की गई है। पुणे की इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता कंपनी Evtric Motors (ईवीट्रिक मोटर्स) ने बुधवार को अपनी पहली इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल Evtric Rise (ईवीट्रिक राइज) लॉन्च की है।
कितनी है कीमत
Evtric Rise एक हाई-स्पीड मोटरसाइकिल है, जो एक खूबसूरत स्टाइल और हाई-एंड टेक्नोलॉजी के साथ आती है। EVTRIC Motors की टीम ने इस उत्पाद को सीकर, राजस्थान में अपने डीलर्स मीट के दौरान 1,59,990 रुपये की (एक्स-शोरूम इंडिया) की कीमत पर लॉन्च किया। पूरे राजस्थान के डीलर भागीदारों ने बैठक में भाग लिया और ब्रांड द्वारा नए उत्पाद के लॉन्च को देखा। ईवीट्रिक ब्रांड, इलेक्ट्रिक वाहन सेगमेंट में 'मेक इन इंडिया' के दृष्टिकोण को बढ़ावा देता रहा है।
Mr. Sandeep Prajapat (Director) Mr. Manoj Patil (Founder & MD), EVTRIC Motors
- फोटो : EVTRIC Motors
बैटरी, स्पीड और रेंज
Evtric Rise इलेक्ट्रिक बाइक में 3.0 KWH लिथियम-आयन डिटेचेबल बैटरी मिलती है। इसकी बैटरी 4 घंटे के भीतर फुल चार्ज हो जाती है। बाइक यूजर्स के लिए 10amp माइक्रो चार्जर से बैटरी चार्ज करना सुविधाजनक और सुरक्षित है जिसमें ऑटो कट की सुविधा है। इसकी बैटरी को एक बार फुल चार्ज करने पर यह 110 किलोमीटर की ड्राइविंग रेंज देती है। Evtric Rise बाइक की टॉप स्पीड 70 किमी प्रति घंटा है।
Evtric Rise में शार्प कट्स के साथ, स्पोर्टी लुक मिलता है। इसमें डे रनिंग लाइट फंक्शन के साथ एलईडी लगा हुआ है। इसके खास रियर विंकर्स यूजर्स को लेटेस्ट फीचर्स मुहैया कराते हैं। राइज में 2000 वाट का बीएलडीसी मोटर है जो 70v/40ah लिथियम-आयन बैटरी के साथ पेयर्ड है। यह नई बाइक आकर्षक लाल और काले रंगों में उपलब्ध है जो रोजाना इस्तेमाल के लिए शानदार है।
Evtric Motors unveils high-speed electric two-wheelers in EV India Expo 2021
- फोटो : EVTRIC Motors
ब्रांड की पहली मोटरसाइकिल के लॉन्च पर ईवीट्रिक मोटर्स के संस्थापक और प्रबंध निदेशक, मनोज पाटिल ने कहा, "हम अपने लेटेस्ट क्रिएशन और अपनी पहली 'मेक इन इंडिया' इलेक्ट्रिक बाइक 'राइज' को लाकर बेहद उत्साहित हैं। यह बाइक ICE से ईवी पर स्विच करने में हिचक रहे ग्राहकों के लिए वास्तविक गुणवत्ता अनुभव को परिभाषित करेगी। हमारा मानना है कि भारतीय वाहन निर्माताओं की यह जिम्मेदारी है कि वे शानदार ई-मोबिलिटी मिशन में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान दें और बाजार को आगे बढ़ाने एवं प्रदूषण-मुक्त भविष्य के निर्माण में हाथ बंटाएं। ऑटोमेशन में अपने वर्षों के अनुभव के साथ, हम अपना काम करने के लिए अच्छी तरह से सुसज्जित हैं। और नया ईवीट्रिक राइज उसी दिशा में एक और उपलब्धि है।"
EVTRIC Motors Dearlership Pune
- फोटो : EVTRIC Motors
यह ब्रांड भारतीय उपयोगकर्ताओं को अच्छी गुणवत्ता वाले इलेक्ट्रिक वाहनों की पेशकश करने के लिए एक के बाद एक मेक-इन-इंडिया उत्पादों को लॉन्च कर रहा है क्योंकि वे अब पेट्रोल की जगह इलेक्ट्रिक वाहनों के इस्तेमाल की जरूरत का अनुभव करने लगे हैं। इस समय, ब्रांड की 3 इलेक्ट्रिक स्कूटर - EVRIC AXIS (ईवीट्रिक एक्सिस), EVTRIC RIDE (ईवीट्रिक राइड) और EVTRIC MIGHTY (ईवीट्रिक माइटी) सड़कों पर चल रही हैं। साथ कंपनी की भारत के 22 राज्यों में 125 टचप्वाइंट हैं।