सार
Ants in Car E20 Fuel Tank Viral Video Claim: सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में दावा किया जा रहा है कि E20 (इथेनॉल मिश्रित) पेट्रोल की वजह से कार के फ्यूल टैंक पर चींटियां जमा हो रही हैं। अब भारत पेट्रोलियम (BPCL) ने इस दावे पर स्थिति को साफ किया है। इन दावों में कितनी सच्चाई है, आइए जानते हैं इस लेख के माध्यम से।
E20 पेट्रोल फ्यूल टैंक पर चींटियां
- फोटो : एआई
आजकल सोशल मीडिया पर ऑटोमोबाइल से जुड़ा एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने कार मालिकों की चिंता बढ़ा दी है। इस वीडियो में कार के फ्यूल टैंक के ढक्कन के आसपास हजारों चींटियों का झुंड दिखाई दे रहा है। वीडियो शेयर करने वाले दावा कर रहे हैं कि E20 पेट्रोल (इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल) में मौजूद मिठास के कारण ये चींटियां कार की तरफ खिंची चली आ रही हैं।
इस दावे के बाद पेट्रोल और कार की सेफ्टी को लेकर लोगों में बहस छिड़ गई। लेकिन क्या सच में इथेनॉल वाले पेट्रोल से चींटियां आती हैं? अब भारत पेट्रोलियम (BPCL) ने खुद सामने आकर इस पूरी घटना का सच बताया है।
वायरल वीडियो में क्या दिखाया गया है?
सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर शेयर किए जा रहे इस वीडियो में एक शख्स अपनी कार का फ्यूल लिड खोलता है। अंदर फ्यूल कैप के चारों ओर चींटियों का भारी जमावड़ा दिखता है।
वीडियो बनाने वाले ने चालाकी से पूरी कार दिखाने के बजाय सिर्फ फ्यूल लिड पर लगे E20 स्टिकर पर फोकस किया है। इसे इस तरह से पेश किया गया ताकि लोगों को लगे कि पेट्रोल में मिलाए गए इथेनॉल की वजह से ही चींटियां वहां आ गई हैं। इस दावे को सच मानकर लोग इसे जमकर शेयर करने लगे।
भारत पेट्रोलियम ने बताई सच्चाई
जैसे ही यह अफवाह तेजी से फैली, भारत पेट्रोलियम (BPCL) ने X पर एक आधिकारिक पोस्ट करके ग्राहकों को बड़ी राहत दी। कंपनी ने साफ किया कि E20 पेट्रोल और चींटियों के बीच कोई संबंध नहीं है और यह वीडियो पूरी तरह से भ्रामक है।
BPCL ने इसके पीछे के वैज्ञानिक कारण भी समझाए
- इसमें कोई मिठास नहीं होती: पेट्रोल में मिलाया जाने वाला इथेनॉल फर्मेंटेशन और डिस्टिलेशन की लंबी प्रक्रिया से गुजरकर बनता है। इस प्रोसेस के बाद इसमें मिठास का एक भी कण नहीं बचता।
- कीड़ों को भगाने वाले केमिकल: फ्यूल वाले इथेनॉल में जानबूझकर ऐसे खास केमिकल मिलाए जाते हैं, जो चींटियों और अन्य कीट-पतंगों को दूर रखने का काम करते हैं।
- पेट्रोल की तेज महक: जब इथेनॉल को पेट्रोल में मिक्स कर दिया जाता है, तो उसमें सिर्फ पेट्रोल की ही तेज गंध आती है। इथेनॉल की गंध को महसूस करना लगभग नामुमकिन हो जाता है।
- कम वेपर: नॉर्मल पेट्रोल के मुकाबले E20 पेट्रोल में फ्यूल वेपर भी कम बनते हैं, इसलिए ऐसा कुछ भी नहीं है जो चींटियों को अपनी तरफ खींचे।
क्या वीडियो फेक है?
भारत पेट्रोलियम ने यह तो साफ कर दिया कि यह दावा पूरी तरह से झूठा और वैज्ञानिक आधार के बिना है। हालांकि, कंपनी ने यह पुष्टि नहीं की है कि यह वीडियो असली है या फिर इसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की मदद से बनाया गया है।
अगर आप भी अपनी कार में E20 पेट्रोल डलवाते हैं, तो आपको घबराने की बिल्कुल जरूरत नहीं है। इथेनॉल वाले पेट्रोल से आपकी गाड़ी में चींटियां नहीं लगेंगी। सोशल मीडिया पर बिना सोचे-समझे वायरल हो रही ऐसी अफवाहों से बचें।