इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) की संख्या तेजी से बढ़ रही है, लेकिन बहुत से लोग अभी भी उन्हें पेट्रोल या डीजल कार की तरह ही धोते हैं, जो कई बार नुकसानदेह साबित हो सकता है। ईवी में बैटरी, हाई-वोल्टेज वायरिंग और इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम ज्यादा होते हैं, इसलिए उसकी सफाई करते समय कुछ अलग सावधानियां जरूरी होती हैं। कार एक्सपर्ट्स के अनुसार ईवी धोते समय पांच ऐसी जगहें हैं जहां पानी या जेट स्प्रे से बचना बेहद जरूरी है।
चार्जिंग पोर्ट पर न मारें तेज पानी
ईवी का चार्जिंग पोर्ट देखने में सामान्य फ्यूल कैप जैसा लगता है, लेकिन इसमें कई संवेदनशील इलेक्ट्रिकल कनेक्शन होते हैं। अगर पाइप या हाई-प्रेशर जेट से पानी इसके अंदर चला जाए तो इलेक्ट्रिकल फॉल्ट या शॉर्ट सर्किट का खतरा हो सकता है। इसलिए इस हिस्से को साफ करते समय सूखे कपड़े या हल्के गीले कपड़े का इस्तेमाल करें। तेज पानी का प्रेशर तो बिल्कुल भी न डालें।
ये भी पढ़े: Car Features: मोबाइल नेटवर्क न होने पर भी कार से कर सकेंगे कॉल, जानें क्या है यह नई तकनीक
गाड़ी के नीचे हाई-प्रेशर वॉश से बचें
पेट्रोल-डीजल कारों में नीचे से जेट स्प्रे से धुलाई आम बात है, लेकिन ईवी में ऐसा करना ठीक नहीं माना जाता। अधिकतर इलेक्ट्रिक कारों में मुख्य बैटरी पैक और इलेक्ट्रिकल सिस्टम नीचे की तरफ फिट होते हैं। हालांकि इन्हें मजबूत कवर से सुरक्षित रखा जाता है, फिर भी बहुत तेज प्रेशर वाला पानी जोखिम पैदा कर सकता है। इसलिए बेहतर होगा कि नीचे का हिस्सा कम प्रेशर वाले पानी या कपड़े से साफ किया जाए।
इंटीरियर में पानी की फुहार से बचें
कार धोते समय कई बार गेट के किनारों या दरवाजों पर तेज पानी मारा जाता है, जिससे पानी की बूंदें अंदर तक पहुंच जाती हैं। ईवी में कई इलेक्ट्रॉनिक सेंसर और वायरिंग अंदर भी होती हैं, इसलिए दरवाजों के किनारों पर हाई-प्रेशर स्प्रे से बचें। डोर मैट पहले बाहर निकालकर अलग धोएं और गीली मैट को सूखाकर ही वापस रखें।
एयर वेंट और कूलिंग एरिया में सावधानी
इलेक्ट्रिक कारों में बैटरी के तापमान को नियंत्रित रखने के लिए कई कूलिंग सिस्टम और एयर वेंट दिए जाते हैं। कार के सामने वाले हिस्से और टायर के ऊपर के हिस्से में बहुत तेज पानी मारना सही नहीं है। पाइप को अंदर डालकर सफाई करना भी जोखिम भरा हो सकता है।
ये भी पढ़े: Ola Electric: ओला इलेक्ट्रिक दोपहिया चैंपियंस एडिशन लॉन्च, टी20 वर्ल्ड कप जीत का जश्न मनाया
मोटर वाले हिस्से पर जेट स्प्रे न करें
ईवी में पारंपरिक इंजन नहीं होता बल्कि इलेक्ट्रिक मोटर होती है, जो आमतौर पर आगे के हिस्से में लगी होती है। इस हिस्से को अच्छी तरह कवर किया जाता है, लेकिन फिर भी यहां हाई-प्रेशर पानी डालना सही नहीं है। कार धोने के बाद बोनट खोलकर बस सूखे कपड़े से हल्की सफाई करना बेहतर तरीका माना जाता है।
कार वॉश मोड क्या है?
कुछ आधुनिक इलेक्ट्रिक कारों में खास कार वॉस मोड दिया जाता है, जो वॉशिंग के दौरान कुछ इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम को सुरक्षित मोड में डाल देता है। जैसे टेस्ला की कई कारों में ये फीचर आपको मिलता है, जिससे सफाई के दौरान सेंसर और चार्जिंग सिस्टम सुरक्षित रहते हैं।
ईवी की सफाई कहां करवाना बेहतर?
एक्सपर्ट्स कहते हैं कि इलेक्ट्रिक कार की सफाई अधिकृत सर्विस सेंटर, प्रशिक्षित कार केयर एजेंसी या ईवी -फ्रेंडली वॉश स्टेशन पर करवाना ज्यादा सुरक्षित माना जाता है।