शुरुआत में सिर्फ इन 4 शहरों में मिलेगी बाइक
अगर आप इसे खरीदने का मन बना रहे हैं तो बता दें कि फिलहाल यह बाइक पूरे देश में बिक्री के लिए उपलब्ध नहीं है। शुरुआती दौर में डुकाटी ने इसे अपने चार चुनिंदा डीलरशिप्स तक ही सीमित रखा है। इनमें नई दिल्ली, बंगलूरू, चेन्नई और पुणे शामिल हैं।
दमदार इंजन जो खराब रास्तों पर नहीं मानेगा हार
नई डुकाटी Desmo450 MX में 449.6cc का सिंगल-सिलेंडर इंजन दिया गया है। इसमें कंपनी की खास 'डेस्मोड्रोमिक' तकनीक का इस्तेमाल हुआ है। आसान शब्दों में कहें तो ये तकनीक बाइक को कम और तेज दोनों ही स्पीड में शानदार पिकअप (टॉर्क) और पावर देती है। इससे पहाड़ों और कच्चे रास्तों पर बाइक आसानी से चढ़ जाती है।
स्मार्ट फीचर्स और हल्का वजन
इस बाइक के स्मार्ट फीचर्स और हल्के वजन की बात करें तो इसमें बेहतरीन राइडिंग कंट्रोल के लिए एडवांस ट्रैक्शन कंट्रोल सिस्टम दिया गया है। जब आप कीचड़ या मिट्टी भरे रास्तों पर बाइक दौड़ाते हैं और पिछला पहिया फिसलने लगता है तो यह सिस्टम तुरंत एक्टिव होकर उसे रोकता है। इससे राइडर का संतुलन और कंट्रोल हमेशा बना रहता है। इसके साथ ही, इस बाइक को एक बेहद हल्का एल्युमिनियम फ्रेम दिया गया है। इसका वजन कम होने की वजह से इसे कच्चे रास्तों पर आसानी से मोड़ा जा सकता है और मोटोक्रॉस राइडिंग के दौरान हवा में उछालना भी काफी आसान हो जाता है।
रेसिंग चैंपियन है यह बाइक
डुकाटी का कहना है कि इस बाइक को दुनिया की सबसे मुश्किल रेस 'MXGP वर्ल्ड चैंपियनशिप' में टेस्ट किया गया है। इसलिए यह प्रोफेशनल राइडर्स के साथ-साथ उन लोगों के लिए एकदम परफेक्ट है जो वीकेंड पर ऑफ-रोडिंग का मजा लेना चाहते हैं।
कंपनी का क्या कहना है?
डुकाटी इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर बिपुल चंद्रा ने कहा कि भारत में ऑफ-रोड और डर्ट बाइकिंग का क्रेज काफी तेजी से बढ़ रहा है। इसलिए कंपनी इस सेगमेंट में अपनी धाक जमाने के लिए यह बाइक लेकर आई है। उन्होंने यह भी बताया कि Desmo450 MX तो बस एक शुरुआत है, आने वाले समय में कंपनी ऐसी और भी कई ऑफ-रोड बाइक्स लॉन्च करेगी।