इटली की दो दिग्गज कंपनियों- डुकाटी और लेम्बोर्गिनी की शानदार साझेदारी से बनी सुपरबाइक Panigale V4 Lamborghini भारत में लॉन्च हो गई है। इस शानदार बाइक की पहली यूनिट मुंबई में डिलीवर भी कर दी गई है। आपको बता दें कि दुनियाभर में इस लिमिटेड एडिशन बाइक की सभी यूनिट्स पहले ही बुक हो चुकी हैं।
यह डुकाटी और लेम्बोर्गिनी के बीच तीसरी बड़ी साझेदारी है। इससे पहले ये दोनों कंपनियां मिलकर Ducati Streetfighter V4 और Diavel 1260 Lamborghini जैसी शानदार बाइक्स बाजार में उतार चुकी हैं।
लेम्बोर्गिनी की सुपरकार 'रेव्यूल्टो' से प्रेरित डिजाइन
इस बाइक का लुक लेम्बोर्गिनी की मशहूर सुपरकार Revuelto से प्रेरित है, जहां डुकाटी की बेजोड़ इंजीनियरिंग और लेम्बोर्गिनी के एग्रेसिव डिजाइन का एक अनोखा संगम देखने को मिलता है। इसके खास बॉडीवर्क की बात करें तो इसमें फोर्ज्ड एल्युमिनियम व्हील्स के साथ नए डिजाइन वाले विंग्स और एक बेहद मस्कुलर टेल सेक्शन दिया गया है।
बाइक को प्रीमियम और हल्का बनाने के लिए इसमें लेम्बोर्गिनी स्टाइल की डिटेलिंग के साथ एक्सपोज्ड कार्बन फाइबर का काफी बारीकी से इस्तेमाल किया गया है। साथ ही, इसे और भी ज्यादा आकर्षक बनाने के लिए Verde Scandal, Grigio Telesto और Grigio Acheso जैसे खास रंगों के कॉम्बिनेशन से सजाया गया है, जो सड़क पर इसे एक अलग ही पहचान देते हैं।
इंजन और परफॉर्मेंस
जब बात रफ्तार और ताकत की आती है तो यह Panigale सीरीज की अब तक की सबसे हल्की और सबसे पावरफुल बाइक बनकर उभरी है। इसकी असली जान इसका दमदार Desmosedici Stradale V4 इंजन है, जो 13,500 rpm पर 218.5 bhp की जबरदस्त पावर और 11,250 rpm पर 122.1 Nm का टॉर्क पैदा करता है।
इस बाइक को ट्रैक पर सुपरफास्ट बनाने के लिए इसमें Akrapovic टाइटेनियम एग्जॉस्ट और कार्बन फाइबर कंपोनेंट्स का जमकर इस्तेमाल किया गया है। जिसकी वजह से इसका कुल वजन घटकर महज 185 किलोग्राम रह गया है। यही कारण है कि इसका 1.18 bhp/kg का शानदार पावर-टू-वेट रेशियो इसे दुनिया की सबसे तेज मोटरसाइकिलों की कतार में खड़ा करता है।
प्रीमियम हार्डवेयर और फीचर्स
इस सुपरबाइक की बेहिसाब रफ्तार को पूरी तरह कंट्रोल में रखने के लिए इसमें कई हाई-एंड और आधुनिक फीचर्स जोड़े गए हैं। बेहतरीन हैंडलिंग के लिए इसमें इलेक्ट्रॉनिक रूप से कंट्रोल होने वाला Ohlins Smart EC 3.0 सस्पेंशन और Ducati Electronic Suspension (DES) 3.0 सिस्टम दिया गया है, जो राइडिंग को बेहद स्मूथ और सुरक्षित बनाता है।
इसके अलावा, बाइक में रेसिंग के शौकीनों के लिए ड्राई क्लच सेटअप, एडजस्ट होने वाले फुटरेस्ट और एक खास रेसिंग विंडशील्ड दी गई है। साथ ही, बिलेट एल्युमिनियम पार्ट्स का इस्तेमाल इसके लुक और मजबूती को और ज्यादा प्रीमियम बना देता है।
क्या बनाता है इसे एक 'कलेक्टर एडिशन'?
इस बाइक की हर यूनिट को बेहद खास और दुर्लभ बनाने के लिए इसके ट्रिपल क्लैंप और चाबी (इग्निशन की) पर एक यूनिक सीरियल नंबर उकेरा गया है, जो इसकी विशिष्टता को दर्शाता है। एक 'कलेक्टर एडिशन' होने के नाते, इसके ग्राहकों को सिर्फ बाइक ही नहीं, बल्कि कई प्रीमियम चीजें भी मिलती हैं।
इनमें असलियत का प्रमाण देने वाला ऑथेंटिसिटी सर्टिफिकेट और एक कस्टमाइज्ड लकड़ी का सुरक्षित ट्रांसपोर्ट बॉक्स शामिल है। साथ ही, बाइक की देखभाल के लिए एक खास रियर स्टैंड और पर्सनलाइज्ड कवर दिया गया है। इतना ही नहीं, इसे ट्रैक के लिए तैयार करने के लिए कार्बन फाइबर ओपन क्लच कवर और बिलेट एल्युमिनियम रेसिंग फ्यूल कैप जैसी हाई-एंड रेसिंग एक्सेसरीज भी इस पैकेज को पूरा करती हैं।
लेम्बोर्गिनी कार मालिकों के लिए खास 'Speciale Clienti' एडिशन
डुकाटी ने यह भी बताया है कि इस बाइक का एक बेहद लिमिटेड एडिशन Panigale V4 Lamborghini Speciale Clienti भी लाया गया है। इसकी दुनियाभर में केवल 63 यूनिट्स ही बनेंगी। यह एडिशन सिर्फ उन लोगों के लिए है जिनके पास पहले से लेम्बोर्गिनी कार मौजूद है। ये लकी ओनर्स अपनी सुपरबाइक का रंग अपनी लेम्बोर्गिनी सुपरकार के रंग से हूबहू मैच करवा सकेंगे।